चंदौली। होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह व कस्बा इंचार्ज वीरेंद्र कुमार यादव ने भारी पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त किया। गश्त के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
सदर कोतवाल ने नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं से संवाद करते हुए अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली का त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि होली खुशियों और रंगों का पर्व है। इसे प्रेम और सद्भाव के साथ मनाना चाहिए। किसी भी प्रकार की जबरन रंग लगाने, हुड़दंग या विवाद की स्थिति उत्पन्न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान हुड़दंगियों और अराजकतत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं प्रमुख स्थानों पर नियमित गश्त भी जारी रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि होली के माहौल में खलल डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ संदेश फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

