39.3 C
Chandauli
Wednesday, April 1, 2026

Buy now

Home Blog Page 266

Chandauli:नगर से भारी मात्रा में गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार,बिहार से वाराणसी जा रहे थे तस्कर बीच रास्ते मे पुलिस ने दबोचा

चंदौली। पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार द्वारा अपराध एवं अपराधियो के विरूद्ध अंकुश लगाने व मादक पदार्थ की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे। अभियान में सदर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को इलिया मोड़ के समीप तीन गांजा तस्करों को धर दबोचा जिनके पास से 24 किलो बरामद किया गया। पुलिस ने तस्करों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में जेल भेज दिया।

दरअसल कस्बा इंचार्ज अमित कुमार मिश्रा पुलिस बल से साथ इलिया मोड़ के समीप चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार की तरफ से तीन गांजा तस्कर भारी मात्रा में गांजा लेकर इलिया मोड़ के समीप खड़े हैं। और सवारी वाहन से वाराणसी जाने वाले हैं। तभी कस्बा इंचार्ज अमित मिश्रा तीन युवकों को बंडल के साथ देख उनको धर दबोचा और उनकी तलासी ली तो उनके पास से 24 किलो 935 ग्राम गांजा बरामद किया। पूछताछ में गांजा तस्करों ने अपना नाम भरत सिंह निवासी ग्राम सुडकुड थाना अधौरा जिला भभुआ बिहार जय प्रकाश सिंह निवासी ग्राम हरभोग थाना अधौरा जिला भभुआ बिहार अनिरोध यादव निवासी ग्राम दिधार थाना अधौरा जिला भभुआ बिहार बताया जिन्हें गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में जेल भेज दिया गया। इस दौरान एसआई हरेन्द्र यादव, इन्द्रजीत यादव, विजय गौड़,मौजूद रहे।

School: शीतलहर को देखते हुए कक्षा-8 के स्कूलों में 17 तक अवकाश

सकलडीहा में कोहरे में सड़क के किनारे खड़े वाहनों का इंतजार करते स्कूल बच्चे।
सकलडीहा में कोहरे में सड़क के किनारे खड़े वाहनों का इंतजार करते स्कूल बच्चे।

चंदौली(Chandauli): जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान और शीतलहर की संभावना को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित कक्षा-1 से 8 तक के परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में को 16 व 17 जनवरी को अवकाश घोषित किया है। उक्त आदेश से अवगत कराते हुए बीएसए ने निर्देश दिया कि कक्षा-1 से 8 तक कक्षाओं में शिक्षण कार्य बंद रहेगा तथा छात्र-छात्राएं विद्यालय में उपस्थित नहीं होंगे। वहीं परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक व अन्य कर्मी विद्यालय में उपस्थित होकर प्रशासकीय कार्य एवं दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

विदित हो कि इन दिनों तक में भीषण ठंड पड़ रही है। ऐसे में बच्चों के सेहत को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने जनपद में संचालित कक्षा-1 से 8 तक के सभी विद्यालयों को 17 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश जारी किया है। इस दौरान यदि कोई भी विद्यालय संचालित होता हुआ पाया गया तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। हालांकि बीएसए ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मी उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही व गैरहाजिरी पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।

BJP Meeting: पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों को समय से पूरा करें भाजपा कार्यकर्ता

BJP Meeting को संबोधित करते क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल।
BJP Meeting को संबोधित करते क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल।

चंदौली(Chandauli): BJP की बैठक रविवार को जिला कार्यालय पर आयोजित हुई। क्षेत्रिय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल शामिल हुए और उन्होंने जिले के भाजपाइयों के साथ संगठनात्मक विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि इस समय पार्टी के विभिन्न अभियान चल रहे हैं। उन अभियानों को समय से पूरा करने की जरूरत है, ताकि आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में कोई कमी ना रहने पाए। पार्टी ने उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा की 80 सीटों को जितने लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे आप सभी के संयुक्त प्रयासों से पूरा किया जा सकता है। इसे देखते हुए हर कार्यकर्ताओं को अपने-अपने कार्यों को समय से पूरा करने की जरूरत है। कहा कि वोटर चेतना के साथ-साथ विकसित संकल्प भारत का जो कार्यक्रम चल रहा है उसे गांव गांव ले जाने की जरूरत है उसे योजना से सबको जोड़ने की जरूरत है जिससे 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का प्रधानमंत्री का सपना पूरा किया जा सके। कहा कि नमो ऐप को भी अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की जरूरत है।

अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए अब समय काम है इसलिए आप सभी लोग सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें। विकसित संकल्प भारत कार्यक्रम के जरिए आम जनता में जुड़ने का बहुत अच्छा मौका है। स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर नमो ऐप को अधिक से अधिक लोगों से जोड़ें। कार्यक्रम में सूर्य मुनि तिवारी, जितेंद्र पांडेय, शिवराज सिंह, ब्लाक प्रमुख संजय सिंह बबलू, अनिल तिवारी, हरिवंश उपाध्याय, जैनेंद्र कुमार, प्रदीप मौर्या, हृदय तिवारी, आशीष सिंह, अनुराग मौर्य, राजन सिंह, आलोक सिंह, अजय पांडेय, भानु सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Dhanapur: जनता से किए हुए वादों के प्रति गंभीरता दिखाएं जनप्रतिनिधि

Dhanapur में आयोजित धरने को संबोधित करते गोविंद उपाध्याय।
Dhanapur में आयोजित धरने को संबोधित करते गोविंद उपाध्याय।

धानापुर तहसील व नगवां-चोचकपुर पुल को धानापुर विकास मंच द्वारा आयोजित धरने पर वक्ताओं ने भरी हुंकार

धानापुर(Dhanapur): धानापुर विकास मंच द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को धानापुर को तहसील और नगवां चोचकपुर घाट पर पक्के पुल के निर्माण के लिए धरना प्रदर्शन किया गया। धरना के दौरान चौदह दिन का समय देते हुए धानापुर विकास मंच चेताया कि अगर कोई निर्णय नहीं लिया जाता तो धानापुर के विकास को लेकर अपनी मांगों को मजबूती रखने का काम किया जायेगा।

इस दौरान संयोजक गोविंद उपाध्याय ने कहा कि धानापुर क्षेत्र का विकास तभी संभव है जब नगवां-चोचकपुर घाट पर पक्का पुल और धानापुर में तहसील की स्थापना होगी। कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दोनों मांगों पर सिर्फ जनता को छलने का काम किया है। जबकि चुनावी दौरे के समय प्रदेश के मुख्यमंत्री ने धानापुर में जनसभा के दौरान भी वादा किया था। वक्ताओं ने एक एक कर अपने संबोधन में कहा कि धानापुर तहसील बनाए जाने के सारे मानकों को पूरा कर रहा है, बावजूद इसके जन प्रतिनिधियों के उपेक्षा के चलते वर्षों से यह मांग लंबित चली आ रही है। इसके आज तक पूरे किए जाने की मजबूत पहल जनप्रतिनिधियों के द्वारा नहीं की गई। जबकि स्थानीय जनता इस मुद्दे को लेकर काफी मुखर है और चाहती है कि धानापुर के विकास के साथ ही उसके विकास के लिए जनप्रतिनिधि प्रयास करें। लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए धानापुर सहित आस पास के गांव के लोगों को यह मंशा पूरी होती नही दिख रही है। चेताया कि चौदह दिन में अगर इन दोनों मुद्दों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आती है तो इस धरना आमजन के समर्थन ने बड़ा स्वरूप दिया जाएगा।

जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने कहा कि धानापुर को तहसील बनाए जाने की मांग जायज है। इसे लेकर चुनावों में जनप्रतिनिधियों जो गंभीरता और तत्परता दिखायी थी उसे कायम रखते हुए चोचकपुर-नगवां पक्का पुल निर्माण के साथ ही धानापुर को तहसील का दर्जा देकर पूरा करने की जरूरत है। जनता से किए हुए वादों को लेकर जनप्रतिनिधियों को गंभीरता दिखाई चाहिए। कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा चुनावी सभा में कही हुई बात पूरी नहीं हो पा रही है। ऐसे में जनता का सरकार से भरोसा उठना लाजिमी है। धरने में धानापुर विकास मंच के संयोजक गोविंद उपाध्याय, हरवंश सिंह, डा.नरेंद्र देव शर्मा, राजेश यादव, जय प्रकाश सिंह, मनोज उपाध्याय, शिवपूजन, शशि रस्तोगी, नईमुल खान, सत्यदेव यादव, अवधेश मिश्रा, नंद कुमार पांडेय, आशुतोष सिंह मिंटू‚ दीनानाथ श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।

विजय शंकर सिंह बाबिल ने पुण्यतिथि पर हेल्थ कैम्प लगाकर आमजन को पहुंचाई मदद

Young Writer : ग्राम पंचायत खिलची में जरूरतमंद वृद्ध को कंबल प्रदान करते छत्रबली सिंह व समाजसेवी विजय शंकर सिंह बाबिल
ग्राम पंचायत खिलची में जरूरतमंद वृद्ध को कंबल प्रदान करते छत्रबली सिंह व समाजसेवी विजय शंकर सिंह बाबिल।

500 जरूरतमंदों में बांटी कंबल, 400 का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, 300 को बांटा चश्मा

इलिया(Chandauli)। समाजसेवा का भाव यदि आपके मन में सृजित है तो इसके लिए किसी भी अवसर को विशेष और इसके अनुरूप बनाया जा सकता है। ग्राम पंचायत खिलची में पूर्व प्रधान व समाजसेवी विजय शंकर सिंह बाबिल के आवास पर रविवार को आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण भाव को देखने को मिला। उन्होंने अपने पिता की चौथी पुण्यतिथि को पिता के स्मृतियों के साथ-साथ समाज के जरूरतमंदों लोगों को समर्पित कर दिया। इस दौरान उन्होंने हेल्थ कैम्प लगाकर गांव व क्षेत्र के लोगों की चिकित्सा संबंधी जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया। साथ ही ठंड को देखते हुए उन्होंने 500 से अधिक जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किया।
विदित हो कि खिलची ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान विजय शंकर सिंह बाबिल समाजसेवा के प्रति अपने समर्पण के लिए जाने व पहचाने जाते हैं। रविवार को उनके पिता चन्द्रभूषण सिंह की चौथी पुण्यतिथि थी। इस अवसर पर अपने पिता को अभूतपूर्व श्रद्धांजलि देने और क्षेत्रीय जनता तक जरूरी स्वास्थ सेवाएं पहुंचाने के लिए निःशुल्क हेल्थ कैम्प व कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय चन्द्रभूषण सिंह को सर्वप्रथम श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पूर्व प्रधान के आवासीय प्रांगण में जमा हुए क्षेत्रीय जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया। साथ ही हेल्थ कैम्प में 400 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिलाया। इसके अतिरिक्त 300 गरीबों को चश्मा भी वितरित किया गया है। साथ ही इस पुनीय कार्य में कुंती फिजियोथिरैपी ने अपना सहयोग प्रदान करते हुए करीब 30 से अधिक लोगों की निःशुल्क थैरेपी की।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की ऐसे पावन अवसर पर सेवा करना सराहनीय पहल है। विजय शंकर सिंह बाबिल के इस प्रयास से समाज के प्रबुद्धजनों को प्रेरित होने की जरूरत है ताकि ऐसे अवसरों की पुण्यता के साथ-साथ समाज की सेवा जैसा पुनीत कार्य एक साथ फलीभूत हो सकेगा। पूर्व प्रधान विजय शंकर सिंह बाबिल ने कहा कि समाजसेवा मेरी प्राथमिकता रही है और आगे भी समाजसेवा को ही केन्द्र बिंदू मानकर अपने व्यक्तिगत जीवन को जीने का प्रयास करूंगा। बताया कि पिता जी के पुण्यतिथि को स्मृति विवेश बनाने के लिए एक छोटा प्रयास किया गया है। आगे भी ऐसे अवसरों को समाज को समर्पित करने की कोशिश रहेगी। इस अवसर पर श्यामजी सिंह, मुन्नू सिंह, बनारसी सिंह, कुलदीप सिंह, राम अवध सिंह, पवन प्रताप सिंह, चंद्रसूधेर सिंह, संतोष पाण्डेय, अन्नू सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।

Chandauli: मकर संक्रांति पर पतंगबाजी संग परम्पराओं का हुआ निर्वहन

Chandauli बाजार में पतंग की दुकान पर लगी खरीदारों की भीड़।
Chandauli बाजार में पतंग की दुकान पर लगी खरीदारों की भीड़।

त्यौहार के मद्देनजर बाजार में युवाओं व बच्चों ने जमकर की पतंगों की खरीद

चंदौली(Chandauli)। मकर संक्रांति पर्व को लेकर रविवार को बच्चों व युवाओं में पतंगबाजी को लेकर खासा उत्साह दिखा। वहीं बड़े-बुजुर्ग त्यौहार से जुड़ी परम्पराओं के निर्वहन में पूरे दिन व्यस्त नजर आए। मौसम खराब होने के कारण लोगों की दिनचर्या पर इसका सीधा प्रभाव देखने को मिला। सुबह 11 बजे तक चहुंओर कोहरा छाया रहा। साथ ही आसमान ने हल्की फुहारे गिरती रही। ऐसी स्थिति में लोग कड़ाके की ठंड से बचने के लिए घरों में कैद रहे, लेकिन जैसे ही कोहरा व धुंध छटा, छतों पर चहलपहल बढ़ी और युवाओं ने जमकर पतंगबाजी की।

मकर संक्रांति त्यौहार को लेकर रविवार को बाजार में पतंग की दुकानों पर भारी भीड़ नजर आयी। लोग त्यौहार के मद्देनजर जमकर खरीदारी करते नजर आए। पतंग की स्थायी दुकानों के साथ ही कई जगह अस्थायी दुकानें भी लगी रही। इस दौरान प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा की खुलेआम बिक्री हुई। पतंग थोक दुकानदारों से लेकर फुटकर दुकानदारों के यहां ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दुकानों पर विभिन्न डिजाइनों की पतंगें उपलब्ध रहीं। वही बच्चे पेंच लड़ाने के लिए बच्चे महंगा माझा खरीदते मिले। नगर में पतंग विक्रेताओं ने त्यौहार को देखते हुए बड़ी संख्या में पतंगे, मांझा व सद्दी का स्टॉक कर रखा था। दुकानों पर पतंग 10 से लेकर 100 रुपए तक बिकी। इसके अलावा पतंग उड़ाने के लिए धागा व स्पेशल मांझा अधिक पसंद किया गया। बच्चे अपने प्रतिद्वंदी की पतंग काटने को लेकर महंगे से महंगा मांझा खरीदते मिले। बच्चों के उत्साह में घरवाले भी सहयोग करते दिखे। दूसरी ओर लोगों ने मकर संक्रांति को लेकर पुरानी परम्पराओं का निर्वहन किया और स्नान-ध्यान के बाद गुड़ और तिल दान कर पुण्य के भागी बने।

Railway: ठंड व कोहरे में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों का हाल बेहाल

DDU Nagar के सर्कुलेटिंग एरिया में धूप में बैठक कर ट्रेनों का इंतजार करते यात्री।
DDU Nagar के सर्कुलेटिंग एरिया में धूप में बैठक कर ट्रेनों का इंतजार करते यात्री।

17 घंटे विलंब से चली सियालदह राजधानी एक्सप्रेस

डीडीयू नगर(DDU Nagar): शीतलहर, ठंड व कोहरे के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया है। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन कम और धीमी गति से चल रहे है। वहीं ट्रेनों के आने जाने का समय निश्चित नहीं रह गया है। ठंड और कोहरे के कारण ट्रेन कब आएगी और कब जाएगी इसका पता नहीं चल रहा है। ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही है। ट्रेनों की टाइमिंग बताने वाले ऐप भी ट्रेनों की टाइमिंग सही नहीं बता पा रहे हैं, जिससे यात्रियों की काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शनिवार को सियालदह राजधानी एक्सप्रेस 17 घंटे की देरी से रवाना हुई। एक तरफ रेल मंत्रालय ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने में जुटा है। दूसरी तरफ मौसम रेलवे को मात दे रही है। कोहरे के कारण एक दिसंबर से एक दर्जन से अधिक ट्रेनों को निरस्त किया गया और कई ट्रेनों के फेरों में कमी की गई। कोहरे में सुरक्षित ढंग से ट्रेनों को चलाने के लिए ट्रेनों के इंजनों में फॉग सेफ डिवाइस लगाई गई। बावजूद इसके ट्रेनों की लेटलतीफी पर ब्रेक नहीं लगी है। शनिवार की शाम चार बजे तक डाउन अजमेर सियालदह एक्सप्रेस 11 घंटे की देरी से रवाना हुई। इसी तरह नई दिल्ली राजेन्द्र नगर टर्मिनल तेजस राजधानी एक्सप्रेस सा़ढ़े 15 घंटे, संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस साढ़े चौदह घंटे, दून एक्सप्रेस एक घंटे, सियालदह राजधानी एक्सप्रेस सवा 17 घंटे लेट रही। वहीं हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस सा़ढ़े 17 घंटे, भगत की कोठी एक्सप्रेस सवा घंटे, भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस 18 घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस पौने 11 घंटे, चंबल एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, नंदन कानन एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, लोकमान्य रांची विकली एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, मगध एक्सप्रेस चौदह घंटे लेट रही।

इसी तरह नार्थईस्ट एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, कोटा पटना एक्सप्रेस आठ घंटे, गंगा सतलज डेढ़ घंटे, झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस पांच घंटे, आगरा कैंट कोलकाता एक्सप्रेस तीन घंटे, नेताजी एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, मुंबई मेल सवा घंटे, सीमांचल एक्सप्रेस पांच घंटे, फरक्का एक्सप्रेस नौ घंटे, महानंदा एक्सप्रेस चार घंटे, जोधपुर एक्सप्रेस सवा सात घंटे लेट रही। जबकि दुरंतो एक्सप्रेस आठ घंटे, एसएमवीटी बेंगलुरू दानापुर स्पेशल फेयर सोलह घंटे की देरी से चल रही थी। वहीं अप की ओर जाने वाली पुणे जसीडीह विकली एक्सप्रेस सवा दस घंटे, महाबोधि एक्सप्रेस डेढ़ घंटे लेट रही। इसी तरह आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस सवा घंटे, सिकंदराबाद दानापुर एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, अप ब्रह्मपुत्र मेल साढ़े 11 घंटे, पूर्वा एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, पुणे दानापुर एक घंटे की देरी से चली। जबकि भागलपुर आनंद विहार गरीबरथ एक्सप्रेस छह घंटे, राजेन्द्रनगर नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस साढ़े दस घंटे लेट रही। स्थानीय रेलवे स्टेशन के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में धूप में अपने शरीर को सेंकते रहे।

-Young Writer, Railway News

SP Chandauli की हिदायत‚ किसी भी धर्म के खिलाफ ना करें अनावश्यक टिप्पणी

SP Chandauli डा. अनिल कुमार।
SP Chandauli डा. अनिल कुमार।

चंदौली(Chandauli)। सूबे अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि उक्त तिथि को श्रीराम मंदिर उद्घाटन अवसर पर देश-विदेश के अतिथि, संतगण व लोग सम्मिलित हो रहे है, जिससे अयोध्या में भीड़ होने की संभावना है।
इसलिए सुरक्षा के दृष्टिगत SP Chandauli ने अपील किया कि राम मंदिर को लेकर देश भर में काफी हर्षाेल्लास है। इस उत्साह में किसी धर्म-सम्प्रदाय के विरूद्ध अनावश्यक टिप्पणी करने से बचे। एक छोटी सी गलती से माहौल खराब हो सकता है। आप सभी लोग अपने-अपने क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों पर 15 से 22 जनवरी तक स्वच्छता अभियान भी चलाएं। सभी धर्मों के अनुयायियों से अपील किया कि श्री राम मंदिर पर अनावश्यक बयानबाजी से बचे। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अभद्र व अनावश्यक कथन, गलत टिप्पणी पोस्ट न करें, जिससे कि किसी भी धर्म व सम्प्रदाय को ठेस पहुंचे। कहा कि अराजक तत्वों द्वारा उद्घाटन समारोह को लेकर अफवाह फैलाई जा सकती है। लोगों से यह अपील की जाती है कि मर्यादा का ख्याल रखें, ईश्वर के प्रति अपनी आस्था दिखायें। किसी प्रकार की कोई भ्रामक सूचना प्राप्त होने पर नजदीकी थाने, डॉयल-112, जनपद पुलिस को सूचित करें। एसपी ने चेताया कि भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध चन्दौली पुलिस द्वारा वैधानिक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।

अधूरे Ram Mandir का उद्घाटन करने की हड़बड़ी में है BJP: प्रभुनारायण

Young Writer Chandauli: सपा कार्यालय पर पार्टी की सदस्यता लेते नए सदस्यों के साथ पार्टी नेता।
Chandauli सपा कार्यालय पर पार्टी की सदस्यता लेते नए सदस्यों के साथ पार्टी नेता।

सुभाजपा व भाजपा छोड़कर डेढ़ दर्जन ने ली सपा की सदस्यता

चंदौली(Chandauli): आगामी लोकसभा चुनाव-2024 के मद्देनजर समाजवादी पार्टी अब सक्रिय होती दिख रही है। इसी कड़ी में सपा नेता अतहर जमाल लारी व सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव समेत सपा जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर की अगुवाई में डेढ़ दर्जन लोगों ने भाजपा व सुभासपा की प्राथमिकता सदस्यता को छोड़कर सपा का दामन थाम लिया। इसे लेकर सपा जिलाध्यक्ष सत्यनरायन राजभर ने कहा कि सपा अपने कुनबे को विस्तार देने के साथ ही उसे सशक्त बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। समाजवादी विचारधारा को विभिन्न वर्गों, जाति व संप्रदायों तक पहुंचाने के लिए एक-एक कार्यकर्ता कमर कसकर तैयार है।

इस दौरान सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि भाजपा व सुभासपा को छोड़कर आए नए साथियों के जुड़ने से समाजवादी कुनबा मजबूत होगा। लोकसभा-2024 का शंखनाद कभी भी हो सकता है। ऐसे में भाजपा जनहित के मुद्दों से जनता का ध्यान बांटने व अपने राजनीतिक लाभ के लिए हड़बड़ी में राम मंदिर का उद्घाटन करने जा रही है। कहा कि सनातन धर्म में अधूरे मंदिर के निर्माण का कोई प्रावधान नहीं है। बावजूद इसके भाजपा अपने स्वार्थ व राजनीतिक लाभ के लिए देश को चारों सर्वोच्च धर्मगुरु शंकराचार्यों को नाराज कर सनातन धर्म को ठेस पहुंचाकर राम मंदिर का उद्घान करने जा रहे हैं। कहा कि भाजपा इसका श्रेय अर्जित करके उसी आधार पर लोकसभा चुनाव लड़ने की योजना पर काम कर रही है। कहा कि आज बेरोजगारी चरम पर है, रोजगार खत्म हो चुके हैं। खाद की बोरियां 50 किलो से 40 किलो की हो गयी हैं। महंगाई तेजी से बढ़ रही है। भाजपा ने सत्ता के लिए देश में कायम भाईचारे को बिगाड़ने का प्रयास किया है।

सपा नेता अतहर जमाल लारी ने कहा कि प्रदेश में जातिवादी सरकार चल रही है। भाजपा सरकार में जाति व पार्टी विशेष के लोग अराजकता व अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं, लेकिन उनके घरों पर बुल्डोजर नहीं चल रहा है। योगी सरकार पिछड़ों, दलित व अल्पसंख्यकों के घरों पर बुल्डोजर चलाने का काम कर रही है, जिसे आज पूरा देश देख रहा है। कहा कि समाजवादी विचारधारा में आस्था रखने वाले तमाम लोगों ने आज अपनी खुशी से समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली है। लोकसभा चुनाव में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वोटर भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देने का काम करेंगे। इस अवसर पर वैश अहमद सिद्दीकी, कैफ जमाल, शहवाज अहमद, कातिल अहमद, रियाज अहमद, सहजादे, बेलाल अहमद, अम्मार रजा, सिब्बू, शादाब सिद्दीकी, शेरू सिंह, जोवद अहमद, रानू सिद्दीकी, अकरम रजा, चन्द्रमा राजभर, मनोज राजभर, इन्दू राजभर व रामजीत राजभर ने सपा की सदस्यता ली।

Dhanapur : डीवीएम को मिला व्यापार मंडल का समर्थन

Young Writer: Dhanapur में आयोजित धरने के समर्थन में जनसम्पर्क करते डीवीएम के लोग।
Dhanapur में आयोजित धरने के समर्थन में जनसम्पर्क करते डीवीएम के लोग।

धानापुर(Dhanapur): धानापुर में तहसील व नगवां चौचकपुर में पक्का पुल निर्माण को लेकर 14 जनवरी को धानापुर विकास मंच द्वारा धरना आयोजित की गई है। जिसको लेकर धानापुर विकास मंच का जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। शुक्रवार को क्षेत्र के डबरियां, अवही, महूजी, सिसौड़ा, महुरा, रनपुर और धानापुर बाजार में व्यापारियों से डीवीएम कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क किया। इस दौरान धानापुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकुंद रस्तोगी ने कहा कि डीवीएम को पूरे व्यापारियों का समर्थन है। 14 जनवरी को सभी दुकानें बंद कर धरने में सामिल होंगे। आगे मुकुंद रस्तोगी ने कहा कि राजनेताओं के कथनी और करनी से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में बहुत दुख है। वहीं सिसौड़ा के पूर्व प्रधान राजकिशोर सिंह ने कहा कि धानापुर की तहसील हमारे अस्तित्व का सवाल है। अपने ब्लॉक को तहसील मुख्यालय बनाना मतलब की हमारी सारी सुविधाएं एकत्र हो जाएंगी। इस अवसर पर डीवीएम संयोजक गोविंद उपाध्याय, बाबू हरवंश सिंह पुन्नू, राधेश्याम सिंह, रमाशंकर सिंह, वीरेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, चंचल पाल, महेंद्र सिंह, संकठा सिंह, मिथिलेश तिवारी, दीपक दुबे, विष्णु देव शर्मा, शशिकांत रस्तोगी, नित्यानंद रस्तोगी, गोलू रस्तोगी, डा.वामदेव पाण्डेय, ओमप्रकाश मौर्य आदि उपस्थित रहे।

Chandauli
broken clouds
39.3 ° C
39.3 °
39.3 °
14 %
5.3kmh
51 %
Wed
38 °
Thu
42 °
Fri
39 °
Sat
40 °
Sun
40 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights