चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में सोमवार को विरोध मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेताओं ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दलित उत्पीड़न के मुद्दे पर आक्रोश जताया गया।
विरोध मार्च में शामिल उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने आरोप लगाया कि दलित होने के कारण खड़गे का अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि दलित उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने इसे भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता करार देते हुए कहा कि कांग्रेस इस तरह की कार्रवाई का विरोध करती रहेगी। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि जब देश के वरिष्ठ दलित नेता खड़गे के प्रति ऐसी सोच सामने आ रही है तो गांव-गरीब के दलितों के साथ व्यवहार का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने ऐसी तानाशाही के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। विरोध मार्च में मधु राय, डॉ. नारायण मूर्ति ओझा, रामधार जोसफ, तरुण पांडेय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, गंगा प्रसाद, सतीश बिंद, डॉ. सुल्तान खान, मुनीर खान समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

