चंदौली। नौगढ़ विकासखंड के जय मोहनी रेंज अंतर्गत भैसोड़ा कंपार्टमेंट में वर्षों से खेती कर रहे गरीब एवं भूमिहीन किसानों के खिलाफ वन विभाग और पुलिस की कार्रवाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उक्त मामले के गुरुवार को सपा का एक प्रतिनिधिमंडल सांसद वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मिला और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा साथ ही मामले में तत्काल निष्पक्ष जांच कराने और किसानों को न्याय दिलाने की मांग की है।
इस दौरान सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि भरदुआ में आजादी के बाद से रह रहे परिवारों को हटाकर दूसरे लोगों को बसाने की मंशा सामने आ रही है। नौगढ़ क्षेत्र पहले नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित था। लेकिन मुलायम सिंह यादव के प्रयासों से वनवासियों को मुख्यधारा से जोड़कर क्षेत्र में शांति स्थापित हुई थी। भाजपा के लोग फिर से पुराने हालात पैदा करना चाहते हैं। रॉबर्ट्सगंज सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि नौगढ़ में जमीन के लिए दलितों गरीबो आदिवासियों को लाठी से मारा गया है। इस मामले में वन विभाग व पुलिस की कार्यवाही ठीक नही है। भाजपा सरकार चाहती हैं कि दलितों आदिवासियों को फिर से नक्सल बनाया जाए। इसलिए बड़े पैमाने पर नौगढ़ में दलितों आदिवासियों को मारा गया है। और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको जेल में डाला गया है। सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि भाजपा के कुछ लोगों द्वारा नौगढ़ में दलितों आदिवासियों व गरीबों को प्रताड़ित किया जा रहा है।वन विभाग व पुलिस द्वारा गरीबों आदिवासियों पर जो भी कार्यवाही किया गया है। उस पर रोक लगाया जाए नही इसकी लड़ाई समाजवादी पार्टी के लोग लड़ने का काम करेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, वीरेंद्र बिंद चंद्रशेखर यादव, अनिल मिश्रा, आदि मौजूद रहे।

