चंदौली धानापुर जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने सरकारी विभागों में लापरवाही और अनियमितता को लेकर जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गरीब, कमजोर और पीड़ित जनता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। अंजनी सिंह ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य, राशन, पेंशन, किसान सम्मान निधि, जमीन की पैमाइश, खतौनी संशोधन और अन्य सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार एवं अनियमितता की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
उन्होंने अधिकारियों से नेताओं के प्रभाव में काम करने के बजाय निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। उन्होंने खड़ान निवासी मुन्ना पासवान के परिवार का मामला उठाते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर मुन्ना पासवान उनकी पत्नी और दो बच्चों को राशन कार्ड में कथित तौर पर मृत घोषित कर दिया गया है। इसके कारण परिवार के सामने सरकारी राशन मिलने का संकट खड़ा हो गया है।अंजनी सिंह ने कहा कि जिंदा परिवार को मृत घोषित करना गंभीर लापरवाही है। और गरीब परिवार के साथ अन्याय है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर राशन कार्ड में परिवार के सभी सदस्यों के नाम दुरुस्त कराने और निर्बाध राशन उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ऐसे सभी पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए तहसील सकलडीहा का घेराव किया जाएगा।

