चंदौली। करवाचौथ पर्व को लेकर बाजारों में रौनक देखने को मिली। त्योहार की तैयारियों के लिए बाजारों में महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही। पूजा सामग्री की दुकानों से लेकर साड़ी और ज्वेलरी की दुकानों तक ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही। महिलाओं ने अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी की और पर्व को लेकर खासा उत्साह दिखाया।
करवाचौथ को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजारों में पूजा की थाली, करवा, छलनी, दीपक, मिठाई और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लगी रही। वहीं, साड़ी, सूट, चूड़ियों और आभूषणों की दुकानों पर भी अच्छी-खासी खरीदारी हुई। महिलाओं ने पर्व के लिए नए कपड़े और शृंगार का सामान खरीदा। करवाचौथ का व्रत सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए रखती हैं। परंपरा के अनुसार महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को विधि-विधान से पूजा करती हैं। इसके बाद चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य देती हैं और छलनी से पति का चेहरा देखकर व्रत खोलती हैं।गुरुवार को करवाचौथ के अवसर पर महिलाएं पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगी। चंद्रमा के निकलने का इंतजार करने के बाद महिलाएं चंद्र दर्शन कर पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। पर्व को लेकर घरों में भी तैयारियां जोरों पर हैं।

