चंदौली। शारदीय नवरात्र की महा नवमी पर जनपद में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर घर-घर बेटियों को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया। सुबह से ही घरों में पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करने के बाद लोगों ने कन्या पूजन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कन्या पूजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। घरों में छोटी-छोटी बच्चियों को आमंत्रित कर उनके पैर धोए गए और तिलक लगाकर विधिवत पूजा की गई। इसके बाद उन्हें भोजन कराया गया तथा दक्षिणा और उपहार भेंट किए गए। कई घरों में कन्याओं को चुनरी, कपड़े, मिठाई और अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया। महा नवमी पर कन्या पूजन के लिए लोगों का एक-दूसरे के घर आने-जाने का सिलसिला भी जारी रहा। कन्याओं को सम्मानपूर्वक अपने घर बुलाने और उनका पूजन करने के लिए परिवारों में विशेष तैयारी की गई थी। वहीं घरों में पूजा-पाठ और धार्मिक वातावरण के बीच छोटे बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। मान्यता है कि नवरात्र में कन्या पूजन करने से मां दुर्गा की कृपा प्राप्त होती है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने बेटियों को देवी का स्वरूप मानकर उनका सम्मान किया। कन्या पूजन के दौरान घरों में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

