चंदौली। महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना बलुआ परिसर में मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली और साहस का परिचय देने वाली बालिकाओं एवं छात्राओं को सम्मानित किया गया। क्षेत्राधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए टी-शर्ट, कैप और अन्य उपहार प्रदान कर पुरस्कृत किया। इस दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्हें आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 का उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के बाद मिशन शक्ति टीम ने थाना क्षेत्र के प्रमुख चौराहे पर यातायात व्यवस्था भी संभाली। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक जमालुद्दीन खान, महिला आरक्षी अनामिका, दिव्या सिंह और आकृति गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

