चंदौली। जनपद में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षा बंधन शुक्रवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रक्षा बंधन को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही। बहनों ने अपनी पसंद की राखियां खरीदीं और भाइयों की कलाई पर स्नेह के साथ राखी बांधी। राखी बांधने के बाद बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा कराया और उन्हें उपहार भी दिए। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति प्रेम और स्नेह जताया तथा उनका आशीर्वाद लिया। कई परिवारों में दूर-दराज से बहनें अपने मायके पहुंचीं, जिससे घरों में खुशी का माहौल रहा। सुबह से ही नए कपड़ों में सजे बच्चे और परिवार के सदस्य पर्व की तैयारियों में जुटे रहे। बहनों ने भाई की आरती उतारकर उनके सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और अपनत्व से जुड़ा यह पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

