चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के कंजेहरा गांव के समीप सैयदराजा-जमानिया मार्ग पर शुक्रवार को वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान चारी गांव निवासी रविंद्र गुप्ता (36 वर्ष) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि रविंद्र बाइक से सैयदराजा-जमानिया मार्ग होते हुए धुस्का गाजीपुर स्थित अपनी बहन के घर रक्षाबंधन पर राखी बंधवाने जा रहा था। इसी दौरान कंजेहरा गांव के समीप वह एक वाहन की चपेट में आ गया। और गंभीर रूप से घायल हो गया। रविंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। रक्षाबंधन के दिन भाई की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही बहन को जब हादसे की सूचना मिली तो वह सदमे में अचेत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी रिंकी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन सवार को मय वाहन कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुटी है। हादसे ने रक्षाबंधन की खुशियों को मातम में बदल दिया।

