चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के अरंगी गांव में शनिवार को नाले में एक किशोरी का शव उतराया मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतका की पहचान अरंगी गांव निवासी संजीवन गौतम की 16 वर्षीय पुत्री मंशा कुमारी के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार मंशा शुक्रवार को घर से शौच के लिए निकली थी लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। शनिवार को नाले में उसका शव उतराया मिला। किशोरी का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बताया गया कि मंशा तीन भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए। इस संबंध में कंदवा थाना प्रभारी विनोद अंचल ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोरी की मौत नाले में डूबने से होने की आशंका है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

