चंदौली। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर शुक्रवार को सदर कोतवाली पुलिस ने जिला मुख्यालय पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुख्यालय की सड़कों से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनकी जांच-पड़ताल की। वाहनों के आवश्यक कागजात और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। वहीं, जिन चारपहिया वाहनों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी, उन्हें रुकवाकर फिल्म हटवाई गई। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में खलबली मची रही।सड़क पर पुलिस की सक्रियता देखकर वाहन चालक सतर्क नजर आए। वहीं कुछ दोपहिया वाहन सवार रास्ता बदलकर निकलते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय जरूरी दस्तावेज साथ रखने के निर्देश दिए। कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की ओर से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अभियान के जरिए असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के साथ ही आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने का प्रयास किया जा रहा है।

