चंदौली। विधवा गरीब महिला से आपरेशन के नाम पर धन की मांग का मामला अब गर्म होता नजर आ रहा है। इस मामले को न केवल स्वास्थ्य महकमे ने गंभीरता से लिया, बल्कि जिला प्रशासन ने भी इसे गंभीर समस्या माना। इस मुद्दे को लेकर प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर सोमवार को एडीएम राजेश कुमार की अगुवाई में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई। जिला स्तरीय अफसरों के साथ ही इस बैठक में जिला प्रशासन ने भरोसा दिया कि बाबा कीनाराम मेडिकल कालेज में व्याप्त भ्रष्टाचार व समस्याएं एक माह के अंदर दूर कर ली जाएगी। इसके लिए विभागीय व प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है।
मीटिंग से बाहर आए पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि मेडिकल कालेज की स्थापना लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किया गया है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण यह कि इसे भ्रष्टाचार व वसूली का अड्डा बना दिया गया है। यहां स्वास्थ्य सेवाओं को बेचने जैया घृणित कार्य किया जा रहा है। इस प्रकरण को जिला प्रशासन के समक्ष रखा गया है जिसे प्रशासन ने संज्ञान में लिया है। बैठक के बाद नौ सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा गया है, जिसमें विधवा से आपरेशन के नाम पर 30 हजार रुपये की मांग करने के मामले में जांच व दोषियों पर कठोर कार्यवाही की मांग की गई है। इसके अलावा ईलाज के नाम अवैध वसूली को बंद करने की बातें रखी गयी है। साथ ही अस्पताल व मेडिकल कालेज में सभी दवाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करने व बीमारी से संबंधित सभी प्रकार के जांच की सुनिश्चित करने की बात रखी गयी है।

साथ ही मेडिकल कालेज की नई बिल्डिंग में रजिस्ट्रेशन काउंटर की स्थापना, बुजुर्ग, दिव्यांग व गंभीर मरीजों के लिए अलग सहायता व्यवस्था, दलाल व अनाधिकृत बाहरी व्यक्तियों अस्पताल परिसर में भूमिका को पूर्णतः समाप्त करने आदि मांगों को रखा गया। साथ ही मरीजों की जानकारी व सुविधा के लिए अस्पताल से संबंधित जानकारी को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने चेताया कि एक माह में जिला प्रशासन अपने वादे को पूरा करने में विफल रहता है तो जनहित से जुड़े इस अतिगंभीर मुद्दे पर सपा आंदोलन करने को विवश होगी। इस दौरान एएसपी, सीएमओ, मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य के साथ ही रामजन्म यादव, संतोष उपाध्याय, हरदेव कुशवाहा शामिल रहे।

