चंदौली। जिला मुख्यालय होने के बावजूद नगर में आजादी के बाद से अब तक शव रखने के लिए कोई निर्धारित शव स्थल नहीं बन सका है। इसके चलते नगरवासियों को किसी की मौत होने पर शव रखने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। परिजनों को मजबूरी में छोटे सरकार की कुटिया के समीप घास-फूस के बीच शव रखने पड़ते हैं। लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय पर शव रखने के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान का होना बेहद जरूरी है। लेकिन नगर पंचायत और जिला प्रशासन की ओर से अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। बारिश और खराब मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। खुले स्थान पर शव रखने से परिजनों को असुविधा के साथ ही सामाजिक और मानवीय दृष्टि से भी परेशानी होती है। नगरवासियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से इस समस्या की ओर जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया जाता रहा है। लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। कहा कि चुनाव के दौरान विकास और मूलभूत सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं। लेकिन शव स्थल जैसी जरूरी सुविधा की ओर किसी का ध्यान नहीं है। नगरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि चंदौली मुख्यालय पर जल्द से जल्द शव रखने के लिए सुरक्षित और स्थायी शव स्थल का निर्माण कराया जाए। ताकि किसी परिवार को अपनों के शव को घास-फूस के बीच रखने की मजबूरी न झेलनी पड़े।

