चंदौली। नगर स्थित सकलडीहा रोड रेलवे ओवरब्रिज के समीप रविवार को घर से नाराज होकर निकले एक अधेड़ ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मनोज राम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि शास्त्री नगर वार्ड नंबर दो निवासी मनोज राम 50 वर्ष किसी बात को लेकर घर से नाराज थे। इसके बाद वह सकलडीहा रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के समीप पहुंच गए। इसी दौरान उन्होंने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मनोज राम की मौत से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इस बाबत सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

