चंदौली। जनपद में वांछित एवं शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को दो बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं। सदर कोतवाली पुलिस ने सैयदराजा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त दिलशाद पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी मरखामऊ नई बाजार, प्रयागराज को पंचफेड़वा-अलीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी 27 नवंबर की रात कोयला लदे ट्रक की लूट के मामले में वांछित था। दिलशाद के खिलाफ हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं इलिया पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त समसाद राइन, निवासी फतेहपुर, को बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रई गांव के पास नहर पुलिया से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि 20 अगस्त को बनरसिया नहर माइनर के पास चेकिंग में दो वाहनों से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 12 गोवंशीय पशु बरामद हुए थे। इसी मामले में शमशाद वांछित था। उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा पूर्व में पीओसीएसो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

