चंदौली। जनपद में हुई भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़कों और गांवों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। आमजन के आवागमन और फसलों के प्रभावित होने की सूचना पर जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने इलिया रोड और ग्राम नरसिंहपुर में जलजमाव की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तत्काल जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
इलिया रोड के निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि हाईवे के नीचे से गुजरने वाली क्रॉस पुलिया और मुख्य नाला जाम होने के कारण जलभराव हुआ है। जानकारी मिलते ही जेटिंक मशीन लगाकर नाले की सफाई शुरू करा दी गई। जिससे पानी की निकासी तेजी से होने लगी है। अधिकारियों ने नाले की पूरी सफाई के बाद समस्या दोबारा नहीं होने का भरोसा दिलाया। इसके बाद डीएम नरसिंहपुर गांव पहुंचे। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए एसडीएम सदर और चंद्रप्रभा प्रखंड के एक्सियन को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बारिश प्रभावित सभी क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल राहत और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जनता को परेशानी होने पर किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने प्रभावित क्षेत्रों की रिपोर्ट भी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

