चंदौली। कमालपुर के जनौली में रक्षाबंधन स्नेह समारोह मिलन समारोह बुधवार को उत्सव जैसे माहौल में सम्पन्न हुआ। इस दौरान उत्साह व उल्लास से लबरेज महिलाओं ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उन्हें तिलक लगाकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। नारी शक्ति के अपार प्रेम, स्नेह व अपनत्व को पाकर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अभिभूत हो उठे और उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान की रक्षा का संकल्प भी लिया और दावा किया कि यही माताएं व बहनें सैयदराजा समेत समूचे यूपी में सत्ता परिवर्तन की गवाह बनेगी।
उन्होंने कहा कि आज भाई-बहन के अटूट प्रेम का संगम व समागम का ऐतिहासिक दिन है। जिस उत्साह व उम्मीद के साथ नारी शक्ति ने अपना स्नेह व आशीष प्रदान किया है उसका मान-सम्मान की रक्षा अंतिम सांस तक करने का काम होगा। आज हालात यह है कि इन बहनों के बच्चों के पढ़ने के लिए सरकार अच्छे स्कूल व व्यवस्था उपलब्ध कराने में नाकाम है। नौकरी का कोई प्रावधान भाजपा सरकार में नहीं है। बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी है। वहीं लघु उद्योग की कमर सरकार ने तोड़ रखी है। जनहित से जुड़े हर मोर्चे पर विफल भाजपा सरकार चुनावी साल में महिलाओं को 20-20 हजार रुपये देने का लालच देकर उनके मत के अधिकार को प्रभावित करने का असंवैधानिक कृत्य कर रही है। आरोप लगााया कि भाजपा सरकार ने 2022 के विधानसभा चुनाव में भी बीसी सखियों को बूथ स्तर पर 75-75 का रुपये देकर उनके वोट को प्रभावित किया था। आज उन्हीं महिलाओं से डेढ़ से दो लाख रुपये वसूली की योजना पर सरकार काम कर रही है। साथ ही धमकाया जा रहा है कि भाजपा सरकार नहीं बनी तो चार लाख तक की वसूली की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिया कि अब सूबे में सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है। सत्ता परिवर्तन के साथ ही महिलाओं को दिए गए ऐसे ऋण से मुक्ति दिलाने के साथ ही लघु उद्योग की स्थापना का कार्य व्यापक पैमाने पर होगा, ताकि महिलाओं को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाया जा सके। अब फिर से 20 हजार देने का लालच भाजपा दे रही है। लेकिन अब महिलाओं को ऐसे झांसे में आने की जरूरत नहीं है। भरोसा दिया कि झूठ, फरेब, भय, भ्रष्टाचार, शराब-मुर्गा के प्रभाव का अंत होकर रहेगा और यही महिलाएं सत्ता परिवर्तन में अपनी अहम भूमिका अदा करने जा रही है। इस अवसर पर रिबू श्रीवास्तव, विधानसभा अध्यक्ष रामजन्म यादव, संतोष उपाध्याय, हरदेव मौर्या, बृजनाथ मौर्य, रजनीश सिंह, राजेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह, दयाराम यादव, रीता शर्मा, मीना सिंह, सुनीता मौर्या, शशि सिंह, छाया देवी गोंड, उर्मिला सिंह, सुषमा पाण्डेय, वंदना पाठक, जानकी यादव, प्रिया भारती आदि उपस्थित रहीं। अध्यक्ष जिज्ञासा यादव व संचालन आतिफ खान ने किया।

