चंदौली। चंदौली मुख्यालय स्थित वरिष्ठ नागरिक स्थल पर शनिवार को अगस्त क्रांति दिवस श्रद्धा और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
इस दौरान पूर्व भूमि संरक्षण अधिकारी इंजीनियर रामकेश सिंह ने कहा कि 8 अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन का आह्वान किया गया था। महात्मा गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ देशवासियों को “करो या मरो” का संकल्प दिया था। इसके बाद स्वतंत्रता आंदोलन ने व्यापक जनआंदोलन का रूप ले लिया और देशभर में लोगों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष तेज कर दिया। 8 अगस्त क्रांति दिवस हमें स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है। उनकी वीरगाथा आज भी राष्ट्रसेवा, एकता और देशभक्ति की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाकर ही हम देश की प्रगति में अपना योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

