चंदौली। उन्नाव में राष्ट्रगान के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल से चले जाने के मामले को लेकर मंगलवार को जिला अध्यक्ष अरूण दृवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में राष्ट्रगान के दौरान विधानसभा अध्यक्ष के कार्यक्रम स्थल से चले जाने की बात दिखाई दे रही है। इससे राष्ट्रगान के सम्मान और संवैधानिक पद की गरिमा को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं। वायरल वीडियो और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि कार्यक्रम में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज कर यह स्पष्ट किया जाए कि राष्ट्रगान के दौरान वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ। यदि जांच में किसी कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। राष्ट्रगान पूरे देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है, किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं। इस दौरान मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, गंगा प्रसाद, दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, दिनेश चंद्रा, असगर अली, आदि मौजूद रहे।

