चंदौली। नगर स्थित वरिष्ठ नागरिक चौराहा पर पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व भूमि संरक्षण अधिकारी रामकेश यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि रामकेश यादव ने कहा कि वी.पी. सिंह ने देश की राजनीति और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने अपने पूरे जीवन को राष्ट्र सेवा और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित किया। उनके कार्यों और विचारों से आज भी लोगों को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि वी.पी. सिंह ने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए, जिन्हें देश हमेशा याद रखेगा। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भी पूर्व प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक दूरदर्शी नेता बताया। सभी ने उनके आदर्शों पर चलने और समाज में समानता एवं न्याय की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। अंत में उपस्थित लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस दौरान किसान मंडलीय नेता सियाराम चौहान, बेचन राम कर्मयोगी, राम बदन, बृजेश, राकेश सिंह,विजय अग्रहरि आदि मौजूद रहे।

