31.8 C
Chandauli
Saturday, October 17, 2026

Buy now

Home Blog Page 2

Chandauli:नवरात्रि पर बिजली विभाग अलर्ट,दुर्गा पूजा समितियों को सुरक्षा के निर्देश



चंदौली। जनपद में नवरात्रि और दुर्गा पूजा के मद्देनजर बिजली विभाग अलर्ट हो गया है। त्योहार के दौरान विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने दुर्गा पूजा समितियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिशासी अभियंता आशीष कुमार ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से पंडाल निर्माण से लेकर विद्युत झालर और लाइट लगाने तक सावधानी बरतने की अपील की।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल बनाते समय बिजली के तारों की स्थिति का विशेष ध्यान रखा जाए। पंडाल का निर्माण इस तरह कराया जाए कि वह बिजली के तारों के संपर्क में न आए। इसके साथ ही झालर और सजावटी लाइट जलाने के लिए बिजली के तारों के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाए। असुरक्षित तरीके से बिजली का कनेक्शन लेने से शॉर्ट सर्किट और करंट लगने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने पूजा समितियों से अपील की कि पंडालों में विद्युत व्यवस्था सुरक्षित तरीके से कराई जाए और किसी भी प्रकार की खराबी या खतरे की आशंका होने पर संबंधित बिजली कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में समितियों की जिम्मेदारी है कि वे श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। बिजली विभाग ने सभी समितियों से नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित माहौल में नवरात्रि और दुर्गा पूजा संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।

Chandauli:त्योहारों से पहले पुलिस का सघन चेकिंग अभियान,काली फिल्म उतरवाई,दर्जनों वाहनों का हुआ चालान


चंदौली। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर कोतवाली पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम सड़क पर उतरी और विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान वाहन चालकों में खलबली मची रही।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने चारपहिया वाहनों को रोककर उनकी जांच की और कई वाहनों पर लगी काली फिल्म उतरवाई। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहनों का चालान किया गया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर चलने के लिए जागरूक किया और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और उनके वाहनों की तलाशी भी ली। पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान लगातार चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर नजर रखना, संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में पुलिस का सहयोग करें।

Chandauli:हाई लॉस फीडरों पर बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई,दर्जनों पर मुकदमा,10 लाख का जुर्माना


चंदौली। जनपद में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए बिजली विभाग और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता आशीष कुमार के निर्देश पर जिले के सभी खंडों में हाई लॉस के रूप में चिह्नित फीडरों पर विशेष जांच की गई। सुबह-सुबह टीम की कार्रवाई से बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।
बिजली आपूर्ति के सापेक्ष अधिक लोड मिलने और लाइन लॉस की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने यह अभियान चलाया। नगर क्षेत्र में विजिलेंस प्रभारी अमरेश चंद्र और अवर अभियंता प्रमोद यादव के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर बिजली कनेक्शनों मीटरों और आपूर्ति व्यवस्था की जांच की। इस दौरान बिजली चोरी के संदिग्ध मामलों की पड़ताल की गई। अभियान के दौरान बिजली चोरी के मामलों में दर्जनों उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। वहीं विभाग की ओर से संबंधित मामलों में करीब 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। टीम ने बकायेदारों से करीब एक लाख 50 हजार रुपये की वसूली की। बिजली विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों और बकायेदारों में खलबली मची रही। विभागीय अधिकारियों ने अभियान के माध्यम से बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाने और राजस्व वसूली में तेजी लाने की दिशा में कार्रवाई की। इस बाबत अधिशासी अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर हाई लॉस फीडरों पर सुधार के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चयनित फीडरों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अवर अभियंता बिजलेंस मणिशंकर पाल, अशोक यादव, बृजेश सिंह, मनोज मौर्या, बीरबल, सोमारू आदि मौजूद रहे।

मिशन शक्ति 6.0:बलुआ थाने में साहसी बालिकाओं को किया गया सम्मानित

चंदौली। महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना बलुआ परिसर में मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली और साहस का परिचय देने वाली बालिकाओं एवं छात्राओं को सम्मानित किया गया। क्षेत्राधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए टी-शर्ट, कैप और अन्य उपहार प्रदान कर पुरस्कृत किया। इस दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्हें आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 का उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के बाद मिशन शक्ति टीम ने थाना क्षेत्र के प्रमुख चौराहे पर यातायात व्यवस्था भी संभाली। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक जमालुद्दीन खान, महिला आरक्षी अनामिका, दिव्या सिंह और आकृति गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

ग्राम प्रहरियों के मानदेय में 40% की वृद्धि,कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का भी मिलेगा लाभ,पुलिस लाइन में हुआ मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण


चंदौली। उत्तर प्रदेश शासन ने ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) के मानदेय में 40 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब ग्राम प्रहरियों को 2,500 रुपये के स्थान पर प्रतिमाह 3,500 रुपये मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। शासन के इस निर्णय से ग्राम प्रहरियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ भी मिल सकेगा।
इस अवसर पर पुलिस लाइन में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बरेली में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर ग्राम प्रहरियों का उत्साहवर्धन किया और शासन की ओर से की गई घोषणा की जानकारी दी।कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य और राज्यसभा सांसद साधना सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रहरियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय कुमार राय तथा प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

जिला पूर्ति अधिकारी मनीष विक्रम का हृदयाघात से निधन,प्रशासनिक महकमे में शोक


चंदौली। जिले के जिला पूर्ति अधिकारी मनीष विक्रम का हृदयाघात से असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। मनीष विक्रम पिछले एक वर्ष से चंदौली जिले में जिला पूर्ति अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन से अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक व्याप्त है।
दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय में शोक सभा आयोजित की गई। इसमें जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने मनीष विक्रम के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक सभा के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।जिला पूर्ति अधिकारी के निधन से प्रशासनिक विभाग में एक शोकपूर्ण माहौल बना हुआ है। सहकर्मियों ने उनके असामयिक निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए दुख जताया हैं।

Chandauli:सुबह पांच बजे नगर में धमकी बिजली विभाग और विजिलेंस टीम,उपभोक्ताओं में मची खलबली


चंदौली। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बिजली विभाग और विजिलेंस टीम ने मंगलवार सुबह पांच बजे से ही नगर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अचानक सुबह-सुबह घरों पर पहुंची टीम को देखकर नगरवासियों की नींद उड़ गई। अभियान के दौरान टीम ने नगर के विभिन्न वार्डों में उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन और आपूर्ति व्यवस्था की जांच की।
विजिलेंस प्रभारी अमरेश चंद्र और अवर अभियंता प्रमोद यादव के नेतृत्व में बिजली चोरी के खिलाफ यह अभियान चलाया गया। सुबह-सुबह बिजली विभाग और विजिलेंस की टीम को अपने घरों के दरवाजे पर देखकर लोगों में हलचल मच गई। टीम ने नगर में घर-घर पहुंचकर बिजली कनेक्शनों की जांच की और विद्युत उपभोग से संबंधित जानकारी जुटाई। अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना और विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करना रहा। विभागीय टीम ने उपभोक्ताओं के यहां पहुंचकर कनेक्शन तथा बिजली के इस्तेमाल की स्थिति का जायजा लिया। सुबह पांच बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई से नगर में चर्चा का माहौल बना हुआ है बिजली विभाग और विजिलेंस की संयुक्त कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग की ओर से इस तरह के चेकिंग अभियान के जरिए विद्युत चोरी पर रोक लगाने और राजस्व की क्षति को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।हालांकि अभियान के दौरान कितने घरों में अनियमितताएं मिलीं और कितने लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

पांच उपनिरीक्षकों की तैनाती में फेरबदल,वीरेंद्र कुमार को साइबर सेल में मिली तैनाती


चंदौली। जनपद में पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से एसपी ने पांच उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। जारी तैनाती सूची के अनुसार, विभिन्न थानों और पुलिस इकाइयों में तैनात उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस दौरान उपनिरीक्षक राज कुमार को थाना मुगलसराय से चौकी शिवाला, थाना मुगलसराय में तैनात किया गया है। वहीं उपनिरीक्षक बृजेश कुमार को पुलिस लाइन से चौकी भदाहूं, थाना धानापुर भेजा गया है। इसके अलावा उपनिरीक्षक गुलाम हुसैन को थाना बबुरी से थाना धानापुर में नई तैनाती दी गई है। उपनिरीक्षक हरिशंकर सिंह को थाना धानापुर से थाना शहाबगंज स्थानांतरित किया गया है। और उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार को पुलिस लाइन से साइबर सेल में तैनाती मिली है। पुलिस विभाग में किए गए इन बदलावों के तहत संबंधित उपनिरीक्षकों को उनके नए कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारी संभालनी होगी। इस फेरबदल से थानों और पुलिस की विभिन्न इकाइयों में कार्य व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

एक नवंबर को चंदौली में लगेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर,दिव्यांगों को मिली ट्राईसाइकिल


चंदौली। जनपद में आगामी एक नवंबर को मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन और आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को विकास खंड सदर चंदौली में प्री-मेगा कैंप आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने की।
कैंप में खंड विकास अधिकारी शशिकांत पांडेय, सहायक विकास अधिकारी ग्राम्य विकास धनंजय कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी हीरा लाल, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण सुरेंद्र कुमार बिंद और बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रहलाद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने डेंगू, मलेरिया सहित संचारी रोगों से बचाव तथा आयुष्मान कार्ड और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम के अंत में सचिव निकिता गौड़ ने विधिक सहायता शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान उपस्थित दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और बैसाखी वितरित कर सम्मानित किया गया।

मिशन शक्ति फेज-6.0 का हुआ शुभारंभ,एसपी ने जागरूकता पैदल मार्च को दिखाई हरी झंडी


चंदौली। शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर सोमवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में भव्य पैदल मार्च निकाली गई। पुलिस लाइन से एसपी ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया।
पैदल मार्च में महिला पुलिसकर्मियों, पीआरडी जवानों, होमगार्ड, छात्राओं, शिक्षकों, नर्सिंग संस्थानों की छात्राओं, आशा बहुओं और महिला सफाईकर्मियों ने भाग लिया। मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर चंदौली कस्बे और बिछिया गांव से होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दे रही हैं। साथ ही 1090, 112, 181, 1098 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। एसपी आकाश पटेल ने पुलिस अधिकारियों को महिला संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता से सुनने और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से महिला उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। इस अवसर पर एएसपी विक्रम दहिया, सीओ सदर नामेंद्र कुमार, सीओ लाइन डॉ. चारु द्विवेदी और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Chandauli
broken clouds
31.8 ° C
31.8 °
31.8 °
48 %
0.4kmh
78 %
Sat
32 °
Sun
32 °
Mon
32 °
Tue
32 °
Wed
32 °
Verified by MonsterInsights