24.3 C
Chandauli
Wednesday, March 25, 2026

Buy now

Home Blog Page 206

Loksabha Chandauli : बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार को वोट से चोट दें मतदाता

चुनावी सभा को संबोधित करते प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह।
चुनावी सभा को संबोधित करते प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह।

इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के समर्थन सकलडीहा विधानसभा में हुई चुनावी सभाएं

Young Writer, चंदौली। नामांकन के बाद इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह के चुनावी प्रचार को गति देने के लिए समाजवादी पार्टी की टीम ग्राउंड पर पूरी शिद्दत से जुट गयी है। प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह की अगुवाई में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता नई ऊर्जा के साथ चुनावी मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के काम में जुटे हैं। इस दौरान सहयोगी दलों को भी समाजवादी पार्टी को भरपूर साथ व समर्थन मिल रहा है। सभी दल बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर मुखर और एक मंच पर नजर आए। इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह ने हिनौता, परासी, नौदर, ककरहित, बैराठ, दरियापुर, नादी, सड़ान व गुरेरा गांव का तूफानी दौरा किया।

इसी कड़ी में इंडिया गठबंधन के समर्थन में भाकपा-माले के नेतृत्व में हिनौता में चुनावी सभी का आयोजन हुआ। प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह ने रोजगार के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर निशाना। कहा कि वाराणसी में किसानों की जमीन लेकर वहां अमूल की फैक्ट्री लगाई गयी, लेकिन जिन किसानों से जमीनें ली गई उनके बच्चों को नौकरी देने का काम नहीं किया। उक्त फैक्ट्री में गुजरात के लोगों को नौकरी दी गई। कहा कि चंदौली की जनता ने अपने वोट के ताकत से भाजपा और स्थानीय सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय को ताकत देने का काम किया और उन्हें देश के सर्वोच्च सदन में भेजा और वे केंद्र सरकार में मंत्री भी बने। लेकिन ताकत मिलने के बाद उन्होंन उस ताकत को आमजनता को खिलाफ इस्तेमाल करने का काम किया।

सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायन राजभर ने कहा कि पांच साल मंत्री रहते हुए भी एक भी फैक्ट्री या उद्योग की स्थापना चंदौली के युवाओं के हित में नहीं की। क्योंकि वह ऐसा चाहते ही नहीं है। वह सिर्फ मोदी के नाम पर चंदौली के लोगों का वोट हथियाने के प्रयास में है। लेकिन इस बार चंदौली के लोग अपनी वोट के ताकत का एहसास भाजपा को कराने का काम करेगी। कहा कि भाजपा सांसद ने यदि छोटा सा प्रयास किया होता तो आज चंदौली के 10 से 20 हजार किसान परिवार के बच्चों को रोजगार मिल जाता। अंत में उन्होंने लोकसभा चुनाव में अगला वोट बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट देने का आह्वान मतदाताओं से किया। कार्यक्रम में सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता कामरेड रमेश राय, इंकलाबी नौजवान सभा चंदौली जिलाध्यक्ष कामरेड अनिल यादव, कामरेड श्याम देई, हरिनारायण मौर्य, संदीप मौर्य, संतलाल मौर्य आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता हरिशंकर विश्वकर्मा व संचालन किसान महासभा जिलाध्यक्ष कामरेड श्रवण कुशवाहा ने किया।

अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज डे: यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एवं पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में छात्र-छात्राओ ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक

Young Writer, चंदौली। क्षेत्र के झांसी गांव स्थित यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एवं पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सेज डे पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा संस्कृति कार्यक्रम नाटक मंच का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाईके राय व प्रबंधक डॉ.धनंजय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। वही उत्कृष्ट आने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साह वर्धन किया।

इस दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि लेडी विद लैंप के नाम से मशहूर फ्लोरेंस नाइटिंगेल एक महान नर्स थीं। जिन्होंने अपना पूरा जीवन लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया। 12 मई, 1820 को इटली के फ्लोरेंस में जन्मी फ्लोरेंस नाइटिंगेल ने समृद्ध परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद लोगों की सेवा करने के लिए नर्सिंग का पेशा अपनाया। 1854 में क्रीमिया युद्ध के दौरान उन्होंने जिस तरह से सैनिकों की सेवा की वो नर्सिंग कर्मियों के लिए एक मिसाल बन गया। नाइटिंगेल ने क्रीमिया जाकर अस्पताल की बदतर हालत को सुधारा और सैन्यकर्मियों की जान बचाई। सीएमओ डॉ. वाईके राय ने कहा कि मरीजो के देखभाल में नर्सो का अहम योगदान रहता है। नर्स मरीजो के जख्मो पर मरहम लगा कर उनके जख्मो को ठीक करती है। नर्सो को हमेशा मरीजो के प्रति सहानुभूति रखनी चाहिए।

प्रबंधक डॉ धनंजय सिंह ने कहा कि कोरोना काल में जब वायरस के कारण पूरी दुनिया में लोग पीड़ित व मर रहे थे। तब डॉक्टरों के साथ ही नर्सों की भूमिका बहुत अहम हो गई थी। कोविड संकट के दौरान हेल्थ वर्कर कोरोना वॉरियर्स बनकर इस वायरस से हमारी सुरक्षा करते रहे। दिन रात डॉक्टरों के साथ नर्सों ने लोगों की सेवी की। किसी भी रोगी के स्वास्थ्य के लिए एक डॉक्टर जितना अहम भूमिका में होता है, उतना ही महत्वपूर्ण रोल नर्स का भी होता है। नर्स ही बीमार की देखभाल करती है। पूरा दिन एक डॉक्टर एक मरीज के पास नहीं रह सकते हैं। नर्स मरीज की हालत की निगरानी करती है। नर्स के इसी सेवा भाव को सम्मानित करने और उनके योगदान की सराहना करने के लिए हर साल दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है। इस दौरान सीएमएस डॉ. सत्यप्रकाश, डा.अनिल सुमन, डा. एके सोनकर, प्रिंसिपल डा. जेनेट जे, वाइस प्रिंसिपल डा. खुशबू यादव, प्रोफेसर वर्तिका सिंह, शालिनी श्रीवास्तव, सोनी चौहान, नीलम यादव, रिंकू मौर्य, अनुराधा प्रजापति, प्रियंका दुबे, वंदना पाठक, अर्चना राज, पल्लवी यादव, इंदु पाल, रीता पाल, विकास यादव, अभिषेक पांडेय, आरती चौहान, आकाश शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Crime News : अराजक तत्वों ने डा. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा की उंगली तोड़ी

खखड़ा गांव में मौके पर जांच पड़ताल करती पुलिस।
खखड़ा गांव में मौके पर जांच पड़ताल करती पुलिस।

गांव के लोग आक्रोशित थाना प्रभारी के सूझबूझ से मामला सुलझा

Young Writer, News: इलिया थाना क्षेत्र के खखड़ा गाँव में अराजक तत्वों ने गुरुवार को रात्रि में बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की मूर्ति की उंगली तोड़ दी। साथ ही चेहरे पर ईट मारकर तोड़ने की कोशिश की। शुक्रवार को सुबह मूर्ति टूटा देख गांव के लोग आक्रोशित हो गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी।सूचना पाते ही थाना प्रभारी हरिश्चंद्र मौके पर पहुंच कर सूझबूझ से मामले को शांत कराया तथा मूर्ति की मरम्मत कराया तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।इस दौरान थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया। कि जो भी मूर्ति को क्षतिग्रस्त किया है। उसकी तलाश कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान भाजपा नेता प्रेम नारायण सिंह ने क्षेत्रीय विधायक से वार्ता कर मूर्ति को सुरक्षित करने के लिए बाउंड्रीवाल बनवाने की मांग की। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रतीश कुमार ने कहा कि बाबा साहब की मूर्ति यह संदेश देती है। कि बाबा साहब के विचारों पर चलने वाले लोग मौजूद हैं। तथा मूर्ति तोड़ने से बाबा साहब के विचारों को खत्म नहीं किया जा सकता है। इस अवसर पर प्रधान मुन्ना भास्कर,पूर्व प्रधान अजय सिंह बबलू, मुन्नी मास्टर, कमला राम, प्रकाश, अन्तोष, योगेश कुमार, सतीश, रामटहल, मिथिलेश, सद्दाम खान, मुकन्दी मास्टर, गोरख, एसआई संजय तिवारी, नीलकमल तिवारी आदि उपस्थित थे।

Railway News: GRP ने बरामद की 30 लाख कीमत के मोबाइल फोन

Railway News: GRP ने बरामद की 30 लाख कीमत के मोबाइल फोन
Railway News: GRP ने बरामद की 30 लाख कीमत के मोबाइल फोन

Young Writer, डीडीयू नगर। DDU NAGAR राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने 135 लोगों को उनके खोया  मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस कर दिया। वापस किए गए मोबाइल फोन की कीमत लगभग तीस लाख रुपये बताई गई। एक वर्ष से छह माह पहले तक खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर यात्रियों के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई।
ट्रेन से यात्रा के दौरान अक्सर मोबाइल फोन गुम हो जाते हैं। अथवा चोरी हो जाते हैं। आ

ज के समय मोबाइल फोन हर किसी की जरूरत हो गई है। स्थानीय जीआरपी में  एक वर्ष में दो सौ से अधिक मोबाइल फोन के गुमशुदगी के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। जीआरपी ने गुम हुए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर खोजबीन शुरू कर दिया। पिछले एक वर्ष में गुम हुए 135 मोबाइल फोन बरामद कर लिया। बृहस्पतिवार को मोबाइल धारकों को फोन कर बुलाया गया। मोबाइल धारकों के जीआरपी में पहुंचने पर सभी को फोन वापस कर दिया गया। महंगे मोबाइल फोन वापस पाकर यात्रियों के चेहरे खिल उठे। यात्रियों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल फोन वापस पाने की आस छोड़ दी थी। जीआरपी ने फोन बरामद कर वापस कर दिया। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि गुम हुए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर खोजबीन की गई। लगभग तीस लाख रुपये मूल्य के 135 फोन अलग अलग स्थानों से बरामद हुए। बृहस्पतिवार को मोबाइल फोन को वापस किया गया। मोबाइल वितरण के दौरान एसआई मुन्ना लाल, प्रभारी सर्विलांस राधा मोहन द्विवेदी, कांस्टेबल राहुल यादव, सुरेन्द्र सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

देश की तरक्की और खुशहाली का रास्ता ला सकती है भाजपा


प्रत्याशी डॉ महेंद्र नाथ पांडे के समर्थन में वरिष्ठ नेताओं ने भरा जोश
चंदौली। भाजपा कार्यालय शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी डा.महेंद्र नाथ पांडेय के नामांकन के दौरान सभा का आयोजन किया गया था। इस दौरान केंद्रीय मंत्री व सांसद डा.महेंद्र नाथ पांडेय के नामांकन में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह व श्रम रोजगार मंत्री अनिल राजभर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।


इस दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि जनपद के विकास के लिए में कभी पीछे नहीं रहा हूं। शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ सड़क व्यवस्था और अन्य क्षेत्रों में विकास की गारंटी मोदी सरकार ही दे सकती है। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा ही देश और प्रदेश की तरक्की का रास्ता अपनाती है, आज तक जो भी दल आए सभी ने सिर्फ जनता को चलने का काम किया है। जनता को विपक्षियों के झांसे में आने की जरूरत नहीं है। जिस प्रकार से नरेंद्र मोदी की सरकार और योगी आदित्यनाथ की सरकार देश और प्रदेश में विकास कर रही है। सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के साथ भाजपा विकास कर रही है। श्रम व रोजगार मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि जनपद के विकास के लिए डा. महेंद्र नाथ पांडेय को तीसरी बार सांसद भेजने के लिए जनता को कमर कसके तैयार रहना होगा। जनपद के विकास के साथ-साथ देश का विकास भाजपा ही कर सकती है। इस दौरान राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, साधना सिंह, लोकसभा प्रभारी ओंकार केसरी, विधायक रमेश जायसवाल, सुशील सिंह, जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, सर्वेश कुशवाहा, अभिमन्यु सिंह, राणा प्रताप सिंह, शिवपूजन राम, छत्रबली सिंह, शिवराज सिंह, संजय सिंह बबलू प्रमुख, हरिवंश उपाध्याय, प्रेम नायन सिंह, सूर्य मुनि तिवारी, सुजीत जायसवाल,सुजीत सिंह सुड्ड, उपस्थित रहे।

डा. लोहिया व कमलापति की कर्मभूमि है चंदौलीः ओमप्रकाश

मनोज डब्लू ने लगाया भाजपा उम्मीदवार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप

चंदौली। इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह ने नामांकन करने के बाद हिनौता में जनसभा कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। वहीं आमजन से रूबरू हुए। इस दौरान उनके समर्थन में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह व सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने मंच से आमजन को संबोधित किया। कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार ही देश के उज्ज्वल भविष्य को तय करेगी। 

इस दौरान पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि यह चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है। भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में देश को तोड़ने व कमजोर करने का काम किया है। महंगाई से आमजनता की कमर तोड़कर रख दी है। कहा कि चंदौली डा. राम मनोहर लोहिया व पंडित कमलापति त्रिपाठी की कर्मभूमि है। चंदौली का विकास समाजवादी विचारधारा की सरकार व सोच के लोग ही कर सकते हैं। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जनता ने मौका दिया तो विकास कार्य अधूरे रह गए थे उसे पूरा करने का काम होगा। शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ ही रोजगार के क्षेत्र में इंडिया गठबंधन की सरकार ऐतिहासिक कार्य करने जा रही है। सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि सपा सरकार में आवाजापुर में सेना भर्ती कराकर युवाओं को सेना में भर्ती होने का अवसर पर दिया। इसके अलावा जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं भी स्थानीय लोगों को मुहैया कराई। वहीं डबल इंजन की सरकार ने पिछले 10 वर्ष में चंदौली की जनता को छलने का काम किया। भाजपा के मंत्री ने जनता से कई वादे किए और सभी वादों से मुकर गए। बावजूद इसके भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को फिर से टिकट देकर चंदौली भेजने का काम किया है। ऐसे में चंदौली की जनता का दायित्व है कि अपने वोट से भाजपा के अहंकार को जवाब दें और इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का काम करें। इस अवसर पर मनोज सिंह काका, विधायक रागिनी सोनकर, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, हीरालाल, महेंद्र राजभर, केशव राजभर, रमेश यादव, परवेज जोखू, अशोक त्रिपाठी छोटू शामिल रहे। 

Loksabha Election 2024 : चुनाव की ज़हरीली हवा में सांस लेता आदमी

Young Writer : लोकसभा चुनाव 2024


Young Writer, साहित्य पटल। रामजी प्रसाद “भैरव” की रचना

झँटो उस्ताद आज कलफ़ किया लकदक कुर्ता और पायजामा पहने , चौमुहानी से तीर की तरह मामा के पान की दुकान की ओर मुड़े , और पहुँचते ही दन से पान की फरमाइश कर बैठे । मामा ने कनछी देखा फिर अपने काम में मशगूल हो गए । दुकान पर भीड़ अधिक थी । मामा ग्राहक निपटाने में लगे हुए थे । पान की तलब उस्ताद के मन में हिरन की तरह कुलांचे भर रहा था । वे इधर उधर देखते मन को दबाने का यत्न कर रहे थे । तभी राम खेलावन वहाँ पहुँच गए । उस्ताद का चरण रज लिया और बोले – “अरे उस्ताद , अब तो चुनावी बिगुल बज गया है । हवा क्या कह रही है । “
” हवा ऐसे ही कुछ नहीं कहती मियां , इसके लिए हवाई किले बनाने पड़ते हैं ।”

” क्या मतलब।” राम खेलावन ने पूछा
” वाह बेटा , हमारी बिल्ली हमीं से म्याऊं । तुम तो ऐसे कह रहे हो , जैसे तुम न टीवी देखते हो , न अखबार पढ़ने हो ।”
“मैंने कब कहा उस्ताद जरुर देखता हूँ । “
“फिर झूठ मुठ का अनाड़ी मत बनो । क्या तुम नहीं जानते आजकल नेता हवा बनाने के लिए क्या कुछ कर रहे हैं ।”
“साफ साफ बताइए न , आप कहना क्या चाहते हैं ।” राम खेलावन पूरी विनम्रता से बोला ।
उस्ताद खुल चुके थे , सो बोलना शुरू किया ।” देखो राम खेलावन , ये जो चुनाव है न , बस कहने को लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है , इसके पीछे राजतंत्र वाला ही फार्मूला चलता है । अब भारतीय मीडिया को देखो कैसे चिल्ला रही है, किसके लिए चिल्ला रही है । किस किस मुद्दे पर चिल्ला रही है । यह किसी से छिपा नहीं है । वह वही दिखाना , पढ़ाना पसन्द करते हैं । जो राजा चाहता है । प्रजा के लिए , प्रजा के हितों का कब ध्यान रखा जाता है । आज भारतीय मीडिया दो बातों का विशेष ध्यान रख रही है । एक टी आर पी दूसरे विज्ञापन और दोनों चीजें राजा के इशारे पर पूरी हो जाती हैं।”

“उस्ताद जी, मैंने चुनाव की हवा के बारे पूछा , आप मीडिया की बधिया बैठाने लगे । “
“राम खेलावन , दरअसल बात यह है कि आजकल देश की हवा ही कुछ इस तरह से गड्ड मड्ड हो गयी है कि उसमें केवल चुनावी हवा को टटोलना थोड़ा मुश्किल काम है , फिर भी तुम पूछते हो तो बता देता हूँ । सुनो , चुनाव की हवा सत्ता के गलियारे से बह रही है । दागी से दागी नेता , सत्ता के गंगोत्री में डुबकी मार कर पवित्र हो जा रहे हैं । चाहे उनके ऊपर हत्या, छिनैती, फिरौती, बलात्कार जैसे सैकड़ो मुकदमें क्यों न हो ।

सत्ता की चकाचौंध में उनके दामन पर लगे दाग बिल्कुल दिखाई नहीं देते । ये भोली भाली जनता उनके फरेबी रूप को कैसे समझ पाएगी । देश की आबादी का बड़ा हिस्सा रोज रोटी के लिए जद्दोजहद करता है , ऐसे में मुफ़्त का राशन उनके ईमान को डगमगाने के लिए काफी है । देश के युवा का पुरुषार्थ अग्निवीर टाइप योजनाओं की उम्मीद में जय बोलने के लिए विवश है । उज्ज्वला योजना ने आधी आबादी का मन बड़े बड़े होर्डिंग और टीवी के विज्ञापनों से मोह रखा है । नेता, नेता कम अभिनेता ज्यादा लग रहे है। फिल्मी हीरो की तरह एक्शन दिखा रहे हैं और मजा मजाया डायलॉग भी बोल रहे हैं । ऐसा केवल सत्ता दल के नेता ही नहीं कर रहे हैं । बल्कि विपक्षी दल के बहुत से नेता भी स्वांग करने में जुटे हैं । एक नेता को किसान के खेत में फ़सल काटते देखा गया।

एक नेता को अपने समर्थकों के साथ चाय की दुकान पर चाय बनाते देखा गया । सत्ता दल की एक नेत्री ने मछली हाथ में लेकर प्रचार कर रही थी , जाहिर है मछुआरों की कोई बस्ती रही होगी । लोक तंत्र में सबसे बड़ा अभिशाप जाति व्यवस्था है । मग़र जब सत्ता तक पहुंचने की सबसे सुगम सीढ़ी जाति व्यवस्था ही है , तो क्यों नेता इसे हवा देंगे । जाति तो जाति धर्म भी कम जायकेदार मसाला नहीं है चुनाव के लिये । एक से एक स्वांग बनाये नेता लोग वोट के लिए घूम रहे हैं । किसी का मंदिर प्रेम दिखता है तो किसी का मस्जिद प्रेम । कुछ जगराते में जाते हैं तो कुछ इफ़्तार पार्टी । कोई किसी से उन्नीस नहीं है । सब बीस छूटते नजर आते हैं । पार्टियों के घोषणापत्र केवल घोषणा भर है । उसमें लोक हित की बात कम , लोक लुभावन बातें ज्यादा है । चुनाव जीतने के सबके अपने फार्मूले हैं । कहीं गाँव खरीदने की तैयारी हो रही है तो कहीं बस्ती , कहीं गुट तो कहीं छिटपुट वोट। कहीं दारू मुर्गा बंट रहा है । कहीं पैसा बांटा जा रहा है । कहीं काम कराने का प्रलोभन है तो कहीं नौकरी का कोरा आश्वासन।

नेता अपने आदमी बाजारों , कस्बो और गांवों में ऐसे तैनात करते हैं जैसे वे देवदूत हों । सबकी समस्याओं और अपने वोट के संदर्भ में बातें करते नहीं थकतें हैं । उनका प्रमुख गुण होता है , साथ ही अपने प्रत्याशी को देव पुरुष या अवतार घोषित करना। आज कल सोशल मीडिया भी कम महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभा रही है । सत्ता पाने का एक हथकंडा यह भी है कि जनता को खूब गुमराह कैसे किया जाय । इसके लिए आजकल फेक आई डी बनाकर अपने अपने विपक्षी दलों पर कुतर्क के बलपर कीचड़ उछालना जरूरी पहल है । इससे जनता वोट में परिवर्तित हो जाती है । सुना तो यह भी जाता है कि कई पार्टी अपने प्रचार और विपक्षी पार्टी के दुष्प्रचार के लिए शोशल मीडिया का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं । इसके लिए बाकायदा आफिस बनाकर तेज तर्रार लोगों की नियुक्ति की गई है । उनका काम ही फर्जी और फेंक आईडी बनाकर अपने अपने विपक्षी दलों को जवाब देना । मजे की बात तो यह होती है कि उसे देखने या पढ़ने पर लगता है यह पब्लिक ओपिनियन है, जब कि ऐसा नहीं है । यह चाल घाट राजनीति में धड़ल्ले से चल रहा है।”

कहते कहते उस्ताद का ध्यान पान की ओर गया , “ममवा पान दे , मूड खराब हो गया ।” भीड़ छंट चुकी थी, मामा ने पान दिया तो मुँह में एक ओर ठूंसते हुए, चूना चाटा और बोले- “देखो राम खेलावन, चनावी हवा जहरीली हो गयी है, जिसमें सांस लेना आदमी के लिए कठिन होता जा रहा है , एक बात और……..
न जाने कौन जीतेगा न जाने कौंन हारेगा।
यकीनन जीत उसकी है जो ज्यादा गोल मरेगा ।।
पान घुलने लगा तो उस्ताद चुप हो गए । रामखेलावन समझ गए , अब उस्ताद बोलने से रहे । धीरे से आशीर्वाद लिया और चुपचाप खिसक गए ।

रामजी प्रसाद भैरव
रामजी प्रसाद भैरव

जीवन परिचय-
रामजी प्रसाद ” भैरव “
जन्म -02 जुलाई 1976
ग्राम- खण्डवारी, पोस्ट – चहनियाँ
जिला – चन्दौली (उत्तर प्रदेश )
मोबाइल नंबर- 9415979773
प्रथम उपन्यास “रक्तबीज के वंशज” को उ.प्र. हिंदी संस्थान लखनऊ से प्रेमचन्द पुरस्कार ।
अन्य प्रकाशित उपन्यासों में “शबरी, शिखण्डी की आत्मकथा, सुनो आनन्द, पुरन्दर” है ।
कविता संग्रह – चुप हो जाओ कबीर
व्यंग्य संग्रह – रुद्धान्त
सम्पादन- नवरंग (वार्षिक पत्रिका)
गिरगिट की आँखें (व्यंग्य संग्रह)
देश की विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में रचनाओं का प्रकाशन
ईमेल- ramjibhairav.fciit@gmail.com

Nomination: सपा या भाजपा किसके लिए शुभ होगी यह अक्षय तृतीया

Election - 2024

Young Writer, चंदौली। लोकसभा चंदौली से चुनाव लड़ने वाले रण बांकुरे एक-एक कर नामांकन कर चुनावी रण में उतरते जा रहे हैं। शुक्रवार को नामांकन की चौथा दिन है और अक्षय तृतीया जैसा शुभ मुहुर्त भी। ऐसे में भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री तथा चंदौली से भाजपा उम्मीदवार डा.महेंद्रनाथ पांडेय अपनी जीत की हैट्रिक के लिए इस शुभ मुहुर्त को चुका है, ताकि वे नामांकन के साथ ही सीधे चुनावी रण में उतरकर अपनी जीत को सुनिश्चित कर सके। इसके लिए उन्होंने अक्षय तृतीय जैसे शुभ दिन को नामांकन के लिए चुना है।

इसके अलावा इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह भी अपनी चुनावी लड़ाई को सकारात्मक दिशा देने की सोच के साथ अक्षय तृतीया को नामांकन करने कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष पहुंचेंगे। दोनों ही उम्मीदवार अपनी-अपनी चुनावी लड़ाई की आधिकारिक शुरूआत अक्षय तृतीय के शुभ अवसर पर करने जा रहे हैं। देखा जाए तो दोनों धुर विरोधी दल के उम्मीदवार अच्छी सोच के साथ अक्षय तृतीया के अवसर पर नामांकन करके चुनावी रण में उतरने जा रहे हैं। लेकिन यह अक्षय तृतीय किसी एक के लिए ही शुभ साबित होगी और वह भाग्यशाली प्रत्याशी कौन होगा? इस सवाल का जवाब एक जून को ईवीएम में कैद हो जाएगा और जब चार जून को जैसे ही ईवीएम का पिटारा खुलेगा, तब उस भाग्यशाली प्रत्याशी के भाग्य जीत की खुशी होगी।

मान्यता है कि अक्षय तृतीया के दिन जो भी कार्य किए जाते हैं उसका फल शुभ प्राप्त होता है। खैर! इसे लेकर एक तरफ जहां भाजपा शुक्रवार को अपने प्रत्याशी के नामांकन को भव्य, शानदार व ऐतिहासिक बनाने में जुटी रही। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के लोग भी अपने उम्मीदवार के नामांकन को यादगार बनाने के लिए प्रयासरत नजर आए। वहीं जिला प्रशासन भी भारी गहमागहमी को लेकर सतर्क नजर आया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी इस को लेकर फिक्रमंद व गंभीर नजर आए कि चुनाव आयोग के नियम-आदेश का कहीं किसी के द्वारा उल्लंघन न होने पाए।

यात्रा के दौरान चोरी हुए 135 लोगो का मोबाइल जीआरपी ने किया वापस


डीडीयू नगर। डीडीयू राजकीय रेलवे पुलिस ने 135 लोगों को उनके खोया मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस कर दिया। वापस किए गए मोबाइल फोन की कीमत लगभग तीस लाख रुपये बताई गई। एक वर्ष से छह माह पहले तक खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर यात्रियों के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई।
ट्रेन से यात्रा के दौरान अक्सर मोबाइल फोन गुम हो जाते हैं अथवा चोरी हो जाते हैं। आज के समय मोबाइल फोन हर किसी की जरूरत हो गई है। स्थानीय जीआरपी में एक वर्ष में दो सौ से अधिक मोबाइल फोन के गुमशुदगी के मुकदमें दर्ज हो चुके हैं। जीआरपी ने गुम हुए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर खोजबीन शुरू कर दिया। पिछले एक वर्ष में गुम हुए 135 मोबाइल फोन बरामद कर लिया। बृहस्पतिवार को मोबाइल धारकों को फोन कर बुलाया गया। मोबाइल धारकों के जीआरपी में पहुंचने पर सभी को फोन वापस कर दिया गया। महंगे मोबाइल फोन वापस पाकर यात्रियों के चेहरे खिल उठे। यात्रियों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल फोन वापस पाने की आस छोड़ दी थी। जीआरपी ने फोन बरामद कर वापस कर दिया। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि गुम हुए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर खोजबीन की गई। लगभग तीस लाख रुपये मूल्य के 135 फोन अलग अलग स्थानों से बरामद हुए। बृहस्पतिवार को मोबाइल फोन को वापस किया गया। मोबाइल वितरण के दौरान एसआई मुन्ना लाल, प्रभारी सर्विलांस राधा मोहन द्विवेदी, कांस्टेबल राहुल यादव, सुरेन्द्र सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

ICSE Result : कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की बेटी श्रेया राजभर ने चंदौली जिले का बढ़ाया सम्मान

Young Writer, सकलडीहा। कौंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई)के दशवी की परीक्षा में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की बेटी श्रेया राजभर ने 98 प्रतिशत अंक पाकर लखनऊ में अव्वल स्थान हासिल कर जिले का सम्मान बढ़ाया है। गुरूवार को मंत्री के गृह निवास स्थल पर परिजनों ने मिठाई खिलाकर बेटी की सफलता पर बधाई दिया है।
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की बेटी श्रेया राजभर लखनऊ के सिटी मांटेसरी स्कूल की छात्रा है। बीते दिनों कौंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) के दसवीं की परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान हासिल किया है। जबकि चंदौली की छात्रा ने 96.80 अंक प्राप्त किया है। बेटी की सफलता पर मंत्री के गृह नगर नागेपुर में परिजनों ने मिठाई खिलाकर बधाई दिया है। बेटी श्रिया ने बताया कि आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती हूं। इस सफलता का श्रेय अपने शिक्षक और माता उषा देवी पिता और बड़ी बहन प्रज्ञा व भाई बाबू को दिया है। इस मौके पर खुशी जताने वालों में गोपाल राजभर, अरविंद, रतेन्द्र, कमलेश यादव, अतुल सिंह, अशोक प्रजापति, धर्मेन्द्र सहित अन्य रहे।

Chandauli
clear sky
24.3 ° C
24.3 °
24.3 °
35 %
3.2kmh
0 %
Tue
24 °
Wed
36 °
Thu
40 °
Fri
38 °
Sat
38 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights