डीआईजी वाराणसी ने पुलिस लाइन में जिले के पुलिस अधिकारियों संग की बैठक
चंदौली। डीआईजी, परिक्षेत्र वाराणसी डा.ओमप्रकाश सिंह शुक्रवार को जनपद दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन सभागार में एसपी डा. अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारियों के साथ ही जनपद के थाना प्रभारियों व पुलिस अधिकारियों संग बैठक कर अपराध एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही आगामी त्यौहारों के मद्देनजर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान डीआईजी डा.ओमप्रकाश सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव व 22 जनवरी को प्रस्तावित श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में श्रीरामलला की मूर्ति स्थापना (प्राण प्रतिष्ठा) एवं मन्दिर उद्घाटन कार्यक्रम के दृष्टिगत सामाजिक सद्भाव एवं यातायात व्यवस्था को सकुशल संपन्न कराए जाने का निर्देश दिया। आगामी पर्वों, त्यौहारों के दृष्टिगत की जा रही तैयारियों के संबंध में समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीआईजी आइजीआरएस व जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के डिफाल्टर से पूर्व की स्थिति में समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सभी संबंधित को निर्देशित किया गया। विवादित प्रकरणों में निरोधात्मक कार्यवाही अवश्य की जाए। टॉप टेन सूची में शामिल अभियुक्तों की सतत निगरानी व उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करें। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही व पर्वों के दौरान संवेदनशीलता के दृष्टिगत छोटी सी छोटी घटनाओं पर गम्भीरता से लें और तत्काल कार्यवाही करते हुए मामलों का पटाक्षेत्र करने में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी अपना सहयोग प्रदान करे। इसके अलावा उन्होंने डायल-112 पर प्राप्त सूचनाओं को पीआरवी वाहनों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर समयबद्ध निस्तारण हेतु हिदायत दिया गया। लुटेरे, अवैध शराब व पशु तस्करों आदि पेशेवर अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी सतत निगरानी व सत्यापन करते सक्रिय दुर्दांत अपराधियों का जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई कराने सहित उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए। कहा कि आपरेशन त्रिनेत्र के तहत ग्राम पंचायत एवं व्यापारी बन्धुओं व प्रतिष्ठान मालिकों, समाजसेवियों व अन्य लोगों से सामंजस्य बना जनसहयोग से अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराएं। लम्बित विवेचनाओं व प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समयबद्ध कराया जाए। महिला एवं बालिकाओं से सम्बंधित अपराधों में गम्भीरता से कार्यवाही हेतु कड़े निर्देश दिए गए। सभी सम्बंधित को बिना नंबर प्लेट व त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट लगे वाहनों की सघन चेकिंग, रात्रि गश्त, पैदल गश्त हेतु सख्त निर्देश दिए गए। इसके बाद उन्होंने चंदौली कस्बे में पुलिस अधीक्षक चंदौली डा. अनिल कुमार व अपर पुलिस अधीक्षक सदर विनय कुमार सिंह व ऑपरेशन सुखराम भारती व पुलिस फोर्स के साथ पैदल गश्त किया।
Chandauli:डीआईजी वाराणसी ने पुलिस लाइन में जिले के पुलिस अधिकारियों संग की बैठक बोले,जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखे पुलिस
Seminar: सूक्ष्म उद्योगों की वृद्धि के लिए अनुदान पर मिल रहा ऋण
उद्यान विभाग की ओर से कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में गोष्ठी आयोजित
चंदौली। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अन्तर्गत शुक्रवार को कृषि विज्ञान केन्द्र चन्दौली में गोष्ठी का आयोजन किया गया। योजना के अन्तर्गत सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाईयों जैसे आटा उद्योग, बेकरी उद्योग, दालमिल, राइस मिल उद्योग, आइसक्रीम उद्योग, नमकीन उद्योग, मिठाई उद्योग, जूस उद्योग, दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद उद्योग, शहद उद्योग, केक उद्योग, फल एवं सब्जियों से बने खाद्य उत्पाद, अचार, पापड, चिप्स आदि से सम्बन्धित सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना तथा पूर्व में स्थापित उद्योगों पर चर्चा हुई।
इसके साथ ही पूर्व में स्थापित असंगठित सूक्ष्म उद्योग के उन्नयन व वृद्धि हेतु प्रोजेक्ट की धनराशि का 35 प्रतिशत अधिकतम रूपये 10 लाख की सीमा तक अनुदान दिया जा रहा है। सम्बन्धित क्षेत्र में इच्छुक व्यक्ति को कार्यक्रम का लाभ प्राप्त करने में आने वाली व्यवहारिक समस्याओं, बैंकों को उपयुक्त तरीके से प्रस्ताव प्रेषित करना, बैंकों द्वारा मांगें जाने वाले अभिलेख व प्रपत्र इत्यादि विभिन्न पहलुओं पर केन्द्र सरकार के प्रतिनिधि के द्वारा प्रस्तुत किया गया। विभिन्न बैंकों से आये शाखा प्रबंधकों व प्रतिनिधियों से योजनान्तर्गत प्रस्तुत आवेदनों को त्वरित गति से समाधान करने एवं प्रस्ताव के अनुरूप ऋण स्वीकृत करने हेतु आग्रह किया गया। लीड बैंक मैनेजर मनोज द्वारा जनपद में कार्यरत बैंकों से उद्यान विभाग की ओर से आने वाले प्रस्ताव पर त्वरित गति से समाधान करने का निर्देश दिया गया। गोष्ठी में योजनान्तर्गत चार व्यक्तियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किया गया। जिसमें नितिश सिंह (बेकरी उद्योग), वेद प्रकाश गुप्ता, बासुदेव सिंह, निक्कु पासवान, रीना यादव आदि उद्यमी मौजूद रहे। जिला उद्यान अधिकारी शीतल प्रसाद वर्मा द्वारा उद्यान विभाग से वर्ष 2023-24 में संचालित विभिन्न कार्यक्रम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, पर ड्राप मोर क्राप माइक्रोइरीगेशन योजना इत्यादि के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। खाद्य प्रसंस्करण से सूक्ष्म उद्योगों को अपनाकर आय एवं रोजगार सृजन में वृद्धि किये जाने पर बल दिया गया। सम्वन्धित योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन विभागीय वेबसाइट पर कर सकते हैं। कार्यक्रम में अनुराग सिंह, भरत कुमार, हरिश्चन्द्र पटेल, मोहन कुमार तथा शुभेन्द्र प्रताप सिंह, धर्मेंद मिश्रा उपस्थित रहे। समापन जिला उद्यान अधिकारी ने किया। गोष्ठी में रमेश ठाकुर, अंकित कुमार झा, मनोज कुमार, जनार्दन, जीपी यादव, एसपी सिंह, शिवनन्दन, रमेश सिंह आदि उपस्थित रहे।
43 मवेशियों संग चकिया पुलिस ने तस्कर को दबोचा, चार पशु तस्कर फरार
फोटो-
चकिया पुलिस की कार्रवाई में मुक्त कराए गए गोवंश।
पुलिस कार्यवाही के दौरान चकमा देकर भागे
चकिया। कोतवाली पुलिस ने मुसाखांड़ बंधे के पास से घेराबंदी कर गुरुवार की दोपहर डीसीएम पर लादकर बिहार भेजे जा रहे 43 गोवंशों को पशु तस्करों से मुक्त करा दिया। पुलिस ने मौके से एक पशु तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, वहीं उसके चार साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम और गोवध निवारण अधिनियम एक्ट के तहत गाड़ी को सीज करने के साथ ही तस्कर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी अतुल प्रजापति ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि मिर्जापुर के रास्ते डीसीएम पर पशुओं को लादकर पशु तस्कर मुसाखांड़ बंधे के रास्ते बिहार जाने की फिराक में है। जिस पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस की दो टीम बनाकर मूसाखांड़ हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस की घेराबंदी देख पशु तस्कर डीसीएम को सड़क पर खड़ा करके भागने लगे, जिस पर पुलिस के जवानों ने काफी दूर जंगलों में पीछा कर एक पशु तस्कर तिरासी मलहर निवासी रामनवल को गिरफ्तार कर लिया उसके अन्य साथी जंगलों में भाग निकले तलाशी के दौरान गाड़ी से 43 गोवंश बरामद हुए। कोतवाली प्रभारी अतुल प्रजापति ने बताया कि डीसीएम वाहन को शीज कर गिरफ्तार तस्कर और उसके साथियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम में रामपुर चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र शर्मा, एसआई अशोक सिंह, राकेश कुमार, दिनेश पटेल, प्रेमचंद, दुर्गा दत्त यादव सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
सिलाई मशीन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनेगी महिलाएं:धीरज कुमार
चंदौली। भारतीय स्टेट बैंक की ओर से प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को सीएसआर के अंतर्गत मां मैत्रीयनी योगिनी संस्थान की ओर से 25 महिलाओं को मुख्यालय स्थित श्री राधा कृष्ण पैलेस में सिलाई मशीन का वितरण किया गया। इसका शुभारंभ भारतीय स्टेट बैंक वाराणसी अंचल के प्रमुख धीरज कुमार, उपमहाप्रबंधक ने सिलाई मशीन देकर किया।
इस दौरान धीरज कुमार ने कहा कि भारतीय स्टेट बैंक आर्थिक रूप से देश के विकास में सर्वाधिक योगदान दे रहा है।साथ ही सामाजिक विकास के लिए भी जो कुछ अधिकतम कर सकता है, उसके लिए निरंतर प्रयासरत है। कहा कि जिन युवती और महिलाओं सिलाई मशीन दिया जा रहा है इससे वह आर्थिक रूप से समृद्ध होकर सशक्तिकरण की ओर कदम बढ़ा सकती हैं। वहीं उन्होंने वित्तीय साक्षरता पर भी जोर दिया। कहा कि भारत सरकार योजना जैसे प्रधानमंत्री मुद्रा लोन सहित तमाम योजनाओं के माध्यम से बैंक से जुड़कर सहयोग लेकर आत्मनिर्भर बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है। निश्चित ही इसका लाभ आप सभी को लेना चाहिए। इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक संजय कुमार चौधरी, मुख्य प्रबंधक निशांत श्रीवास्तव, मां मैत्रियनी योगिनी संस्थान के सचिव यशवंत सिंह, मनोज कुमार उपस्थित रहे। संचालन भारतीय स्टेट बैंक के राजभाषा अधिकारी अभिनव विक्रम ने किया।
Civil Bar Association: अध्यक्ष पद तीन व महामंत्री पद पर पांच ने किया नामांकन

वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर लवकुश पटेल व अजय कुमार मौर्य के बीच सीधी लड़ाई के आसार
चंदौली(Chandauli)। सिविल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के क्रम में शुक्रवार को नामांकन की प्रक्रिया गहमागहमी के बीच सम्पन्न हुईं। इस दौरान अध्यक्ष पद पर राकेश रत्न तिवारी समेत वीरेंद्र प्रताप सिंह व राजेश कुमार दीक्षित ने नामांकन कर लड़ाई त्रिकोणी बना दी। वहीं महामंत्री पद पर पांच आवेदन हुए, जिससे अबकी बार अध्यक्ष पद के साथ ही महामंत्री पद पर जोरदार लड़ाई के आसार दिख रहे हैं। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर लवकुश पटेल के साथ ही अजय कुमार मौर्य ने नामांकन कर अपनी दावेदारी पेश की।

सिविल बार भवन में नामांकन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप तय पर शुरू हुआ। शुक्रवार को अध्यक्ष पद के साथ ही महामंत्री ताबड़तोड़ कई नामांकन हुए, जिससे पूरे दिन चुनाव को लेकर कचहरी परिसर में चर्चाएं व्याप्त रहीं। अध्यक्ष पद पर डा. बीरेंद्र प्रताप सिंह, राजेश कुमार दीक्षित तथा राकेश रत्न तिवारी ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। महामंत्री पद पर अनिल कुमार सिंह, अरुण कुमार पाण्डेय, गौरव सिंह, हरेन्द्र प्रताप सिंह तथा रामकृत ने अपना पर्चा दाखिल किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अजय कुमार तथा लवकुश पटेल ने अपना दावा ठोंका, जबकि उपाध्यक्ष दो पद (10 वर्ष से ऊपर) पर चंदन सिंह एवं राजू प्रसाद ने नामांकन किया।

वहीं उपाध्यक्ष कनिष्ठ दो पद (10 वर्ष से नीचे) पर मिथिलेश सिंह एवं संतोष कुमार सिंह ने पर्चा भरा। संयुक्त मंत्री तीन पद के सापेक्ष दो ही लोगों क्रमशः अनिल मौर्य और संदीप पाण्डेय ने नामांकन किया। कार्यकारिणी 6 पद (15 वर्ष से ऊपर) पर अशफाक अहमद, राम जनम राम, बंश नारायण सिंह, रणधीर सिंह, राजेन्द्र तिवारी व विजय साहु ने नामांकन किया। इसके अलावा कार्यकारिणी 6 पद (15 वर्ष से नीचे) पर केवल तीन ही नाम निर्देशन पत्र पड़े, जिसमें जिसमें अजय कुमार, सूर्यकांत उपाध्याय तथा रामशिला तिवारी ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। यह जानकारी वरिष्ठ समिति के चंद्रमौलि उपाध्याय ने दिया। बताया कि निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा अभी नहीं की जाएगी। मतगणना के बाद ही सभी निर्वाचित प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। नामांकन को लेकर आज अधिवक्ताओं में काफी उत्साह का माहौल देखा गया। इस दौरान समर्थन खेमेबंदी कर अपने-अपने प्रत्याशियों के बाद पर मतदाता अधिवक्ता से वोटन मांगते और माहौल बनाते हुए नजर आए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता लवकुश पटेल ने अपने समर्थकों गुलाब चंद, पूरन यादव, समरनाथ सिंह, चन्द्रभान सिंह, अनिल सिंह, दद्दू सिंह, डब्बल सिंह, संदीप सिंह, मोहन शर्मा, ओंकार प्रसाद, लालू प्रसाद, विनय वर्मा के साथ नामांकन किया। नामांकन से लौटने के बाद समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे लगाए और उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।
पुण्यतिथि: लोकनाथ सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन भागीदारी के साथ ही शिक्षा की जलाई अलख
चहनियां(Chahaniya): क्षेत्र के रामगढ़ स्थित लोकनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पूर्व विधायक स्वर्गीय लोकनाथ सिंह की 46वीं पुण्य तिथि समारोहपूर्वक मनी। प्रथम सत्र के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह व विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने मां सरस्वती, बाबा कीनाराम, लाल बहादुर शास्त्री व लोकनाथ सिंह के तैल चित्र पर माल्यार्पण व द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत किया। रामायण गान, कालेज के छात्र छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, सरस्वती गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक मंचन, हास्य, गीत संगीत आदि की प्रस्तुति किया कालेज के प्रबंधक धनंजय सिंह द्वारा सभी अतिथियों को अंग वस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि आज का दिन हम सबके लिए संकल्प का दिन है, क्योंकि लोकनाथ सिंह ने देश की आजादी लड़ाई में सहभागिता के साथ ही समाज में स्थान बनाया है। उनके व्यक्तित्व से प्रेरित होकर हम सभी को समाज के हित में काम करने की जरूरत है। उनके योगदान व समर्पण को सदैव याद रखा जाएगा। विशिष्ठ अतिथि विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा कि बाबा कीनाराम की धरती से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व विधायक लोकनाथ सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया। वे अपने कार्यों व प्रयासों से समाज मे अपना छाप छोड़ गये है। हम सभी ऐसे महापुरुषों के बताये रास्ते पर चलेंगे तो राष्ट्र मजबूत होगा। इन्होंने सत्याग्रह, नमक आंदोलन, देश आजाद कराने जैसे कई देश हित के लिए कार्य किया है। उन्होंने टाण्डाकला, धराव व रामगढ़ के अलावा अन्य कई इंटर कॉलेजों का निर्माण किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान सबको करना चाहिए।

दूसरे सत्र के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि परिवार से दूर रहकर स्व0 लोकनाथ सिंह ने जो त्याग किया है उसे भुलाया नही जा सकता है । देश की आजादी में इन्होंने अपना सहयोग प्रदान किया । ऐसा त्याग अन्यत्र कही देखने को नही मिलता है ।इस दौरान ब्लाक प्रमुख अजय सिंह, महेंद्र सिंह, डा. राजेन्द्र प्रताप सिंह, प्रभुनारायण सिंह लल्ला, उपेंद्र सिंह, रमेश चंद्र पांडेय, इस्पेक्टर राजीव सिंह, अरविंद सिंह, शैलेन्द्र पाण्डेय, राजेन्द्र पाण्डेय, अंजनी सिंह, डॉ रिजवान अहमद, विरेन्द्र यादव, आशीष विद्यार्थी, अखिलेश अग्रहरी आदि लोग उपस्थित थे। अध्यक्षता सन्त कुमार त्रिपाठी, संचालन विनय कुमार सिंह व स्वागत डॉ हरिश्चन्द्र सिंह, आभार प्रबंधक धनंजय सिंह ने किया।
Weather: मौसम परिवर्तन से सरसों की फसल को माहों का खतरा
माहो से बचने के लिए सरसों की फसल को पर करें दवा का छिड़काव
चंदौली(Chandauli, Weather News): जनपद में बार-बार मौसम का मिजाज बदलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। इन दिनों आसमान में बादल छाने और सर्द हवाएं चलने से किसान सहम गए हैं। किसानों का मामना है कि यदि बारिश संग ओलावृष्टि हुई तो सरसों आलू और अगैती मटर व चना फसलों को नुकसान पहुंचेगा। ऐसे में आगैती सरसों की फसल को नुकसान हो सकता है।इससे माहो कीटों के बढ़ने का खतरा बढ़ जाएगा। ऐसे किसानों को फसलों पर दवा का छिड़काव करना जरूरी है।
जनपद Chandauli में पिछले दो दिनों से मौसम गर्म हो रहा था। लेकिन मंगलवार की सांयकाल आसमान में बादल छाने के साथ ठंडी हवाएं चलने से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। इससे किसानों को चिंता सताने लगी है। बारिश हुई तो अगैती गेहूं को तो फायदा होगा, लेकिन आलू, चना और सरसों की फसल को नुकसान हो सकता है। सरसों में माहों कीट का खतरा बढ़ जाएगा। यही नहीं अभी किसानों के धान खेत और खलिहान के साथ क्रय केंद्र पर पड़े हुए है। अगर बारिश होगी तो किसानों को काफी नुकसान होगा। वही पिछड़ी गेहूं, चना, सरसों, मटर की फसल काफी नुकसान होगा।इसे लेकर किसने की चिंता मौसम से बढ़ती जा रही है।जिले में इस बार लगभग 470 हेक्टेयर में सरसों की खेती की जा रही है। मौसम में उतार-चढ़ाव से सरसों के फूलों पर माहों कीट का खतरा बढ़ जाता है। किसान बताते हैं कि अगैती फसलों को बचाने के लिए उपाय नहीं किए गए तो सरसों की फसल नष्ट होने का खतरा बढ़ जाएगा। लिहाजा सरसों के फूलों पर कीटनाशक का छिड़काव करना होगा। वहीं कृषि वैज्ञानिक डा. अभय दीप गौतम ने बताया माहों की रोकथाम के लिए क्लोरपायरीफास-20 दवा एक लीटर या मोनोक्रोटोफास-36 एसएल दवा एक लीटर सात से आठ सौ लीटर पानी में घोल तैयार कर प्रति हेक्टेयर के हिसाब से खेत में छिड़काव करें तो माहों के प्रकोप से सरसों की फसल को बचाया जा सकता है।
Railway: महिला डिब्बे में यात्रा करने वाले 578 पुरुषों पर हुई कार्यवाही
डीडीयू नगर(DDU Nagar)। ऑपरेशन ‘समय पालन‘ के तहत चेन पुलिंग करने वाले 199 लोग तथा ऑपरेशन ‘महिला सुरक्षा‘ के तहत महिला डिब्बे में यात्रा करने वाले 578 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया। हाजीपुर जोन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि पूर्व मध्य रेल द्वारा बिना पर्याप्त कारण अवैध रूप से चेन पुलिंग करके रेल गाड़ियों को जहां-तहां रोकने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाती रही है। मध्य रेल के सुरक्षा बलों द्वारा ऑपरेशन ‘समय पालन‘ के तहत ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि ट्रेनें अनावश्यक रूप से विलंब ना हो।
ऑपरेशन ‘समय पालन‘ के तहत पिछले सप्ताह 01 से 08 जनवरी तक रेलवे सुरक्षा बल की टीम द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेलखंडों में बिना उचित कारण के चेन पुलिंग करने के आरोप में 199 लोगों को हिरासत में लिया गया। इन लोगों के विरूद्ध रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई। ऑपरेशन ‘समय पालन‘ के तहत इन 08 दिनों में सर्वाधिक 110 लोग दानापुर मंडल में पकड़े गये, जबकि समस्तीपुर मंडल में 38, सोनपुर मंडल में 23, डीडीयू मंडल में 19 तथा धनबाद मंडल में 09 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसी तरह महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर ऑपरेशन ‘महिला सुरक्षा‘ के तहत महिला कोच में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ भी धर-पकड़ अभियान चलाया गया। ऑपरेशन ‘महिला सुरक्षा‘ में तहत रेलवे सुरक्षा बल द्वारा पूर्व मध्य रेल के विभिन्न रेल खंडों पर महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में रेल अधिनियम की धारा 162 के तहत 578 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया। इनमें सर्वाधिक 384 लोग दानापुर मंडल में जबकि सोनपुर मंडल में 94, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल में 83 तथा समस्तीपुर मंडल में 17 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया।
Chandauli:हंगामेदार रहा जनप्रतिनिधि बोर्ड की बैठक,सभासदों के विरोध के चलते बाहर हुए सांसद और विधायक प्रतिनिधि
डीडीयू नगर। जिले के एक मात्र नगर पालिका परिषद के जन प्रतिनिधि बोर्ड की बुधवार को हुई बैठक हंगामेदार रही।बैठक में सांसद और विधायक के प्रतिनिधि के तौर पर शिरकत कर रहे बावला मुखर्जी और भीम मोदी को निर्वाचित सभासदों के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध को देखते हुए दोनों प्रतिनिधि सभाकक्ष से बाहर चले गए।इसके बाद बैठक सुचारू रूप से चला। कई प्रस्तावों को चर्चा के बाद पारित किया गया। जलकर विभाग के एक प्रस्ताव को सभासदों की विरोध पर स्थगित कर दिया गया। वही मवई खुर्द वार्ड में नगर पालिका की 12 बीघा जमीन है। जिसे प्लाटरों के द्वारा कब्जा कर लिया गया है। सभासदों ने कहा कि जनप्रतिनिधि बोर्ड की पूर्व में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था। कि जहां पर भी सरकारी जमीन है।जो दूसरों के कब्जे में है उसे मुक्त कराया जाएगा। इस प्रस्ताव को लेकर भी सभासदों ने जमकर हंगामा किया।नगर के विकास पर मंथन किया।
नगर पालिका जनप्रतिनिधि बोर्ड की बैठक बुधवार को सभागार में निर्धारित समय से आरंभ हुई। सभा में 25 वार्डों के सभासद मौजूद रहे।
सभासदों के विरोध के स्वर ऊंचा होते देख दोनों प्रतिनिधि बाहर चले गए। दोनों प्रतिनिधियों के बाहर जाने के बाद बैठक आरंभ हुई और तेरह में बारह प्रस्तावों पर चर्चा की गई। नगर पालिका के दुकानों के नीलामी का मुद्दा छाया रहा। आउट सोर्सिंग कर्मचारियों के ठेके का सीमा समाप्त होने पर पूर्व या वर्तमान फर्म को स्वीकृत करने पर विचार किया गया। अलाव जलाने के लिए निविदा जारी करने पर विचार किया गया।बैठक में विभिन्न वार्डों के सभासद मौजूद रहे। अध्यक्षता चेयरमैन सोनू किन्नर और संचालन अधिशासी अधिकारी व एसडीएम विकास धर ने किया।
Cyber Crime Police टीम ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
चंदौली(Chandauli): Cyber Crime Police टीम द्वारा मंगलवार को सुदामा देवी महिला महाविद्यालय में साइबर अपराध के प्रति जागरूक किरा गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मौर्या, उपनिरीक्षक दीपक पाल, उपनिरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह व आरक्षी संतोष कुमार यादव द्वारा छात्राओं को साइबर अपराध व इनसे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान उपनिरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इंटरनेट हमारे दैनिक जीवन का एक अभिन्न अंग है। इसने हमारे आपस में संवाद करने, मित्र बनाने, नई सूचना (अपडेट) साझा करने, खेल (गेम) खेलने और खरीदारी करने के तरीके को बदल दिया है। यह हमारे दैनिक जीवन के अधिकांश पहलुओं को प्रभावित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अपनी किसी भी जानकारी को पब्लिक प्लेटफॉर्म जैसे कि सोशल मीडिया पर शेयर न करें। सोशल मीडिया साइट्स के लिए ऑफिशियल Email का इस्तेमाल न करें। अपनी जन्मतिथि, नाम, मोबाइल नंबर आदि का इस्तेमाल कभी भी पासवर्ड बनाने में न करें। एक ही पासवर्ड का प्रयोग विभिन्न सेवाओं, वेबसाइट और ऐप में न करें। किसी भी पॉपअप ऐड को रिस्पॉन्ड न करें। ई-मेल अटैचमेंट के जरिए आए किसी भी सॉफ्टवेयर को अपने कंप्यूटर में इंस्टॉल न करें। अपने क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड की जानकारी वेब ब्राउजर में सेव न करें। अपने निजी और बैंकिंग डिटेल्स को किसी के साथ फोन या ई-मेल या फिर एसएमएस के जरिए शेयर न करें। कभी भी किसी भी प्रकार की ओटीपी भूलकर किसी के साथ शेयर न करें। Free Wifi व असुरक्षित वाईफाई का इस्तेमाल करने से बचें तथा शॉपिंग और बैंकिंग के लिए इसका इस्तेमाल कभी न करें। कहा कि Bank व वॉलेट कंपनियां या अन्य अधिकृत संस्थान कभी भी केवाईसी अपडेट करने के लिए कॉल नहीं करते हैं। साथ ही अपने ग्राहकों के मोबाइल पर केवाईसी से सम्बन्धित कोई लिंक सॉझा नहीं करते हैं। अपना मोबाइल नम्बर, खाता नम्बर, Password, OTP, PIN या कोई अन्य गोपनीय विवरण कभी भी किसी के साथ साझा न करें। कोई भी अधिकृत बैंक या ग्राहक सेवा कभी भी अपने ग्राहकों से कोई गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए नहीं कहती है। अपनी व्यक्तिगत व निजी तस्वीरें सार्वजनिक रूप से साझा न करें। कभी भी अपने व्यक्तिगत विवरण या वित्तीय जानकारी जैसे लॉगिन क्रेडेंशियल, पासवर्ड व क्रेडिट या डेबिट कार्ड का विवरण और ऐसी अन्य जानकारी किसी के साथ ऑनलाइन साझा न करें, क्योंकि इसका दुरुपयोग किया जा सकता है।










