37.3 C
Chandauli
Thursday, April 2, 2026

Buy now

Home Blog Page 279

Chandauli: कमरे में मृत मिले डिप्टी सीएमओ अनूप कुमार

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद मृत डिप्टी सीएमओ के परिजन।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद मृत डिप्टी सीएमओ के परिजन।

सीएमओ समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मियों व चिकित्सकों ने दी विदाई

चंदौली(Chandauli)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात डिप्टी सीएमओ अनूप कुमार की सोमवार की अलसुबह अचानक मौत की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.जुगल किशोर राय, सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डा. संजय कुमार यादव सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौके पर पहुंच गए। वहीं जानकारी के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज कर आगे कार्रवाई में जुट गई और उसकी सूचना परिजनों की दी।

मृत डिप्टी सीएमओ अनूप कुमार। फाइल फोटो।
मृत डिप्टी सीएमओ अनूप कुमार। फाइल फोटो।

आपको बता दें कि चंदौली जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात डिप्टी सीएमओ अनूप कुमार पिछले डेढ़ वर्षों से चंदौली में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह जिला मुख्यालय पर ही किराए के कमरे में लेकर अकेले रहते थे। रविवार की रात को भोजन के बाद सोए थे कि उसके बाद सोने के दौरान ही उनकी मौत हो गई। जब सुबह उनकी गाड़ी का ड्राइवर उनको चाय देने गया तो जगाने के बाद शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद तत्काल इसकी जानकारी वह मोबाइल के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुगल किशोर राय को दी। डिप्टी सीएमओ की मौत की सूचना पर तत्काल सीएमओ सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी वहां पहुंच गए। हार्ट अटैक के चलते मौत की आशंका जताई जा रही है। सूचना के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी व सकलडीहा सीएचसी के प्रभारी संजय कुमार यादव मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचना देते हुए उनके शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। बताया जा रहा है कि डिप्टी सीएमओ अनूप कुमार देवरिया जिले के भटनी थाना के गांव साहूपार मिशादेवी के निवासी थे। उनकी पत्नी भी देवरिया जिले सरकारी नौकरी में तैनात हैं। डिप्टी सीएमओ के पास दो पुत्रियां एवं एक पुत्र भी है। दोपहर बाद परिजन और रिश्तेदार जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद सभी सीएमओ कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें कर्मियों ने अंतिम विदाई दी। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जुगल किशोर राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका है। पोस्टमार्टम के बाद चीजें स्पष्ट होंगी।

Dimand: गरीबों से जबरन बिजली बिल की वसूली बंद करे विभाग‚ सरकार बकाए बिल करे माफ

एक्सईएन विद्युत को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते इंकलाबी नौजवान सभा के लोग।
एक्सईएन विद्युत को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपते इंकलाबी नौजवान सभा के लोग।

चंदौली(Chandauli)। जिले में जबरन हो रही बिजली बिल की वसूली पर रोक लगाने व प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना अंतर्गत गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को फ्री कनेक्शन देकर बिजली बिल वसूलना बंद करने की मांग को लेकर इंकलाबी नौजवान सभा का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को एक्सईएन विद्युत से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पावर हाउस के अंदर थाना निर्मित कर पुलिस के बल पर धमकी देने का आरोप लगाया। कहा कि मुकदमा दर्ज करने जैसी कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। साथ ही मजदूरों व गरीब किसानों को फ्री बिजली उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही दो, बकाया बिजली बिल माफ किया जाए।
कहा कि सरकार किसानों के खेतों को पानी देने के लिए फ्री बिजली उपलब्ध कराए। अति पिछड़ा चंदौली जिले को 200 यूनिट फ्री बिजली दे ताकि यहां के गरीब वर्ग पर आर्थिक बोझ न बढ़े। प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व कर रहे इंकलाबी नौजवान सभा के जिला सचिव ठाकुर प्रसाद ने कहा कि पूरे जिले में गरीबों को धमका कर बिजली बिल वसूली जा रही है। मनमाने तरीके से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। बिजली विभाग का ठेकाकरण कर दबंगों के बल पर वसूली की जा रही है। विकास के दौर में भारत की गरीब जनता को प्रकाश न दे पाना मोदी सरकार के सौभाग्य योजना की फ्री कनेक्शन के नाम पर भारी बिजली बिल वसूली की पोल को खोलता है। इंकलाबी नौजवान सभा पूरे प्रदेश में बिजली के सवाल को लेकर विद्युत उपकेंद्रों, जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर मांग पत्र सौंपा। यदि समय रहते मोदी सरकार गरीबों से हो रही जबरन वसूली पर रोक नहीं लगती है तो बड़े आंदोलन के माध्यम से भंडाफोड़ किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में ठाकुर प्रसाद, शशिकांत सिंह, किस्मत यादव, श्याम देई, राजू सोनकर शहीत कई नौजवान शामिल रहे।

Rail Accident: बेपटरी हुई गेहूं लदी मालगाड़ी की बोगी, अधिकारियों में मचा हड़कंप

बेपटरी हुई बोगी को पटरी पर लाने का प्रयास करते रेल कर्मी।
बेपटरी हुई बोगी को पटरी पर लाने का प्रयास करते रेल कर्मी।

दो विभाग आपस में एक दूसरे पर करते रहे दोषारोपण

डीडीयू नगर(Mughalsarai)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर जीटीआर ब्रिज के पास पोल संख्या 673/948 के नजदीक सोमवार की सुबह सवा दस बजे मालगाड़ी की एक बोगी बेपटरी हो गई। इसकी जानकारी होते ही विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में मंडल के अधिकारियों ने कर्मचारियों के माध्यम से राहत कार्य में जुट गए। मालगाड़ी बेपटरी होने से डाउन के मालगाड़ी की तीन लाइन बाधित हो गई। यात्री ट्रेनों के परिचालन पर इसका कोई असर नहीं रहा।
मध्य प्रदेश से गेहूं लादकर मालगाड़ी का रैक धनबाद के लिए रवाना हुआ। मालगाड़ी का रैंक डीडीयू यार्ड में पहुंचा। वहीं सोमवार की सुबह सवा दस बजे मालगाड़ी का रैक धनबाद के लिए रवाना हुआ। जीटीआर ब्रिज के पास मालगाड़ी की एक वैगन बेपटरी हो गई। इसकी जानकारी होते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फानन में सीनियर डीसीएम सुधांशु रंजन, डीओएम रंजन कुमार, डीसीएम दीपक कुमार आदि मौके पर पहुंच गये। वहीं दूसरी ओर रेल कर्मचारी राहत कार्य में जुट गए। विभागीय कर्मचारी आगे व पीछे की बोगियों को अलग कर बेपटरी वैगन को पटरी पर लाने के प्रयास में जुटे रहे। इस दौरान अधिकारियों का दल वैगन बेपटरी होने की जांच करने में जुटे हैं। दो बजे वैगन पटरी पर आ गई। समाचार लिखे जाने तक रेल पटरी का मरम्मत कार्य जारी रहा, ताकि उक्त रेलखंड पर अन्य मालगाड़ी का रैक चलाया जा सके। वैगन के बेपटरी होने से इंजीनियरिंग विभाग व वैंगन केयर विभाग आपस में एक-दूसरे पर दोषारोपण करते रहे। रेलवे प्रशासन ने इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं।

Chandauli: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में एक-दूजे हुए 72 जोड़े

चंदौली में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल वर-वधू व अतिथिगण।
चंदौली में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल वर-वधू व अतिथिगण।

सामूहिक शादी के दौरान दो जोड़ों का मौलवी ने कराया निकाह

चंदौली(Chandauli)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को मुख्यालय स्थित शारदा मंगल वाटिका 72 जोड़ों की शादी हुई। यहां पर 70 जोड़ो की शादी वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ हुई, वही दो मुस्लिम जोड़े भी शादी के बंधन में बंधे। इसका शुभारंभ मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने किया।
इस दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के हाथ पर लेकर आने के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आयोजन कर रही है इसका लाभ गांव के गरीब को सीधे मिल रहा है। इस योजना के तहत गांव के गरीब परिवार के बेटियों के हाथ पीले करने के लिए सरकार कटिबंध साथ ही उन्हें उपहार भी दे रही है। प्रदेश सरकार सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के साथ काम कर रही है इसी से लोगों का विश्वास बीजेपी सरकार पर बढ़ा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 70 जोड़ो की वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ शादी कराई गई वही दो जोड़ों की शादी मौलवी ने निकाह करके कराई। वहां उपस्थित लोगों ने वर वधू को आशीर्वाद दिया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, प्रधान रिंटू सिंह, जितेंद्र पांडेय, जगत तिवारी आदि उपस्थित रहे।

BSP: आकाश आनंद के ताजपोशी से चंदौली के बसपाई गदगद

चंदौली भीमराव अम्बेडकर पार्क में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार करते बसपा कार्यकर्ता।
चंदौली भीमराव अम्बेडकर पार्क में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार करते बसपा कार्यकर्ता।

चंदौली(Chandauli)। बहुजन समाज पार्टी जिला इकाई की बैठक सोमवार को शंकर मोड़ स्थित बाबा भीमराव अम्बेडकर पार्क में हुई। इस दौरान पार्टी प्रमुख मायावती द्वारा आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किए जाने पर बसपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर खुशी का इजहार किया। कहा कि इस निर्णय से आगे आने वाले दिनों में पार्टी तेजी से राजनीतिक ऊंचाइयों को स्पर्श करेगी और भीमराव अंबेडकर व कांशीराम के सपनों व उद्देश्यों को पूरा करने के लिए पार्टी पूरी शिद्दत के साथ काम करेगी।

इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान ने कहा कि पार्टी का दायित्व आकाश आनंद को मिलने से पार्टी से युवाओं का जुड़ाव बढ़ेगा और पार्टी नई ऊर्जा के साथ दलित उत्थान व पिछड़ों, वंचितों व शोषितों के हक में मजबूती के साथ संघर्ष करेगी। कहा कि आज जिस तरह से देश में लोकतंत्र व संविधान को खत्म करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। ऐसे दौर में पार्टी में हो रहा परिवर्तन से नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कहा कि बसपा लोकसभा-2024 में पुराने कार्यकर्ताओं के राजनीतिक कौशल व नए युवाओं के ऊर्जा के साथ लड़ने का काम करेगी। पार्टी जनहित के मुद्दे पर चुनावी मैदान में आएगी और सत्ता पक्ष के जनविरोधी कामकाज का पुरजोर विरोध करते हुए सत्ता में लौटने का काम करेगी। इस अवसर पर तिलकधारी बिन्द, जिला प्रभारी मुकेश कुमार, अमरेश कुमार, मनोज प्रकाश पांडे, उमापति, संदीप कुमार भारती, उत्तर कुमार, राजकुमार, अर्चना देवी, विनोद प्रधान, शीला देवी, अशोक कुमार, पप्पू लहरी, उमेश मिश्रा, विन्दा देवी, चन्द्रावती देवी, लाची देवी, वन्दना देवी, संजय कुमार, राकेश शर्मा, सूबेदार आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला उपाध्यक्ष राजन खान ने किया।

Chandauli:राष्ट्रपति के आगमन पर डीडीयू स्टेशन पर हाई अलर्ट,रेलवे सुरक्षा बल ने डॉग स्क्वायड के साथ किया सघन चेकिंग अभियान


डीडीयू नगर। वाराणसी जिले के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दीक्षांत समारोह में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल ने डॉग स्क्वायड के साथ शनिवार की रात और रविवार की शाम डीडीयू स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने सभी प्लेटफार्म, फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया के साथ अप और डाउन की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी सघन जांच पड़ताल किया।
वाराणसी जिले के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दीक्षांत समारेाह में शामिल होने के लिए आ रही है। इसके लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं वाराणसी से सटे जनपद होने के कारण चंदौली में हाई एलर्ट पर है। शनिवार को आधी रात के वक्त डॉग स्क्वायड के साथ आरपीएफ के जवानों ने चेकिंग अभियान की शुरूआत की। इस दौरान विभिन्न प्लेटफार्म पर खड़ी यात्री ट्रेनों में जांच पड़ताल की गई। वहीं सभी प्लेटफार्म, वेटिंग रूम, फुटओवर ब्रिज, पीएचबी हाल, सर्कुलेटिंग एरिया में सघन जांच पड़ताल किया गया।इस दौरान यात्रियों में किसी प्रकार की लावारिश वस्तु दिखने अथवा संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर इसकी सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया गया। यात्रा के दौरान बेटिकट यात्रा न करने, गेट पर बैठ कर यात्रा न करने और किसी प्रकार की समस्या होने पर रेलवे के निशुल्क नंबर 139 पर कॉल करने को कहा गया। इसी क्रम में रविवार की शाम को एक बार फिर से पूरे स्टेशन पर गहन छानबीन की गई। अभियान में उप निरीक्षक निशांत कुमार, सरिता गुर्जर, एसबी सिंह, अर्चना मीणा, आरएन राम, गौतम कुमार, सहायक उप निरीक्षक उमाकांत राम ,प्रधान आरक्षी आरसी यादव, योगेश कुमार, आरके सुब्रमण्यम आदि शामिल रहे। इस बाबत आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Chandauli:151 दिव्यांगजनों की मददगार बनी राज्यसभा सांसद, दर्शना सिंह निःशुल्क सहायक उपकरण का किया वितरण

चंदौली। कृषि विज्ञान केंद्र में शनिवार को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, पूर्वी क्षेत्र पाइपलाइन्स, बी.के.पी.एल., डी.डी.यू. नगर को सीएसआर योजना के अन्तर्गत दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ राज्य सभा सांसद दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने 151 दिव्यांगों को फूलमालाएं पहनाकर ट्राई साइकिल वितरण किया। कहा कि केन्द्र सरकार के मंशानुरूप इंडियन मिल कॉरपोरेशन लिमिटेड पूर्वी क्षेत्र पाइपलाइन्स बी.के.पी.एल की सीएसआर योजना के अंतर्गत दिव्यांगजन को दैनिक जीवन को आसान करने में बड़ी मददगार साबित होगी।

भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) दिव्यांगजन के साथ ही असहाय वृद्धजन का जीवन भी सुलभ बनाने में जुटा है। जो लोग ठीक से चल नहीं पाते थे वो आज कृत्रिम अंगों की बदौलत दौड़ रहे हैं। और जो दृष्टिहीन असहाय होकर घर के एक कोने में बैठे रहते थे। वह सेंसर युक्त छड़ी की बदौलत खुद चलकर अपने काम कर रहे हैं।

इनसेट……
इस उपकरणों का दिव्यांगजनों में हुआ वितरण
बैट्री चालित ट्राईसाइकिल 20, ट्राईसाइकिल 86, फोल्डिंग व्हील चेयर 15, बैसाखी 74, वाकिंग स्टिक 26, कान की मशीन 36, सुगम्य केन 06, स्मार्ट फोन 04, ए.डी.एल. किट 03, सेल फोन 03, कैलीपर्स और कृत्रिम अंग 12 का हुआ वितरण।

Corruption: मनोज डब्लू का सवाल किसकी जेब में जाएगा कमीशन का 41.25 करोड़

घोसवा क्रय केन्द्र पहुंचकर धान खरीद में हो रही कमीशनबाजी का किया खुलासा

चंदौली(Chandauli)। सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू शनिवार को घोसवां सहकारी समिति एवं धान क्रय केन्द्र पर अचानक पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने धान खरीद में किसानों के जेब पर अधिकारियों द्वारा डांका डालने का आरोप लगाया और सोशल मीडिया पर लाइव होकर धान खरीद में हो रहे झोल का भंडाफोड़ किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद 250 लाख एमटी खरीद के सापेक्ष 41.25 करोड़ रुपये किसानों से वसूल किया जाना है, जिसकी शुरुआत हो चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि आखिर ये पैसा किसकी जेब में जाएगा। जिला प्रशासन इसकी जांच करे और यदि प्रशासन किसानों से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कार्यवाही नहीं करता है तो यह माना जाएगा कि इसमें डीएम, एडीएम समेत क्षेत्रीय विधायक व सांसद का हिस्सा और यह पैसा सरकार तक जाएगा।

उन्होंने कहा कि बीते शुक्रवार को उनके करीबी किसान धान बेचने घोसवां क्रय केंद्र पहुंचे, वहां तैनात जिम्मेदार अफसर द्वारा प्रति कुंतल तीन किलो कटौती के साथ ही 100 रुपये कमीशन की मांग की। पूर्व विधायक का करीबी होने की बात करने पर प्रति कुंतल 50 रुपये की छूट कमीशन में दी गई। लेन-देन के इस ब्यौरे का पूरा साक्ष्य मौजूद है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो अन्नदाता इस वक्त बारिश व मौसम की मार झेल रहा है उसे प्रशासनिक उत्पीड़न का भी सामना करना पड़ रहा है। यह कहानी मात्र घोसवां क्रय केन्द्र की नहीं, बल्कि पूरे जनपद की जहां 250 एमटी धान की खरीद का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में किसानों ने प्रति कुंल 165 रुपये की उगाही खुलेआम की जा रही है यानी धान खरीद के बहाने जिला प्रशासन अपने कमीशन का भी लक्ष्य निर्धारित कर रखा है जो करीब 41.25 करोड़ आता है।

अब सवाल यह उठता है कि किसानों से वसूल की जाने वाली इतनी बड़ी रकम कहां-कहां और किसके जेब में जाएगा। बताया कि इसकी लिखित शिकायत डीएम चंदौली से साक्ष्य के साथ की जाएगी। उम्मीद है जिला प्रशासन इसे गंभीरता से लेते हुए कठोर कार्यवाही करेगी, अन्यथा की दशा में जनपद के किसान यह मान लेंगे कि यह रकम डीएम, एडीएम व क्षेत्रीय विधायकों व सांसद के साथ ही सरकार तक पहुंच रही है। किसान हितों की बात करते हुए उन्होंने कर्नाटन व तेलंगाना की सरकारों द्वारा संचालित योजनाओं का जिक्र किया, जिससे किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होते हैं, जबकि चंदौली के किसानों की कोई सुधि लेने वाला नहीं है।

सड़क सुरक्षा की बैठक में DM Chandauli ने NHAI को लगाई फटकार

कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक करते डीएम व एसपी।
कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक करते डीएम व एसपी।

DM Chandauli ने सड़क दुरूस्त नहीं होने पर जनपद से बैन करने की दी चेतावनी

चंदौली(Chandauli)। जिलाधिकारी निखिल टीकारााम फुंडे की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को संपन्न हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने पचफेड़वा के पास क्षतिग्रस्त सड़क अब तक ठीक न कराए जाने पर एनएचआई के संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई और यथाशीघ्र सड़क दुरुस्त न कराए जाने पर मीटिंग एवं जनपद से बैन करने की चेतावनी भी दी। जिलाधिकारी ने प्लांटेशन एवं ड्रेन कंस्ट्रक्शन कार्य ठीक से न होने पर भी कड़ी नाराजगी जाहिर की।
DM Chandauli ने सड़क दुर्घटना में कमी लाने हेतु अनावश्यक कट अब तक बंद न होने का कारण पूछा। इस पर NHAI के संबंधित अधिकारी द्वारा बताया गया कि पड़ाव से मुगलसराय मार्ग के निर्माण कार्य के दौरान पेड़ों की कटाई का कार्य प्रगति में होने के कारण कट अभी तक बंद नहीं किए जा सके। दो माह के अंदर परमानेंट डिवाइडर लगा के कट बंद कर दिए जाएंगे।
परिवहन संभागीय अधिकारी को निर्देश दिया कि ड्राइविंग लाइसेंस आवेदन के दौरान कलर ब्लाइंडनेस एवं विजन टेस्ट अवश्य कराया जाए और कलर ब्लाइंडनेस से पीड़ित व्यक्ति को लाइसेंस जारी न किए जाएं। आरटीओ को डीआईओएस एवं पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर स्कूली वाहनों के फिटनेस जांच कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने फाग को लेकरएनएचआई, पीडब्ल्यूडी एवं आरटीओ को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

एसपी अनिल कुमार ने एनएचआई के अधिकारियों को हाईवे पेट्रोलिंग ठीक से कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने 25 से 31 दिसंबर तक शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश ट्रैफिक पुलिस को दिया। कहा कि नौगढ़ पिकनिक स्पॉट पर इस संबंध में विशेष अभियान चलाया जाए। बैठक के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक द्वारा यह निर्देशित किया गया है कि लगातार तीन बार से अधिक चालान वाले अभियोग में चालक के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाए।

Chandauli: गरीब परिवार की बेटी के विवाह में जन सहयोग संस्थान ने बढ़ाए मदद के हाथ

महेश गिरि के परिवार को विवाह हेतु मदद प्रदान करते जन सहयोग संस्था के अध्यक्ष।
महेश गिरि के परिवार को विवाह हेतु मदद प्रदान करते जन सहयोग संस्था के अध्यक्ष।

गरीब परिवार की मदद कर जन सहयोग संस्था ने निभाया सामाजिक दायित्व

चंदौली(Chandauli)। समाजसेवा को अपना जज्बा व जुनून बना चुके जन सहयोग संस्था के अध्यक्ष अजीत सोनी अपनी टीम के साथ हर दिन एक नया आयाम स्थापित कर रहे हैं। रक्तदान व शिक्षा के क्षेत्र में गरीबों व समाज की मुखर धारा से दूर रहने वाले परिवारों के मददगार बने अजीत सोनी व उनकी संस्था ने एक और पुनीत कार्य को बखूबी अंजाम दिया है। उन्होंने नियामताबाद क्षेत्र के लाखापुर निवासी गरीब व जरूरतमंद मोहन गिरि की पुत्री के विवाह में बड़ा सहयोग प्रदान कर उसे सकुशल सम्पन्न कराने में अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया।
उन्होंने अपनी टीम के हिमांशु वर्मा, प्रेम कुमार मौर्य, अशरफ खान के साथ समाज के संभ्रांत लोगों के सहयोग से गरीब परिवार की बेटी के विवाह के लिए उपहार स्वरूप तमाम जरूरत की चीजें इकट्ठा की और उसे उनके घर पहुंचाने का काम किया। उन्होंने गरीब परिवार की बिटिया काजल की शादी में बतौर तोहफा बेड सेट, बेड बॉक्स, सूट केश, अटैची, छोटा बॉक्स, गद्दा, तकिया, सिंगारदान, टेबल आदि प्रदान किया। अध्यक्ष अजीत कुमार सोनी ने बताया कि उन्हें जब जरूरमतंद महेश गिरि के बेटी के विवाह की जानकारी मिली तो उन्होंने अपने सहयोगियों व अपने कुछ जानने-पहचानने वाले लोगों से मदद को लेकर चर्चा की और सभी के सहयोग की उपेक्षा की। हर बार उनकी टीम व समाज के संभ्रांत लोगों द्वारा सहयोग राशि प्रदान की गई, जिसकी मदद से जन सहयोग संस्था की टीम ने गरीब बिटिया की शादी के लिए जरूरत का सामान खरीद कर परिवार को भेंट किया। जन सहयोग संस्था का सहयोग पाकर गरीब परिवार खुशी से फूला नहीं समाया। उन्होंने पूरी टीम को इस सहयोग के लिए आभार जताया। कहा कि समाज के प्रबुद्ध लोगों को गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए ऐसे ही आगे आना चाहिए, ताकि समतामूलक समाज की स्थापना का सपना साकार हो सके।

Chandauli
scattered clouds
37.3 ° C
37.3 °
37.3 °
16 %
3.3kmh
49 %
Thu
41 °
Fri
40 °
Sat
41 °
Sun
39 °
Mon
39 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights