चंदौली(Chandauli)। धान खरीद को लेकर एसडीएम सदर मनोज कुमार पाठक द्वारा नवीन मंडी परिसर में सभी केंद्र प्रभारी व किसानों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान एसडीएम ने बताया कि किसान धान सुखाकर लाए और केंद्र प्रभारी से मिलकर धान बेचने से पहले नमी नपवाले ताकि किसी भी प्रकार की बाद में समस्या ना रहे। धान खरीद के लिए 17% नमी की धान की खरीद की जाएगी। और टोकन वितरण करने के बाद ही जिस डेट का रहे उसे डेट पर ही किसान धान लावे समस्त कृषक बंधुओ से अनुरोध किया गया कि धान सुखाकर लाए ताकि मंडी परिसर में किसी भी प्रकार की जाम की समस्या ना हो। मौके पर मंडी सचिव राजेश कुमार वर्मा, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी मुनेंद्र कुमार गंगवार, विपणन निरीक्षक मृदुल कुमार उपाध्याय, किसान अजय कुमार सिंह पीयूष सिंह बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Chandauli:दो बाइको की टक्कर में तीन घायल,दो की हालत नाजुक
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के बथावर मुख्य मार्ग पर गुरुवार की देर शाम दो बाइकों की आमने सामने टक्कर हो गयी। घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल निजी वाहन से तीनों को सकलडीहा सीएचसी पर भर्ती कराया। जहा हालत चिंताजनक देख बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
बताते हैं कि दिनदासपुर गांव निवासी संजीव 23 वर्ष व गुरूचरण 22 वर्ष और दरियापुर निवासी 18 वर्षीय प्रवीण कुमार बताया गया। वही इलाज के दौरान चिकित्सक डॉ0 बीके प्रसाद व गुड्डू सिंह,फार्मासिस्ट शेष नाथ यादव, ने हालत गंभीर होने पर तीनो घायलो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बाबत थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दो बाइको की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए जिनको बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
Chandauli:सदर कोतवाल राजीव कुमार को पुलिसकर्मियों ने दी भावभीनी विदाई,स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
चंदौली। सदर कोतवाल राजीव कुमार सिंह का सकलडीहा तबादला होने पर बुधवार को सदर कोतवाली में पुलिस कर्मियों ने उनको माला पहनाकर भावभीनी विदाई दी। साथ ही स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कोतवाल राजीव कुमार अपने एक साल के कार्यकाल में मृदु व्यवहार, ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। उन्होंने अपनी कार्यशैली से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाया। और उनको भय मुक्त रखा उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि यह परम सौभाग्य की बात है। कि पुलिस जैसे बल में आकर हमको कमजोर व पीड़ित लोगों को न्याय दिलाकर उनकी मदद करने का अवसर मिला है। इस दौरान अरबिंद यादव,नीरज कुमार, शेखर यादव अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहें।
Chandauli:पारिवारिक कलह से उबकर विवाहिता ने लगाई फांसी,मौत
चकिया। कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर गांव में पारिवारिक कलह से उबकर 30 वर्षीय रेहाना ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी ईह लीला समाप्त कर ली। रेहाना स्वास्थ्य विभाग में आशा के पद पर कार्यरत थी। पति रसीद गांव में ही सैलून का दुकान खोलकर बाल बनाने का काम करता है। रसीद पत्नी और अपने दो पुत्रों के साथ पिता हफीजुल्ला से पिछले चार माह से अलग रहता था। हफीजुल्ला के चार पुत्रों में रसीद दूसरे नंबर का था। रसीद से उसकी पत्नी का किसी बात को लेकर काफी कहा सुनी भी हुई थी। रसीद दुकान खोलने चला गया तो रेहाना ने घर में रहे दोनों पुत्रों को पैसे देकर बाहर कुछ सामान खरीदने के लिए बाजार भेज दिया। और घर में रस्सी के सहारे अपने टिन सेड में लगे बांस की करी में रस्सी का फंदा लगाकर झूलकर अपनी जान दे दी। बाजार से वापस आए पुत्र आशीन 8 वर्ष, असगर 6 वर्ष ने देखा कि मां गले में रस्सी लगाकर लटकी हुई है
तो वह दौड़कर पिता रसीद को घटना की जानकारी दी। जिस पर रसीद मौके पर आकर रस्सी को काटकर पत्नी रेहाना को बचाने का प्रयास किया मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष त्रिपाठी तथा चौकी प्रभारी दुर्गा दत्त यादव मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। सीओ आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि रेहाना की मौत के कारणों का पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
Jan Sahyog: खेल व व्यायाम से स्कूली बच्चों को जोड़ रही जन सहयोग संस्थान
चंदौली(Chandauli)। जन सहयोग संस्थान की ओर से चंदौली ब्लाक के पचास कंपोजिट स्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में प्रोजेक्ट छलांग ईएलएमएस और पीरामल फाउंडेशन के सहयोग से चलाया जा रहा है। जिसमें छात्रों का शिक्षा के साथ शारीरिक विकास बहुत महत्वपूर्ण है। शारीरिक गतिविधियों, व्यायाम, खेल और स्वस्थ जीवनशैली को शिक्षा के हिस्से के रूप में शामिल करने से छात्रों का सामाजिक, शारीरिक और मानसिक विकास होता है। इससे उनकी स्वस्थता, आत्मविश्वास और कौशल में सुधार होती है। शिक्षा में शारीरिक गतिविधियों को सम्मिलित करके छात्रों को समृद्ध और संतुलित विकास का अवसर मिलता है।

फिजिकल एजुकेशन विद्यालयों या संस्थानों में छात्रों को शारीरिक गतिविधियों, खेल, और स्वास्थ्य से जुड़े क्षेत्रों में शिक्षा प्रदान करती है। यह उन्हें नियमित व्यायाम, खेल और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझाती है। फिजिकल लिटरेसी शारीरिक क्षमताओं के विकास को दर्शाता है और यह व्यक्ति को शारीरिक कौशल, ज्ञान और समझ के साथ विभिन्न शारीरिक गतिविधियों में सक्षम बनाता है। दोनों ही क्षेत्र शिक्षा, समाज और स्वास्थ्य के माध्यम से छात्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रोजेक्ट छलांग के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी जन सहयोग संस्थान द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। जिसमें गत 14 नवंबर को बाल दिवस के उपलक्ष्य में चाचा नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री के जीवन के कार्यों के बारे में बताया। इसका आयोजन सदर के स्कूल मांचिया कला, सुल्तानपुर, उरगांव, बनौली खुर्द आदि विद्यालयों पर किया गया। इस मौके पर संस्था प्रमुख अजीत सोनी, प्रोग्राम मैनेजर विकास यादव, फील्ड कॉर्डिनेटर विजय कुमार, अंकित सिंह, मैनुद्दीन अंसारी उपस्थित रहे।
RPF कर्मियों के पैसे की हेर-फेर करने वाला क्लर्क युवराज गिरफ्तार
सॉफ्टवेयर के जरिए अपनी पत्नी के खाते में भेजता था रकम
चंदौली(Chandauli)। रेल कर्मियों के एकाउंट से छेड़छाड़कर उसकी जगह अपना और अपनी पत्नी का एकाउंट नंबर डालकर रेल कर्मचारियों की कमाई हेराफेरी करने वाले रेलवे क्लर्क को मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने हरिशंकरपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। उक्त मामले का एसपी डा. अनिल कुमार ने बुधवार को पुलिस लाइन में खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि सहायक सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल पीडीडीयू नगर हरिनारायण राम ने मुगलसराय कोतवाली में सूचना दी थी कि आरक्षी मो. मुजीब ने पीएफ खाते से 17 अक्टूबर को 92000 रुपये निकासी हेतु आवेदन बिलिंग क्लर्क को प्रार्थना पत्र दिया था, जो 17 अक्टूबर को ही मुख्यालय हाजीपुर अग्रसारित हो गया। उसी दिन धनराशि आवंटित कर दी गयी, जो मो. मुजीब के खाते में नहीं आई। 19 अक्टूबर को कार्यालय अधीक्षक के यहां से जानकारी की गयी तो ज्ञात हुआ कि पैसा आवेदक के खाते में भेज दिया गया है। अभियुक्त युवराज सिंह ने मो. मुजीब के खाते के स्थान पर अपनी पत्नी नीतू का खाता दर्ज किया था। इससे पैसा उसकी पत्नी के खाते में चला गया। युवराज अपनी पत्नी के खाते से पैसा मो. मुजीब के खाते में ट्रांसफर नहीं कर पाया। बैंक से पे-स्लीप निकलवाने पर हेराफेरी की जानकारी हुई। इसके आधार पर पुलिस ने युवराज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। विवेचना में पता चला कि युवराज सिंह अधिकारियों-कर्मचारियों का 3 करोड़ 61 लाख 91 हजार 217 रुपया अपने व अपनी पत्नी के खाते में पैसा ट्रांसफर कर चुका था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित को हरिशंकरपुर मोड़ से गिरफ्तार किया। पुलिस के पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 2006 में आरपीएफ में आरक्षी के पद पर नियुक्त हुआ था। बाद में मेडिकल अनफीट होने के कारण 2017 में क्लर्क के पद पर नियुक्त हो गया। उसने क्लर्क के रूप में आरपीएफ के अधिकारियों व कर्मचारियों का वेतन बनाता था। सेक्सन में उसके ऊपर एल-2, मुख्य कार्यालय अधीक्षक एव एल-3, सहायक सुरक्षा आयुक्त थे। जिनके द्वारा युवराज के बनाए गए बिलों की जांच करने के पश्चात आंकिक शाखा में जाता था। वहां पर भी एल-1 अधिकारी, सहायक आंकिक एल-2 अधिकारी सेक्शन आफिसर के चेक करने के पश्चात एल-3 अधिकारी, सहायक मण्डल वित्त प्रबन्धक की ओर से बिल को पास कर पेमेन्ट किया जाता था। उसके बाद सम्बन्धित के खाते में पैसा चला जाता था। आरोपी ने बताया कि वर्ष 2016 में एम्स साफ्टवेयर आया। उससे वह किसी कर्मचारी का पैसा ज्यादा भरकर लगा देता था, तो उसे कोई पकड़ नहीं पाता था और इसी सिस्टम के माध्यम से सम्बन्धित कर्मचारी को खाते में अंकित खाता नम्बर को बदलकर अपनी पत्नी अथवा अपना खाता नंबर डाल देता था। इस धन का उपयोग उसने पत्नी व साडू मनोज कुमार को गाड़ी, भूमि खरीदने व शराब के व्यवसाय व अन्य कामों में लगाया था। आरोपित के पास से पुलिस ने एक क्रेटा कार, एक प्रिन्टर और दो अदद मोबाइल बरामद किया।
Chandauli:कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने के लिए एसपी ने 13 थानाध्यक्ष को किया इधर से उधर, देखे सूची
चंदौली। जिले में कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ अनिल कुमार ने 13 थाना अध्यक्षों को उधर से उधर कर दिया। नए प्रभारी में एसपी के पीआरओ विजय
बहादुर सिंह को मुगलसराय का इंस्पेक्टर भार सौंपा। वही भदोही में एसपी के पीआरओ रहे।

गगन राज सिंह को चन्दौली सदर, कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव सिंह को सकलडीहा का दायित्व सौंपा गया। इंस्पेक्टर विमलेश मौर्या को नौगढ़, नौगढ़ प्रभारी को चकिया का प्रभार दिया गया। वही चकिया प्रभारी रहे मिथिलेश तिवारी को एसपी का पीआरओ बनाया गया। डायल 112 प्रभारी सत्यनारायण मिश्रा को सैयदराजा, सलील स्वरूप आदर्श को कन्दवा, सुधीर कुमार आर्य को चकरघट्टा का प्रभारी बनाया गया। कन्दवा निरीक्षक श्यामा तिवारी, सैयदराजा सन्तोष कुमार सिंह, मुगलसराय दीनदयाल पांडेय, चकरघट्टा हरिनाथ प्रसाद को गैर जनपद रवानगी के लिए पुलिस लाइन में आमद कराया गया है।
व्यापारियों के मान सम्मान व सुरक्षा के लिये सदैव रहूंगी तत्परः साधना सिंह

सकलडीहा(Sakaldiha)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले मंगलवार को कस्बा स्थित एक लॉन में सकलडीहा व्यापार मंडल ईकाई के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सकुशल संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की प्रदेश उपाध्यक्ष साधना सिंह ने सकलडीहा अध्यक्ष दिलीप गुप्ता, महामंत्री श्यामबहादूर भारती सहित अन्य दस पदाधिकारियों को शपथ दिलाया। इस मौके पर व्यापारियों को उनके हित के लिये सदैव तत्पर रहने का भरोशा दिया। इस मौके पर नवनियुक्त पदाधिकारियों को मालाफूल से व्यापारियों ने स्वागत किया।
इस दौरान पूर्व विधायक साधना सिंह ने कहा कि व्यापारियों के मान सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा सदैव किया है करती रहूंगी। किसी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। चाहे बिजली विभाग हो या सैम्पलिंग किसी प्रकार का उत्पीड़न होने नहीं दिया जायेगा। कुछ लोग व्यापारी को सिर्फ गुमराह करके राजनीति करते है। वही जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, महामंत्री संतोष जायसवाल, हाजी जोखू सिद्दीकी, विवेक जायसवाल, मुराहू विश्वकर्मा, डा. अभय वर्मा,श्यामनारायण राजभर दरोगा ने व्यापारी एकता का मिशाल कायम करने का अपील किया। अंत में नवनियुक्त उद्योग व्यापार मंडल सकलडीहा के जिला मंत्री आशीष जाससवाल, अध्यक्ष दिलीप गुप्ता, महामंत्री श्याम बहादुर भारती, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिनव सिंह, उपाध्यक्ष सुबाष चौरसिया, बाबूजान, नंदन कुमार, शिवदास जायसवाल, मंत्री सत्यम जायसवाल व कोषाध्यक्ष अवधू सिंह को शपथ दिलाई। इस मौके पर शशीकांत सिंह,अर्जुन जायसवाल, रामभरोश जायसवाल,राकेश जायसवाल, अशोक सिंह, बाबूलाल जायसवाल, आलोक रंजन गुप्ता, राधेश्याम सैनी, शौकत चौधरी, अनूप जायसवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
विकसित भारत संकल्प यात्राः गांव-शहर तक पहुंचाएं सरकारी की योजनाएं
विकासपरक व कल्याणकारी योजनाओं से आमजन को करें संतृप्तः विपुल गोयल
चंदौली(Chandauli)। विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफल क्रियान्वयन हेतु भारत सरकार द्वारा जनपद के लिए नामित नोडल अधिकारी विपुल गोयल, संयुक्त सचिव सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग भारत सरकार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं के संतृप्तिकरण के लिए आउटरिच गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए।
संयुक्त सचिव विपुल गोयल ने सर्वप्रथम कार्यक्रम (वैन) का रुट चार्ट बनाने का निर्देश दिया। कहा कि प्रत्येक दिन के लिए डे अफसर नामित किए जाएं एवं उनके द्वारा प्रत्येक गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड कराया जाए। बताया कि माह नवंबर के तीसरे सप्ताह से प्रारंभ होकर 26 जनवरी 2024 के मध्य जनपद में आयोजित होने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान सरकार के विभिन्न विकासपरक एवं कल्याणकारी योजनाओं से पात्र व्यक्तियों के संतृप्तिकरण, प्रचार प्रसार एवं जागरूकता का कार्य किया जाना है। इस हेतु जनपद को 6 वैन प्राप्त हुए हैं। जल्द ही सभी वैन जनपद में आ जायेंगे। बताया कि ये वैन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार जाएंगे। निर्धारित स्थलों पर चौपाल व कार्यक्रम आयोजित कर हर पात्र व्यक्तियों को सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। योजनाओं से लाभान्वित हुए लाभार्थियों के जीवन स्तर में किस तरह से सुधार आया है उनकी जुबानी भी सुनी जाएगी। बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर आम जन को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से संतृप्त भी किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य लक्षित लाभार्थियों खास तौर पर वंचित लोगों तक समयबद्ध तरीके से प्रमुख योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। साथ ही उन्हें बुनियादी सुविधाओं से आच्छादित करना है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डा अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा वाईके राय उपस्थित रहे।
Sanjay Singh की गिरफ्तारीः घर-घर दस्तक देकर आम आदमी पार्टी ने चंदौली में बांटे पर्चे
फोटो-01
चंदौली मुख्यालय पर दुकानदारों में पर्चा बांटते आम आदमी पार्टी के लोग।
संजय सिंह की गिरफ्तारी के सच से लोगों को कराया अवगत
चंदौली। आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को घर-घर दस्तक कार्यक्रम के तहत पर्चे बांटे। इन पर्चों में संजय सिंह की गिरफ्तारी का सच बताने का प्रयास किया गया है। आम आदमी पार्टी द्वारा प्रथम चरण में 25 लाख घरों में दस्तक देने जा रही है। अभियान के तहत कार्यकता हर घर पहुंच कर सांसद व यूपी प्रभारी संजय सिंह की ईडी द्वारा की गयी अवैध गिरफ्तारी का काला सच उजागर कर रहे हैं।
मंगलवार को अभियान के तहत आम आदमी पार्टी चंदौली के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय स्थित कचहरी चंदौली से पर्चा वितरण अभियान की शुरुआत की और चंदौली सदर बाजार में दुकानदारों को एक-एक दुकान जाकर के पर्चा बांटा तथा घर-घर दस्तक दी। घर में मौजूद लोगों को दो पेज का दस्तावेज देकर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक ने बताया गया कि केंद्र सरकार के इशारे पर संजय सिंह के ऊपर कारवाई की गई है। बताया कि संजय सिंह आम आदमी की आवाज, पटरी-रेहड़ी, दुकानदारों, पिछड़ों-दलितों की आवाज को संसद में उठा रहे थे तो उन्हें संसद से निलंबित किया गया। जब उन्होंने किसानों के संघर्ष की आवाज उठाई तो उन्हें ईडी का डर दिखाया गया। लेकिन संजय सिंह तब और हमलावर हो गये और उन्होने प्रधानमंत्री और अडानी के भ्रष्टाचार का सच उजागर करना शुरू कर दिया। कहा कि संजय सिंह ने जब केंद्र सरकार और उप्र सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करना शुरू किया तो संजय सिंह को जेल भेजने की साजिश रची गयी। जिला सचिव राजकुमार पासवान ने कहा कि हम भाजपा के काले कारनामों को बताने का काम करेंगे। मुगलसराय नगर सचिव रंजीत कुमार ने कहा आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार मिटाने के लिए बनी है और हम उनके भाजपा के कारनामों को घर-घर बताएंगे। इस मौके पर ज्ञान पांडेय, शिवानंद चौबे, राजकुमार पासवान, विवेक कुमार गुप्ता, कुशल, उज्जवल, वकील, सुनील कुमार, बंटी कुमार, संदीप गुप्ता, सत्येंद्र कुमार ,संतोष कुमार, शिव कुमार आदि उपस्थित रहे।










