News Chandauli : समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने सपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन समाजवादी पार्टी के नेताओं को चिह्नित कर उन्हें प्रताड़ित व परेशान कर रही है। साथ ही यह भी कहा कि सपा नेताओं के खिलाफ हो रही दमनकारी कार्यवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं है। इसकी जिनती निन्दा की जाए कम है।
उन्होंने कहा कि जिस पर पूर्व राष्ट्रीय सचिव के खिलाफ पुलिस ने मुगलसराय थाने में मामला दर्ज किया वह पुलिस कर दमनकारी नीति को प्रदर्शित करता है। कहा कि सत्ता पक्ष के लोग घंटों सड़क जामकर यातायात को बोधित करने के साथ ही आमजन तक तकलीफ पहुंचाते हैं, लेकिन तब पुलिस प्रशासन उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लेती। इतना ही नहीं भाजपा के नेता सत्ता के नशे में नियम-कायदे को ताक पर रखकर अपने लग्जरी वाहनों पर नियम विरूद्ध तरीके से काली फिल्म के साथ हूटर लगाकर फर्राटा भर रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं होती है। वहीं विपक्ष के नेताओं को डराने व उनका उत्पीड़न करने के लिए फर्जी आधार पर फर्जी मुकदमें कायम किए जा रहे हैं जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
Samajwadi Party के नेताओं को टारगेट कर रही पुलिसः मनोज काका
Chandauli: हरिओम हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ विवेक सिंह ने बताया लोगो मे इस कारण फैलता है डेंगू बुखार, ऐसे करे बचाव
चंदौली। डॉ विवेक कुमार सिह ने बताया कि डेंगू बुखार, आमतौर पर हड्डी तोड़ बुखार के रूप में भी जाना जाता है, यह एक फ्लू जैसी बीमारी है, जो डेंगू वायरस के कारण होती है।यह तब होता है, जब वायरस वाला एडीज मच्छर किसी स्वस्थ व्यक्ति को काटता है। बताया कि डेंगू चार वायरसों के कारण होता है। डीईएनवी-1, डीईएनवी-2, डीईएनवी-3 और डीईएनवी-4। जब यह पहले से संक्रमित व्यक्ति को काटता है। तो वायरस मच्छर के शरीर में प्रवेश कर जाता है। और बीमारी तब फैलती है। जब वह मच्छर किसी स्वस्थ व्यक्ति को काटता है। और वायरस व्यक्ति के रक्तप्रवाह के जरिये फैलता है। एक बार जब कोई व्यक्ति डेंगू बुखार से उबर जाता है। तो वह विशिष्ट वायरस से प्रतिरक्षित होता है। लेकिन अन्य तीन प्रकार के वायरस से नहीं। यदि आप दूसरी, तीसरी या चौथी बार संक्रमित होते हैं। तो गंभीर डेंगू बुखार, जिसे डेंगू रक्तस्रावी बुखार के रूप में भी जाना जाता है। के विकसित होने की संभावना बढ़ जाती है।
इनसेट—-
डेंगू के लक्षण
आमतौर पर डेंगू बुखार के लक्षणों में एक साधारण बुखार होता है। और किशोरों एवं बच्चों में इसकी आसानी से पहचान नहीं की जा सकती। डेंगू में 104 फारेनहाइट डिग्री का बुखार होता है। जिसके साथ इनमें से कम से कम दो लक्षण होते हैं। सिर दर्द मांसपेशियों, हड्डियों और जोड़ों में दर्द जी मिचलाना उल्टी लगना आंखों के पीछे दर्द ग्रंथियों में सूजन त्वचा पर लाल चकत्ते होना तीन प्रकार के बुखार होते हैं। जिनसे व्यक्ति को खतरा होता है। जो इस प्रकार हैं हल्का डेंगू बुखार, डेंगू रक्तस्रावी बुखार और डेंगू शॉक सिंड्रोम। हल्का डेंगू बुखार – इसके लक्षण मच्छर के दंश के एक हफ्ते बाद देखने को मिलते हैं। और इसमें गंभीर या घातक जटिलताएं शामिल हैं। डेंगू रक्तस्रावी बुखार – लक्षण हल्के होते हैं, लेकिन धीरे-धीरे कुछ दिनों में गंभीर हो सकते हैं। डेंगू शॉक सिंड्रोम – यह डेंगू का एक गंभीर रूप है और यहां तक कि यह मौत का कारण भी बन सकता है। डेंगू बुखार का कोई विशिष्ट उपचार नहीं है। क्योंकि डेंगू एक वायरस है। यथासमय देखभाल से मदद मिल सकती है। जो कि इस बात पर निर्भर करता है कि बीमारी कितनी गंभीर है पैरासिटामोल जैसी दर्द निवारक दवाएं आमतौर पर रोगियों को दी जाती हैं। गंभीर डिहाइड्रेशन के मामले में कभी-कभी आईवी ड्रिप्स प्रदान की जाती हैं। हाइड्रेटेड रहें : यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि हमारे शरीर के अधिकांश तरल पदार्थों का उल्टी और तेज बुखार के दौरान ह्रास हो जाता है। तरल पदार्थों के लगातार सेवन से यह सुनिश्चित हो जाता है कि शरीर आसानी से डिहाइड्रेट नहीं होगा।
कैसे करे डेंगू से बचाव—–
शोधकर्ता अभी भी डेंगू बुखार के लिए एक विशिष्ट इलाज खोजने पर काम कर रहे हैं। डेंगू बुखार के उपचार में एसिटामिनोफेन टैबलेट के साथ दर्द निवारकों का प्रयोग शामिल है। इसके अतिरिक्त, आपको खूब तरल पदार्थ पीने और आराम करना चाहिये । सबसे अच्छा तरीका रोकथाम है । त्वचा को खुला न छोड़ें अपनी त्वचा की सतहों को ढकने और मच्छर के दंश की संभावना को कम करने के लिए लंबी पैंट और पूरी बाजू की शर्ट पहनने की कोशिश करें। डेंगू के मच्छर सुबह या शाम को अत्यधिक सक्रिय होते हैं, इसलिए ऐसे समय में बाहर निकलने से बचने की कोशिश करें। मच्छर रोधी क्रीम मच्छरों को दूर रखने के लिए आप रोजाना ऐसी क्रीम लगा सकते हैं। ठहरे हुए पानी को कीटाणुरहित करें एडीज मच्छर साफ और स्थिर पानी में पनपता है। पानी के बर्तन या टंकी को हर समय ढककर रखें और यदि आवश्यक हो तो एक उचित कीटाणुनाशक का उपयोग करें। मच्छरों के लिए एक प्रजनन आधार विकसित करने की संभावनाओं को कम करने के लिए ऐसे किसी भी बर्तन या सामान को उल्टा करके रखें, जिसमें पानी इकट्ठा हो सकता है।बीमारी के लक्षण बढ़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
Chandauli की आवाज को लेकर जौनपुर पहुंची न्याय पदयात्रा
Chandauli News: चंदौली से दिल्ली के लिए निकली न्याय पदयात्रा तीसरे व चौथे दिन जौनपुर जनपद के सरहद में चंदौली के न्याय के लिए आवाज बुलंद करती नजर आई। इस दौरान अधिवक्ता झन्मेजय सिंह की अगुवाई में पदयात्रियों ने कदमताल किया। ऐसे में जगह-जगह लोगों ने माल्यार्पण कर पदयात्रा का स्वागत एवं सम्मान किया। साथ ही उनके आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान भी किया।
इस दौरान अधिवक्ता झन्मेजय सिंह ने बताया कि चंदौली जिला मुख्यालय के विकास के साथ जिला न्यायालय के निर्माण के मुद्दे को लेकर विगत चार दिनों से पदयात्रियों का दल पैदल यात्रा कर रहा है। चंदौली से शानदार व सम्मानजनक विदाई के बाद वाराणसी के लोगों को ढेर सारा स्नेह व साथ व भरोसा प्राप्त हुआ, जिसने में पदयात्रियों में नई ऊर्जा का संचार करने का काम किया। कहा कि हम सभी 26 साल से उपेक्षित चंदौली के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, जिसमें चंदौली के लोगों के साथ ही वाराणसी और जौनपुर में लोगों को साथ मिला। हम सभी अपने लक्ष्य को लेकर दृढ़ संकल्प के साथ अपने अगले पड़ाव लखनऊ के लिए पैदल आगे बढ़ रहे हैं। वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपनी बातों को मजबूती से रखने व कहने का प्रयास होगा। यदि चंदौली के विकास से जुड़ी समस्याएं लखनऊ हल हो जाती है तो हम सभी वापस लौट आएंगे, अन्यथा पैदल ही विभिन्न जिलों, कस्बों व शहरों को पार करते हुए दिल्ली पहुंचने का काम करेंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपनी बातों को रखा जाएगा। क्योंकि चंदौली की व्यथा को दिल्ली तक पहुंचने से रोकने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हमेशा चंदौली और वहां के लोगों को छलने का काम किया है। बार-बार गुजारिश व शिकायत के बाद भी जनप्रतिनिधियांे व स्थानीय प्रशासन ने जिले के विकास के प्रति अपनी संवेदनशीलता व गंभीरता नहीं दिखाई। तमाम बाधाओं व दबाव के बावजूद अधिवक्ताओं ने अपनी एकता को दिखाने का काम किया है। आज हम सभी चंदौली के प्रतिनिधित्व का दायित्व पूरी जिम्मेदारी के साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। इस अवसर पर सत्येंद्र बिंद, धनंजय सिंह, संजय कुशवाहा आदि शामिल रहे।
विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाता है स्काउट-गाइडः सुनील यादव
चंदौली। आरएमएस एकेडमी अमड़ा में शनिवार को भारत स्काउट और गाइड के तत्त्ववधान में प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम के साथ प्रगतिशील प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान चंदौली चेयरमैन सुनील यादव गुड्डू मुख्य अतिथि व लेफ्टिनेंट सत्यमूर्ति ओझा बतौर विशिष्ट अतिथि समारोह में शामिल हुए।
इस दौरान चेयरमैन सुनील यादव गुड्डू ने कहा कि स्काउट-गाइड का प्रशिक्षण छात्रों-छात्राओं मे आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता के साथ साथ जीवन जीने की कला का विकास करता हैं, वही विशिष्ट अतिथि सत्यमूर्ति ओझा ने कहा कि स्काउट गाइड के प्रशिक्षण प्राप्त स्काउट गाइड अपने जीवन को संयमित ढंग से जीवनयापन करता हैं और समाज का नेतृत्व करता हैं। इस अवसर पर स्काउट गाइड के प्रतिभागियों ने टेंट. गैजेट, पुल, झूला के साथ साथ बिना बर्तन का भोजन बनाकर सभी अतिथियों को वाहवाही लूटी। इस अवसर पर मैनेजर सुधीर सिंह, डायरेक्टर अमित सिंह, प्रशिक्षक सैय्यद अली अंसारी, प्रधानाचार्य रजनी सिंह, गीतिका सिंह, मंगलचरण त्रिपाठी, उपेंद्र प्रताप सिंह, सुनिधि सिंह, सतीश यादव, प्रदीप चौहान उपस्थित रहे। संचालन सैय्यद अली अंसारी व धन्यवाद ज्ञापन गीतिका सिंह ने किया।
Chandauli: बिजली विभाग की टीम ने बड़े बकायादारों के काटे कनेक्शन,मचा हड़कंप
चंदौली। विद्युत वितरण मंडल के अधीक्षण अभियंता ओम प्रकाश व अधिशासी अभियंता सुनील कुमार के नेतृत्व में शनिवार को नगर में चेकिंग अभियान चलाया गया। जिससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया बिजली विभाग की टीम ने शंकर मोड़, अम्बेडकर नगर और संजय नगर में दर्जनों कनेक्शन चेक किए गए। इस दौरान बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। साथ ही उपभोक्ताओं का आधा दर्जन कनेक्शन का लोड बढ़ाया गया। जब कि एक लाख से अधिक राजस्व की वसूली की गई। अभियान से बिजली चोरी करने वालों में हड़कम्प मचा रहा।
उपखंड अधिकारी प्रथम विवेक मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि शासन-प्रशासन ने बिजली चोरी और बकाएदारों से राजस्व वसूली के लिए चेकिंग अभियान चलाने का फरमान जारी किया गया है। इसके तहत नगर में अभियान चलाया गया। इस दौरान 12 बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। छह कनेक्शन का लोड बढ़ाया गया। वहीं एक लाख 15 हजार रुपये राजस्व जमा कराया गया। जबकि मीटर रीडरों की ओर से बनाए गए 30 कनेक्शन का औचक निरीक्षण किया गया। इसमें सभी की रिडिंग सही पायी गई। इस मौके पर अवर अभियंता सुनील कुमार, दयानन्द त्रिपाठी, रामप्रवेश यादव सहित अन्य बिजली कर्मी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता ने उपखंड सैयदराजा एवं चकिया में मीटर रिडरों एवं संविदा कर्मियों को विट वाइज बिलिंग को प्रभावी बनाने के लिए बैठक कर राजस्व में वृद्धि करने का निर्देश दिया गया।
Crime: कहासुनी के दौरान युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला
Chandauli News: सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव के निवासी कन्हैया चौहान 22 पुत्र संतोष चौहान के ऊपर पुरानी रंजिश को लेकर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया है। किसी तरह युवक द्वारा लहूलुहान हालत में भाग कर जान बचाया गया।
जानकारी के अनुसार सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव के निवासी कन्हैया चौहान 22 पुत्र संतोष चौहान की पुरानी रंजिश में गांव के ही कल्लू चौहान से रहा। वही घायल के पिता संतोष चौहान ने बताया कि मेरे बेटे को कल्लू चौहान ने आपस में कहासुनी के दौरान दरवाजे से गुजर रहा था कि उसके ऊपर धारदार हथियार से कई बार किया गया, जिससे वह चीखने चिल्लाने लगा और मौका पाकर लहूलुहान हालत में भागा तब जाकर उसकी जान बच पाई। घायल हालत में जब वह अपने घर पहुंचा तो तत्काल उसे परिजनों द्वारा 108 एम्बुलेंस से सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से भर्ती कराया गया। वही चिकित्सक डा.बीके प्रसाद ने इलाज के दौरान हालत गंभीर देख तत्काल जिला अस्पताल को रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां अभी घायल का इलाज जारी है। इस संबंध में सकलडीहा थाना अध्यक्ष विमलेश कुमार मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखकर आरोपी को पुलिस गिरफ्तार करने में जुटी हुई है।
जीत का जश्नः Manoj Singh W के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा दर्ज
सपा नेता बोले, सत्ता पक्ष के इशारे पर मुझे रोकने के लिए की गई एफआईआर
Chandauli News : चंदौली समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को घोसी उपचुनाव में सपा की जीत का जश्न मनाना भारी पड़ा। मामले को संज्ञान में लेते हुए मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। वहीं दूसरी ओर इसकी जानकारी होने पर सपा नेता मनोज सिंह डब्लू ने ने शनिवार को पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने मुगलसराय में दर्ज मुकदमे को राजनीति से प्रेरित बताया। कहा कि हार से बौखलाए भाजपा के नेता, मंत्री व विधायक के इशारे पर जनपद पुलिस काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि उक्त एफआईआर मुझे रोकने की सोची-समझी साजिश है। कहा कि 14 सितंबर से गंगा कटान पदयात्रा निकाल रहा हूं, जिसकी भनक भाजपाइयों को लगने के बाद वह मुझे रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रहे हैं। मुगलसराय पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में मुझे अपने हथियार बंद दर्जनों समर्थकों द्वारा जबरदस्ती खतरनाक तरीके से सड़क पर वाहन खड़ा करना दिखाया गया है। कहा कि वह कट्टा खोसने वाले विधायक नहीं है। मुगलसराय में मेरे सरकारी सुरक्षा कर्मी के अलावा किसी भी व्यक्ति के हाथ में कोई असलहा नहीं था। इसके अलावा पुलिस ने स्कूली वाहन व एंबुलेंस को रोकने की पुलिसिया शिकायत को भी झूठा करार दिया। कहा कि वह मात्र 29 सेकेंड तक सड़क पर रुके और जिस वक्त उन्होंने आतिशबाजी की शाम साढ़े चार बज रहे थे। ऐसे में पुलिस एफआईआर स्कूल वाहनों को रोकने का उल्लेख करके पुलिस ने अपनी कार्य प्रणाली पर खुद ही सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप लगाया कि नए पुलिस कप्तान अन्य अफसरों की तरह भाजपा नेताओं के इशारे पर काम कर रहे हैं। साथ ही यह भी कहा कि उन्हें यदि जेल जाना हुआ तो जाएंगे, लेकिन जब भी लौट आएंगे गंगा कटान सम्पर्क यात्रा को जरूर पूरा करेंगे।
Mental disorder: तेजी से बढ़ रहा मानसिक बीमारियों का ग्राफः सीएमओ
Chandauli News: जिले में शनिवार को मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (सदर) में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं उपचार के लिए मानसिक स्वास्थ्य कैंप का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.वाईके राय ने किया। जिसमें पहले से मानसिक बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति अपना इलाज एवं मानसिक विभाग द्वारा प्रदत सुविधाओं के बारे में अवगत कराते हुए इलाज किया गया।
इस अवसर डा.वाईके राय ने कहा कि आज की आधुनिक टेक्नोलॉजी की दुनिया बहुत तेजी से विकास की राह में अग्रसर है। आज समाज में सामाजिक, आर्थिक व मानसिक स्तर पर मानसिक बीमारियों का ग्राफ काफी बड़ा है, जिसमें इन तनाव चिंता अवसाद आदि को लेकर जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मनोचिकित्सक डॉ नितेश सिंह ने बताया कि आयोजित कैंप में आसपास के लोग एवं आशा एएनएम, सीएचओ ने अपना सहयोग प्रदान किया। कहा कि मानसिक बीमारियों की उत्पत्ति डर, शक, चिंता एवं तनाव से उत्पन्न होती है जो अलग-अलग तरह की मानसिक बीमारियों का रूप लेता है। जैसे-अवसाद इस बीमारी में बच्चे हो या वृद्ध यह अपना प्रभाव समान रूप से दिखाता है। क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट अजय कुमार ने बताया कि मानसिक बीमारियों का इलाज जैसे-चिंता, मिर्गी, तनाव, नशे की लत लग जाना, मोबाइल की लत से होने वाले बच्चों में व्यवहार की समस्या, मानसिक मंदता, सिजोफ्रेनिया किसी काम में मन ना लगाना, अनायास डरना, बार-बार एक ही विचार आने एवं न्यूरोलॉजिक समस्या सेक्स संबंधी समस्या का इलाज एवं काउंसलिंग की सुविधा के बारे में लोगों को अवगत कराया गया। डॉ अवधेश ने बताया कि जिला लोगों के बीच मनकक्ष हेल्पलाइन 7565802028 एवं टेली मानस टोल फ्री नंबर 14416 या 1800-891-4416 पर 24 घंटे काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध है। जिला चिकित्सालय के चंदौली में मनकक्ष के 40 कमरा नंबर मानसिक चिकित्सालय चंदौली के मनकक्ष की ओपीडी 3 दिन सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को रहती है। इस अवसर पर पीएचसी प्रभारी डा.प्रदीप पांडेय, नोडल अधिकारी डा. अमित, डा.नितेश सिंह, डा.अवधेश, अजय कुमार, नताशा कश्यप मौजूद रहे।
Manoj Singh W का तंजः बयानवीर हैं भाजपा के मंत्री‚ सांसद व विधायक
Chandauli News: समाजवादी पार्टी के फायर ब्रांड नेता मनोज सिंह डब्लू जनहित के मुद्दे पर एक बार फिर रेलवे व सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डा.महेंद्रनाथ पांडेय को घेरते नजर आए। उन्होंने शुक्रवार को डीआरएम को एक माह पूर्व दी गई चेतावनी के तहत डीडीयू जंक्शन पहुंचे वहां उन्होंने एक माह पूर्व चंदौली मझवार, सैयदराजा, धीना, बहोरा व तुलसी आश्रम स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की याद दिलाई और स्टेशन के समक्ष स्थित हनुमान मंदिर पर सांकेतिक रूप से पूरे दिन हरिकीर्तन किया। साथ ही मनोज सिंह डब्लू ने रेलवे बोर्ड व सांसद तथा स्थानीय विधायक की सद्बुद्धि के लिए हवन-पूजन किया।

इस दौरान मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि भाजपा के नेता व कार्यकार्ता कर्मवीर नहीं, बल्कि बयानवीर है। जो बड़ी-बड़ी बातें तो करते हैं, लेकिन जनहित के मुद्दे पर ये कुछ भी कर पाने में सफल नहीं हो पाते। विगत माह जब मैंने जनहित के मुद्दे पर ट्रेनों के ठहराव के लिए डीआरएम से मुलाकात की तो मुझ पर कटाक्ष किए गए, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी ट्रेन चलवाने में नाकाम रहे। कहा कि भाजपा सरकार व उसके मंत्री, विधायक व सांसद इस वक्त कुंभकर्णी निन्द्रा में सोए हैं, जिन्हें आंदोलन की गूंज से जगाना पड़ेगा। कहा कि आज सांकेतिक रूप से धरना व आंदोलन किया गया है। बावजूद इसके रेलवे प्रशासन ने एक माह में ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित नहीं किया तो जन सहभागिता से बड़ा आंदोलन होगा। कहा कि भाजपा सरकार चंदौली जनपद में सुविधाओं को बढ़ाने की बजाय उसे कम कर रही है। स्थिति यह है कि कोविड-19 में चंदौली मझवार, सैयदराजा, धीना, तुलसी आश्रम व बहोरा स्टेशन रुकने वाली कई सवारी गाड़ियों का ठहराव रद्द कर दिया गया, जो आज तक बहाल नहीं हो सकता है। जनप्रतिनिधियों का झूठ व छलावा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनकी जवाबदेही तय की जा रही है उन्हें जनता को हर हाल में जवाब देना होगा। अंत में उन्होंने घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी सुधाकर सिंह के ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर की। साथ ही पटाखा फोड़ने के साथ ही स्थानीय लोगों को मिठाई खिलाकर खुशियां साझा की। इस मौके पर अखिलेश सिंह, दयाराम यादव, लल्लन बिन्द, लक्ष्मण मल्लाह, संतोष उपाध्याय, अंकित यादव, मुन्नीलाल मौर्या, संजय सिंह आदि उपस्थित रहे।

मनोज डब्लू ने न्याय पदयात्रा का किया स्वागत
डीडीयू नगर। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने शुक्रवार को जिला न्यायालय एवं चंदौली के विकास के संकल्प के साथ निकली पदयात्रा का डीडीयू नगर में स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पदयात्रा की अगुवाई कर रहे अधिवक्ता झन्मेजय सिंह समेत तमाम पदयात्रियों का माल्यार्पण करने के साथ स्वागत कर हौसला बढ़ाया। कहा कि अधिवक्ताओं का प्रयास एवं समर्पण सराहनीय है। इस क्रांतिकारी प्रयास के लिए हम सभी अधिवक्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने सत्ता शासन से अपना हक मांगने के लिए दृढ़ संकल्प व इच्छा शक्ति दिखाई और उन्हें जनहित में काम करने पर विवश कर दिया। कहा कि अधिवक्ताओं के इस योगदान, उनके संघर्ष, त्याग व समर्पण को चंदौली हमेशा याद रखेगी।
Bharat Jodo Yatra की वर्षगांठ पर चंदौली के कांग्रेसियों ने निकाला जुलूस
Chandauli News: ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर कांग्रेसियों ने मुगलसराय के शास्त्री पार्क से जुलूस निकाला। नगर भ्रमण करते हुए सुभाष पार्क पर सभा में तब्दील हो गया। वहीं आयोजित सभा में वक्ताओं ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
प्रदेश महासचिव सरिता पटेल ने कहा कि देशभक्तों का कर्तव्य है कि गांधी जी के विचारों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं। बापू के सिद्धांतों व विचारों ने भारत के साथ ही संपूर्ण विश्व को नई राह दिखाई। सत्य, अहिंसा व सत्याग्रह जैसे उच्चतम मूल्य आने वाले कई युगों तक सभी के लिए जीवन के हर पग पर मार्गदर्शक रहेंगे। प्रदेश सचिव जैनेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पैदल भारत जोड़ो यात्रा ने न सिर्फ़ भारत बल्कि पूरे संसार में नया कीर्तिमान रचा है। राहुल गांधी एक मकसद लेकर चले हैं। पूरा देश त्रस्त है हर घर त्रस्त है महंगाई से, कमरतोड़ महंगाई, बेरोजगारी नौजवानों को आक्रोशित कर रही है,भयंकर बेरोजगारी हो रही है देश के अंदर अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो रही है।
प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नीतियां सरकार की क्या हैं किसी को मालूम नहीं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा देश में लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी ही विकल्प है। शहर अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने कहा कि गांधीवादी सत्याग्रह और संघर्ष जारी रहेगा। भाजपा की तानाशाही और अत्याचारों से हम डरेंगे नहीं। जनता से जुड़े मुद्दों पर हम आवाज बुलंद करते रहेंगे। केंद्र सरकार ने अपनी कुनितियां थोपकर देश के प्रत्येक वर्ग को प्रताड़ित किया है। इस दौरान मधु राय, नारायण मूर्ति ओझा, आनंद शुक्ला, अंतिस पटेल, तरुण पांडेय, गंगा प्रसाद, तौफीक खान, रजनीकांत पांडेय, अरुण दिवेदी, शशि नाथ उपाध्याय, सतीश बिंद, डॉ सुल्तान खान, शाहिद तौसीफ, औसाफ अहमद, दयाराम पटेल, प्रदीप मिश्रा राहुल सिंह पटेल विश्वकर्मा रावत नितिन जयेश मोहम्मद, नरेंद्र तिवारी, नंदन सिंह, तेज प्रकाश मल्लिक, राजेश गुप्ता आदि प्रमुख लोग थे।











