34.1 C
Chandauli
Monday, July 6, 2026

Buy now

Home Blog Page 319

न्याय पदयात्रा: हरी झंडी दिखाकर पदयात्रियों का हौसला बढ़ाएंगे हरिशंकर सिंह

बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन हरिशंकर सिंह।
बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन हरिशंकर सिंह।

शुक्रवार को चंदौली आ रहे बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन

Chandauli News: चंदौली को न्याय दिलाने व उसके अधिकारों के लिए चंदौली से दिल्ली जाने वाली न्याय पदयात्रा में जान फूंकने और पदयात्रियों का हौसला बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन व वर्तमान सदस्य हरिशंकर सिंह शुक्रवार को चंदौली कचहरी आ रहे हैं। इस दौरान आठ सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे वह कचहरी से न्याय पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही न्याय पदयात्रा के यात्रियों के साथ कदमताल करते नजर आएंगे।
इस बात की जानकारी देते जिला न्यायालय एवं मुख्यालय निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष झनमेजय सिंह ने बताया कि चंदौली के अधिवक्ताओं के हौसले को बढ़ाने के लिए बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन हरिशंकर सिंह शुक्रवार को चंदौली कचहरी रहे हैं। उनकी उपस्थिति चंदौली के अधिवक्ताओं में ऊर्जा का संचार करेगी। साथ ही उनके सानिध्य में पदयात्रा को आरंभ करने का एक अलग ही उत्साह हम सभी में होगा। कहा कि हरिशंकर सिंह ने हमेशा चंदौली के अधिवक्ताओं के संघर्ष में शामिल रहे और समय-समय पर अपना मार्गदर्शन देकर सही राह दिखाने का काम किया। उनके सानिध्य में निश्चित ही न्याय पदयात्रा का सफल आगाज होगा। उनके आने की सूचना से चंदौली का एक-एक अधिवक्ता उत्साहित है और पूरी तन्यमता से न्याय पदयात्रा को सफल बनाने में जुटा हुआ। अंत में उन्होंने चंदौली के अधिवक्ता साथियों के साथ ही जनता को न्याय पदयात्रा को रवाना करने के लिए दोपहर 11 बजे चंदौली कचहरी में जुटने का आह्वान किया है। कहा कि चंदौली के क्रांतिकारी अधिवक्ता चंदौली के विकास व उसके अधिकार को दिखाने के लिए पदयात्रा निकाल रहे हैं। ऐसे में आमजन की मौजूदगी अधिवक्ताओं का हौसला बढ़ाने का काम करेगी।

प्रख्यात गीतकार यश मालवीय को मिलेगा ठाकुर प्रसाद सिंह स्मृति साहित्य सम्मान 2023

यश मालवीय
यश मालवीय

Young Writer: नवगीत के प्रवर्तक यशस्वी साहित्यकार ठाकुर प्रसाद सिंह के जन्म शताब्दी वर्ष में शारदा शिक्षा एवं सेवा ट्रस्ट राबर्ट्सगंज द्वारा स्थापित 51 हजार राशि का सम्मान इलाहाबाद के ख्यातिलब्ध कवि और व्यंगकार यश मालवीय को मिलने की घोषणा निर्णायक मंडल के अध्यक्ष प्रख्यात पत्रकार डा. हेमन्त शर्मा द्वारा की गई। निर्णायक मंडल में डा. हेमंत शर्मा, प्रो. ओम प्रकाश सिंह, डा. ओम निश्चल, डा. उमेश प्रसाद सिंह एवं डा. अजय कुमार सिंह शामिल थे। यश मालवीय उदात्त भारतीय जीवन बोध के कवि के रूप में हिन्दी साहित्य में समादृत हैं। आधुनिक जीवन की विसंगतियों को उनकी कविता बड़ी बारीकी से उद्घाटित है। यह सम्मान यश मालवीय को 7, नवंबर को राबर्ट्सगंज में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। सम्मान में उन्हें 51,000(इक्यावन हजार) की धनराशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह समर्पित किया जाएगा। सम्मान के लिए यश मालवीय जी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

Chandauli से आठ सितंबर को दिल्ली के लिए कूच करेगी न्याय पदयात्रा

चंदौली कचहरी में पत्रकारों से रूबरू संघर्ष समिति के अध्यक्ष व कार्यकारी अध्यक्ष।
चंदौली कचहरी में पत्रकारों से रूबरू संघर्ष समिति के अध्यक्ष व कार्यकारी अध्यक्ष।

Chandauli कचहरी में संघर्ष समिति के अध्यक्ष झन्मेजय सिंह ने की प्रेसवार्ता

Chandauli News: जिला न्यायालय एवं मुख्यालय निर्माण संघर्ष समिति ने आठ सितंबर को प्रस्तावित चंदौली से दिल्ली न्याय पदयात्रा को लेकर प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने पदयात्रा के रूटमैप व उसके पुनीत उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कहा कि उक्त पदयात्रा चंदौली जिला मुख्यालय के विकास व अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम के उद्देश्य को लेकर चंदौली से दिल्ली तक जाएगी। बीच में लखनऊ पहुंचकर सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात व बातचीत का प्रयास होगा। यदि उनके द्वारा चंदौली के विकास की दिशा में सार्थक पहल करते हैं तो पदयात्रा वहीं से लौट आएगी, अन्यथा दिल्ली पहुंचकर चंदौली के अधिवक्ता अपनी बातों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष रखने का काम करेंगे। उन्होंने चंदौली की आवाम का आह्वान किया कि आठ सितंबर को सुबह 11 बजे चंदौली कचहरी पहुंचकर पदयात्रा को सम्मानपूर्वक विदाई देने के साथ ही अपने स्नेह व आशीर्वाद से नवाजे।

उन्होंने बताया कि चंदौली का सृजन वर्ष 1997 में हुआ, उसके 26 साल बीतने के बाद भी चंदौली जनपद विकास की किरण से कोसों दूर है। यहां दीवानी न्यायालय भवन, न्यायिक अधिकारियों का आवास नहीं बन सका, जिसकी वजह से अधिवक्तागण, वादकारीगण व न्यायिक अधिकारियों को कार्य करने में असुविधा महसूस होती है। इसके अलावा जनपद चंदौली में पुलिस लाइन, जिला जेल, रोडवेज डिपो, रोडवेज स्टैंड, विकास भवन, स्टेडियम, सेल टैक्स आफिस, इनकम टैक्स आफिस, एआरटीओ आफिस आदि प्रमुख कार्यालयों का भवन आज तक नहीं बन सका है। इतना ही नहीं डीएम चंदौली, एसपी, एडीएम समेत तमाम जिला स्तरीय अफसर एवं जिला जज समेत तमाम न्यायिक अधिकारी किराए के भवन या दूसरे विभागों के भवनों में रह रहे हैं। कहा कि 26 साल बाद भी यहां के प्रमुख आला अधिकारी न तो अपना सरकारी आवास बना सके और ना ही उपरोक्त इंफ्रास्ट्रक्चर कायम करा सके। जो कि एक जिला चलाने के लिए आवश्यक होता है। चंदौली के साथ सृजित हुए कई जिले बहुत पहले अपने पूर्ण अस्तित्व को प्राप्त कर चुके हैं। जिला भदोही इसका सबसे नजदीकी व ज्वलंत उदाहरण है। कार्यकारी अध्यक्ष धनंजय सिंह ने कहा कि शासनादेश के विपरीत यहां के अधिकांश अधिकारी मुख्यालय पर निवास नहीं करते। चंदौली के विकास के मुद्दे पर जिला प्रशासन न केवल जनता से झूठ बोल रहा है, बल्कि हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति जो वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चन्द्रचूड़ के समक्ष भी झूठा हलफनामा दे चुके हैं। बताया कि इस मुद्दे पर पत्राचार करने पर अधिवक्ताओं ने 52 हजार रुपये खर्च कर डाले हैं, लेकिन जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधि अभी भी उदासीन बने हुए हैं। चंदौली के विकास के लिए अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल चंदौली से दिल्ली वाया लखनऊ पैदल निकल रहा है और यह प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मिलकर चंदौली के विकास का निवेदन करेगा। इस मौके पर सत्येंद्र बिंद, राकेश रोशन बागी, उज्ज्वल सिंह मौजूद रहे।

…ये हैं चंदौली अधिवक्ताओं की मांगें
चंदौली। जिला न्यायालय एवं मुख्यालय निर्माण संघर्ष समिति चंदौली में दीवानी न्यायालय भवन का निर्माण के साथ न्यायिक अधिकारियों के आवास के निर्माण की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा पुलिस लाइन, जिला जेल, रोडवेज डीपो व रोडवेज स्टैंड, जिला स्तरीय स्टेडियम, विकास भवन, एआरटीओ दफ्तर, सेल टैक्स व इनकम टैक्स आफिस जनपद चंदौली मुख्यालय पर एनएच-2 पर सड़क का निर्माण फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण कार्य अविलंब प्रारंभ कराया जाय। इसके अतिरिक्त जनपद के अन्य महत्वपूर्ण जिला स्तरीय सरकारी कार्यालयों को चंदौली मुख्यालय पर अविलंब स्थापित किया जाए। अधिवक्ता सुरक्षा कानून को लागू किया जाए।

अधिवक्ताओं को मिला ग्राम प्रधानों का समर्थन
चंदौली।
न्यायालय निर्माण संघर्ष समिति की ओर से आयोजित धरना प्रदर्शन में बुधवार को सदर विकासखंड के कई ग्रामों के प्रधानों ने सदर तहसील पहुंचकर धरना कर रहे अधिवक्ताओं का समर्थन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उनका माल्यार्पण का स्वागत किया और न्याय यात्रा के दौरान शामिल होने का आह्वान किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायालय संघर्ष समिति की ओर से धरना प्रदर्शन किया जा रहा है लेकिन कोई भी आधिकारियों व जनप्रतिनिधि अधिवक्ताओं के मांगों पर विचार नहीं कर रहा है। सभी प्रधानों ने अधिवक्ताओं का समर्थन किया और संघर्ष में शामिल होने का संकल्प लिया। इस दौरान ग्राम प्रधान नामवर सिंह, योगेश कुमार लड्डू, आशुतोष यादव, अंकित सिंह, प्रमोद कुमार पासवान, ओमप्रकाश, निरंजन मौर्य, जितेंद्र कुमार,गौतम कुमार, रामाश्रय कुमार, कृष्ण सोनकर, सुभाष कुमार सहित कई गांव के ग्राम प्रधान शामिल रहे। वहीं सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभानु सिंह,डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार के अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह और जन्मेजय सिंह व धनंजय सिंह ने प्रधानों के समर्थन पर खुशी जताई और कहा कि जिस प्रकार से प्रधान अधिवक्ताओं के आंदोलन में शामिल हुए हैं वे बधाई के पात्र हैं।

The Gurukul School में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस

चंदौली से सटे नेगुरा स्थित गुरुकुल स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह में शामिल छात्राएं।
चंदौली से सटे नेगुरा स्थित गुरुकुल स्कूल में शिक्षक दिवस समारोह में शामिल छात्राएं।

Chandauli News: देश के पहले उपराष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती मंगलवार को जनपद में धूमधाम से शिक्षक दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान स्कूल-कालेज व शिक्षण संस्थाओं में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को पूजा, उन्हें उपहार भेंट किया और केक काटकर शिक्षण दिवस को मनाया। वहीं गुरुजन भी बच्चों के स्नेह को पाकर अभिभूत हो उठे और उन्हें शिक्षा प्राप्त कर बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही डा.सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जीवनी के बारे में बताया।
इसी कड़ी में नेगुरा स्थित गुरुकुल स्कूल में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं की ओर से शिक्षकों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। जिसमें बच्चों द्वारा लाए गए केक को प्रधानाचार्य कृष्णकांत ने काटा और बच्चों को शिक्षक दिवस की महत्ता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक होने के साथ ही दार्शनिक थे और वे शिक्षकों का सम्मान करते थे। यही वजह है कि उन्होंने अपने जन्मदिन पर शिक्षक को सम्मानित करने की बात कही थी, जिस कारण उनका जन्मदिन शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रबंधक इसरार अहमद खान ने कहा कि गुरु की भूमिका को समाज में अग्रणी माना गया है क्योंकि गुरु एक बेहतर समाज के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। वह बच्चों में शिक्षा के साथ ही संस्कार की नींव को सींचता है, जिससे बच्चे आगे चलकर न केवल खुद के भविष्य को उज्जवल बनाते हैं, बल्कि अपने ओज और सफलता से समाज को भी प्रकाशमान करने का काम करते हैं। इस अवसर पर प्रबंधक इसरार अहमद, मधू श्रीवास्तव, रोशन मौर्या, खुशबू सिद्दीकी आदि उपस्थित रहीं।

Fire: आग लगी तो बचाव कार्य के दौरान पुलिस के हाथ लदे बारूद व पटाखे

दुकानों को खाली करने के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक किया बरामद

Chandauli News: जनपद चंदौली के थाना मुगलसराय पुलिस की सक्रियता से मंगलवार को करवट क्षेत्र में बड़ी तबाही होने से बच गई। करवट क्षेत्र में स्थित एक मोबिल की दुकान में आग लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन की टीमों ने एहितयातन आसपास की दुकानें जब खाली करवाईं तो एक दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखे और बारूद का जखीरा बरामद हुआ। गनीमत रही कि पुलिस ने समय रहते विस्फोटक को हटवा लिया नहीं तो बड़ी तबाही हो सकती थी।
घटनाक्रम के मुताबिक रूचि अग्रवाल पत्नी जगन अग्रवाल निवासी पटेल नगर थाना मुगलसराय, जिनकी करवत में मोबिल की दुकान थी। मोबिल दुकान के बगल एक पटाखे की दुकान थी। मंगलवार सुबह रूचि अग्रवाल की दुकान में आग लग गयी। सूचना के बाद मौके पर थाना मुगलसराय व अग्नि शमन टीम पहुँची और आग पर काबू पाने के लिए सम्बन्धित थाना द्वारा अगल-बगल के दुकान को खाली कराया जा रहा था। इसी दौरान रूचि अग्रवाल के बगल के दुकान में भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ। गनीमत रही कि तब तक आग वहां नहीं पंहुची थी। एक सप्ताह पहले इसी दुकान में लगभग 2056 पेटी पटाखा, 27 पेटी फुलझड़ी व 02 बोरी बारूद रखा गया था। इस पटाखे को रखने वाले अनवर निवासी मलोखर थाना मुगलसराय हैँ। दोनों दुकानें एक ही गोदाम में थी। गोदाम मालिक का नाम अनिल अग्रवाल पुत्र स्व0 गिरधारी अग्रवाल निवासी कैलाशपुरी थाना मुगलसराय है। पुलिस ने बताया कि बगैर भंडारण लाइसेंस के इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक जमा करने पर पुलिस दुकान व गोदाम किराए पर देने वालों पर विधिक कार्यवाही कर रही है।

अपनी कुशलता व मेहनत से बच्चों को शिक्षित कर संवारता है शिक्षकः कुंवर वीरेंद्र प्रताप

हथियानी स्कूल में बच्चों को शिक्षक दिवस के बारे में जानकारी देते प्रधानाध्यापक कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह।

कंपोजिट विद्यालय हथियानी में धूमधाम मना शिक्षक दिवस
Chandauli News: देश के पहले उपराष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती मंगलवार को जनपद में धूमधाम से शिक्षक दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान स्कूल-कालेज व शिक्षण संस्थाओं में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को पूजा, उन्हें उपहार भेंट किया और केक काटकर शिक्षण दिवस को मनाया। वहीं गुरुजन भी बच्चों के स्नेह को पाकर अभिभूत हो उठे और उन्हें शिक्षा प्राप्त कर बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही डा.सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जीवनी के बारे में बताया।

 हथियानी स्कूल में बच्चों को शिक्षक दिवस के बारे में जानकारी देते प्रधानाध्यापक कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह।
हथियानी स्कूल में बच्चों को शिक्षक दिवस के बारे में जानकारी देते प्रधानाध्यापक कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह।

इसी क्रम में सदर ब्लाक क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय हथियानी में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने गुरुजनों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान नृत्य, गीत-संगीत की प्रस्तुति बच्चों द्वारा की गई। इसके अलावा बच्चों द्वारा लाए गए केक को गुरुजनों ने काटकर शिक्षक दिवस मनाया। तत्पश्चात विद्यालय परिसर में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस मौके पर प्रधानाध्यापक कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गुरु अपने शिष्य का मार्गदर्शन करके उसे सही राह दिखाता है जिससे वह बिना भटके अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मंजिल की ओर बढ़ता है। शिक्षक अपनी कुशलता व मेहनत से बच्चों के जीवन में कौशल व ज्ञान का रंग भरने का काम करते हैं। गुरु की भूमिका को समाज में अग्रणी माना गया है क्योंकि गुरु एक बेहतर समाज के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। वह बच्चों में शिक्षा के साथ ही संस्कार की नींव को सींचता है, जिससे बच्चे आगे चलकर न केवल खुद के भविष्य को उज्जवल बनाते हैं, बल्कि अपने ओज और सफलता से समाज को भी प्रकाशमान करने का काम करते हैं। इसके पूर्व शिक्षकों व स्कूली छात्र-छात्राओं डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शिक्षकों ने पुरानी पेंशन की बहाली के लिए सरकार के विरोध में बांह पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया। इस अवसर पर अजीत कुमार सिंह, सउद अहमद, रवि मिश्र, नवमालिका बैद्य, रामाज्ञा तिवारी आदि उपस्थित रहे।

Mukhyamantri Samuhik Vivah Yojana के लिए करें आनलाइन आवेदन

Chandauli News:  जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र कुमार मौर्य ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग एवं सामान्य वर्ग के गरीब व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी हेतु सामूहिक विवाह के लिये मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का ऑनलाईन पोर्टल प्रारम्भ किया गया है। इस योजना के अन्तर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा विकसित किये गये साफ्टवेयर पर पात्र आवेदकों द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की वेबसाइट पर लॉगिन करके ऑनलाईन आवेदन करना अनिवार्य होगा।उन्होंने बताया कि आनलाइन आवेदन किये जाने हेतु बालिका कन्या व महिला का आधार कार्ड आवश्यक है। अन्य किसी माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगे। आवेदक द्वारा अपना आवेदन पत्र जनसुविधा केन्द्र (कामन सर्विस सेन्टर), साइबर कैफे, निजी इन्टरनेट केन्द्र अथवा विभागीय वेबसाइट पर स्वयं द्वारा भरा जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन पत्र में दर्ज प्रविष्टियों की शुद्धता का पूर्ण उत्तरदायित्व आवेदक का होगा। आवेदन पत्र को अन्तिम रूप से पोर्टल पर ऑनलाइन सबमिट करने के पूर्व सुधार किया जा सकता है। इस योजना के अंतर्गत आवेदिका द्वारा अपना आवेदन पत्र विवाह हेतु निर्धारित तिथि के न्यूनतम एक सप्ताह पूर्व करना होगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत आर्थिक रूप से गरीब अभिभावक, जिनकी वार्षिक आय  2 लाख से कम है और अपनी पुत्री की शादी सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्पन्न कराना चाहते हैं वे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट पर भरते हुए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट आवश्यक संलग्नकों के साथ्ज्ञ अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत चंदौली अथवा जिला समाज कल्याण अधिकारी, कार्यालय चंदौली में जमा करना सुनिश्चित करें, ताकि उनके कन्याओं की शादी सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्पन्न करायी जा सके। योजनान्तर्गत कुल अनुमन्य धनराशि 51 हजार के सापेक्ष प्रत्येक शादी हेतु 35 हजार की धनराशि कन्या के बैंक खाते में अंतरित करायी जाएगी। इसके साथ ही 10 हजार तक के उपहार सामग्री का वितरण किया जाएगा एवं छह हजार की धनराशि से उक्त सामूहिक समारोह को सम्पन्न कराये जाने हेतु कार्यक्रम आयोजक को उपलब्ध करायी जानी है।

Chandauli Loksabha के विकास कार्यों पर डा.महेंद्रनाथ पांडेय ने मुख्य सचिव से की चर्चा

Young Writer: केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय।
केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय।

Chandauli News : भाजपा जिला उपाध्यक्ष व सांसद केंद्रीय मंत्री मीडिया प्रभारी लोकसभा चन्दौली हरिवंश उपाध्याय ने बताया कि केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एवं सांसद चंदौली डा.महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने श्री मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र से संसदीय क्षेत्र के कार्यों की चर्चा की। चर्चा के दौरान लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग सिंचाई विभाग, कृषि विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पर्यटन विभाग, परिवहन विभाग, नगरीय विकास विभाग, विधि विभाग आदि की केंद्र और राज्य सरकार से संबंधित विषयों की प्रगति पर चर्चा तथा प्रगति में आने वाले अवरोधों के निवारण पर जोर देते हुए सुझाव दिए। साथ ही नवीन प्रस्तावित योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन और समयबद्ध निस्तारण पर आग्रह करते हुए विशेष पहल की। इन्डो इजराइल एक्सीलेंस सेन्टर माधोपुर की वित्तीय स्वीकृतियों को शीघ्र जारी कराने की अपेक्षा की। नारायणपुर पम्प कैनाल के 62 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट की अत्यंत धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र 14 पम्पों को लगाकर प्रारम्भ कराने पर जोर दिया। शहीद हीरासिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धानापुर में परास्नातक (एमएससी) विज्ञान की मान्यता शीघ्रता पूर्वक दियाए जाने की चर्चा की। विकास भवन चंदौली के निर्माण हेतु जिलाधिकारी चंदौली के 30 करोड़ 75 लाख रुपए के आगणन की वित्तीय स्वीकृति जारी कराने वाले अनुस्मारक को सीधे मुख्य सचिव को हस्तगत कराते हुए तत्काल कार्यवाही की बात की। जनपद न्यायालय चंदौली के भवन निर्माण हेतु नियोजन विभाग में प्रेषित डीपीआर को शीघ्र प्रस्तुत कराकर स्वीकृत करते हुए वित्तीय स्वीकृति जारी कराने एवं निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराने पर भी जोर दिया। चंदौली में निर्माण के अंतिम दौर में चल रहे बाबा कीनाराम स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय में बिजली के लगभग 12 करोड़ रुपये के अवशेष दो कार्य शीघ्र कराने हेतु त्वरित कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की। चंदौली बस अड्डे का प्रस्ताव परिवहन विभाग को प्रेषित किया जा चुका है। कृषि विभाग द्वारा परिवहन विभाग को भूमि हस्तान्तरण होना है। इसको शीघ्र कराने की अपेक्षा की। भारत सरकार की ओर से 250 ईवी बसें उत्तर प्रदेश के नगरीय धार्मिक नगरों के लिए आवंटित करने की मंशा जाहिर करते हुए भारी उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के प्राविधानों पर त्वरित सकारात्मक कार्यवाही की अपेक्षा की। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग से जुड़े विषयों पर भी वार्ता किया।

Old Pension: शिक्षकों ने पुरानी पेंशन व स्थानान्तरण के मुद्दे को उठाया

बीएसए कार्यालय पर धरना देकर लेखाधिकारी को सौंपा 18 सूत्रीय मांग-पत्र

Chandauli News: उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ने सोमवार को पुरानी पेंशन सहित 18 महत्वपूर्ण मांगों को लेकर बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान पुरानी पेंशन की बहाली पर जोर दिया। साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा, पदोन्नति जैसे मांगों को पूरा किए जाने की मांग की। वहीं अंतरजनपदीय व अंतःजनपदीय पारस्परिक स्थानान्तरण पूरे सत्र के दौरान प्रभावी किए जाने की आवश्यकता जताई।

इस दौरान अध्यक्ष जिला संयोजक आनन्द सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन विद्यालयों में 01 अप्रैल 2005 व उसके बाद नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए। शिक्षकों को राज्य कर्मचारियों की भांति उपार्जित अवकाश, द्वितीय शनिवार अवकाश, प्रतिकर अवकाश, अध्ययन अवकाश का लाभ दिया जाए। इसके अलावा शिक्षकों को राज्य कर्मचारियों की भांति कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जाए। कहा कि शिक्षकों को 10 लाख रुपये का सामूहिक बीमा अनुमन्य किया जाए। पारस्परिक स्थानान्तरण में न्यूनतम सेवा अवधि की शर्त को समाप्त किया। साथ ही सत्र भर में कभी भी पारस्परिकत स्थानान्तरण का आवेदन प्राप्त होने पर स्थानान्तरण किया जाए। कहा कि शिक्षकों को संसाधन व प्रशिक्षण दिए बिना ही आनलाइन कार्य करने के लिए बाध्य किया जा रहा है और शिक्षकों का वेतन आहरण रोकने से बचने के लिए साइबर कैफे के माध्यम से आनलाइन कार्य कराने को बाध्य हैं जिससे शिक्षकों का शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे कार्य शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से कराया जाए। कहा कि मृतक शिक्षकों के आश्रित जो बीएड व टीईटी की योग्यता रखते हैं उनको शिक्षक पद पर नियुक्ति हेतु निर्देश जारी किया जाए। सभी विद्यालयों में एक चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी व चौकीदार नियुक्त किया जाए। अंत में शिक्षकों ने लेखाधिकारी अतुल पांडेय को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर राजेश बहादुर सिंह, राजेश कुमार सिंह, सुधीर सिंह, आलोक सिंह, रामजी यादव, अरविन्द सिंह, पंकज राय, सतोष सिंह, गिरजेश दादा, सीमा सिंह, माधुरी सिंह, हरिचरन राम, अलका सिंह, अनुपमा, मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।

Accident: नेशनल हाइवे पर कंटेनर से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत

मृतक भरत

Chandauli News: सदर कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गांव निवासी भरत 32 वर्ष, नवीन मंडी के समीप नेशनल हाईवे पर कंटेनर की चपेट आ गया। इस दुर्घटना में उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। जानकारी के बाद मौके पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी सयुंक्त जिला चिकित्सालय भेज दिया। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया और रोते बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। वही पुलिस कंटेनर को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।

बताते हैं कि सदर कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गांव निवासी वीरेंद्र मौर्य का पुत्र भारत मौर्य मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी स्वयं जिला चिकित्सालय में दवा के लिए आया हुआ था। दवा लेने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही नवीन मंडी के समीप नेशनल हाईवे पर पहुंचा कि पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दिया, जिससे वह गिर गया और पहिया के नीचे आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी के बाद मौके पहुंचे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और इसकी सूचना परिजनों को दी। इसकी जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और रोते बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। भरत वीरेंद्र के तीन पुत्रों में से दूसरे नंबर का पुत्र था। उसके मृत्यु के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। सदर कोतवाल राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले कंटेनर चालक व खलासी को हिरासत में लेकर आगे कार्रवाई की जा रही है।

Chandauli
overcast clouds
34.1 ° C
34.1 °
34.1 °
51 %
8.5kmh
100 %
Mon
34 °
Tue
34 °
Wed
35 °
Thu
36 °
Fri
36 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights