33.7 C
Chandauli
Monday, July 6, 2026

Buy now

Home Blog Page 325

जहां नहीं रुकती ट्रेन, उस स्टेशन का कायाकल्प औचित्यहीनः Manoj Singh W

जहां नहीं रुकती ट्रेन, उस स्टेशन का कायाकल्प औचित्यहीनः Manoj Singh W
सैयदराजा थाने से केंद्रीय मंत्री को उनकी जिम्मेदारी याद दिलाते मनोज सिंह डब्लू।

सपा नेता Manoj Singh W ने देश के 508 रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प को बताया चुनावी सौगात

Chandauli News: समाजवादी पार्टी के फायर ब्रांड नेता मनोज सिंह डब्लू एक बार फिर जनहित के मुद्दे पर शनिवार को मुखर नजर आए। उन्होंने सैयदराजा रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन सहित देश के 508 रेलवे स्टेशन के कायाकल्प को चुनावी सौगात करार दिया। कहा कि जिस चंदौली रेलवे स्टेशन के कायाकल्प की बात हो रही है दुर्भाग्यपूर्ण वहां एक भी एक्सप्रेस ट्रेन नहीं रुकती। ऐसे में स्टेशन के कायाकल्प की बात करना जनता के साथ छलावा होगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री व सांसद डा.महेंद्रनाथ पांडेय पर जमकर हमला बोला।

मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार चंदौली सांसद डा.महेंद्रनाथ पांडेय विगत नौ वर्षों से अलग-अलग मंत्रालय संभाल रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपने मंत्रालय से संबंधित एक भी काम चंदौली में नहीं किया। उन्होंने मुगलसराय से लखनऊ चलने वाली ट्रेन का संचालन गया से कराया, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण यह कि ट्रेन चलवाने वाले केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय के संसदीय क्षेत्र में आने वाले चंदौली मझवार व सैयदराजा स्टेशन पर उक्त ट्रेन नहीं रुकती। ऐसे में मंत्री जी की यह जिम्मेदारी है कि वह उक्त ट्रेन का ठहराव चंदौली व सैयदराजा स्टेशन पर एक-एक मिनट के लिए जरूर कराएं, ताकि आमजन लाभान्वित हो सके। कहा कि कोविड-19 संक्रमण काल के पहले चंदौली में देहरादून, महाबोधि व सियालदह एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव होता था, वहीं सैयदराजा में देहरादून, सियालदह व लुधियाना एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव होता था, जो अब नहीं हो रहा है। लेकिन जनता की मांग के बावजूद इन ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराने में मोदी सरकार के मंत्री डा.महेंद्रनाथ पांडेय नाकाम रहे।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हां में हां जरूर मिलाएं, लेकिन जनहित से जुड़े कार्यों को भी जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करें तो बेहतर होगा। कहा कि चंदौली मझवार स्टेशन पर जहां एक भी ट्रेन नहीं रुकती उसके कायाकल्प की बात कहकर चुनावी साल में जनता को भ्रमित करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। सवाल यह उठता है कि जहां यात्री ही नहीं होंगे, उस स्टेशन का कायाकल्प औचित्यहीन है। केंद्रीय मंत्री को चाहिए कि वह जल्द से जल्द सैयदराजा व चंदौली रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराएं, अन्यथा सोमवार को वह जनहित से जुड़े मुद्दे पर डीआरएम से मुलाकात कर मजबूती के साथ इन मांगों को रखेंगे।

नमन दुबे प्रकरणः किसान के ऊपर दर्ज एफआईआर निरस्त कराने के लिए एसपी से मिले Manoj Singh W

नमन दुबे प्रकरणः किसान के ऊपर दर्ज एफआईआर निरस्त कराने के लिए एसपी से मिले Manoj Singh W
पुलिस लाइन में Chandauli S P से मुलाकात कर लौटते सपा नेता Manoj Singh W

Manoj Singh W बोले, धानापुर के किसान पर एफआईआर दर्ज होने पूरी तरह से गलत

Chandauli News: किसान नमन दुबे प्रकरण को लेकर सैयदराजा के पूर्व विधायक व सपा नेता मनोज सिंह डब्लू शुक्रवार को एसपी डा. अनिल कुमार से मिले। पुलिस लाइन में हुई मुलाकात के दौरान मनोज सिंह डब्लू ने धानापुर के किसान नमन दुबे पर दर्ज किए गए एफआईआर को खत्म कराने का बात कही। बताया कि नमन दुबे किसान हैं और उन पर राजनीति से प्रेरित होकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। उनका गुनाह सिर्फ इतना है कि कैनाल पर पहुंचकर उन्होंने खेतों के लिए पानी की मांग की थी, जो सरासर गलत है। कृषि प्रधान देश व कृषि प्रधान जनपद में किसानों का दमन उचित नहीं है। पुलिस लाइन से बाहर निकलने के बाद सपा नेता सीधे मीडिया से रूबरू हुए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि धानापुर के किसान नमन दुबे पर सैयदराजा विधायक के इशारे पर धारा-353, 186, 506, 504 जैसे गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही उसे शांति भंग की आशंका में धारा-151 के तहत जेल भेज दिया। तीन दिनों तक जेल में रहने के बाद परिवार के लोगों ने किसी तरह नमन दुबे की जमानत कराई। इस घटना से परिवार काफी व्यथित है। इसी सिलसिले में एसपी चंदौली डा. अनिल कुमार से मुलाकात कर पूरे प्रकरण को रखा गया है। एसपी इस मामले में सकारात्मक भरोसा दिया है। कहा कि किसान नमन दुबे के ऊपर दर्ज मुकदमा खत्म होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की राजनीति नहीं चाहता हूं। कहा कि एफआईआर सींचपाल की तहरीर पर पड़ी हो या फिर किसी के इशारे पर। इस घटना से किसान परिवार परेशान है। लिहाजा उसे खत्म कराने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। चेतावती भी दी कि यदि एफआईआर नहीं हुआ तो किसानों के साथ समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। कहा कि पानी नहीं मिलने से धानापुर क्षेत्र के किसान व्यथित हैं। ऐसे में उनका आक्रोश व्यक्त होना लाजिमी है, लेकिन उसके ऊपर मुकदमा दर्ज होना सरासर गलत है। कहा कि यदि जनता हमें माला-पहनाती है और वोट देकर विजयी बनाती है और जब नाराज होती है तो अपना आक्रोश भी दिखाती है। ऐसे में जनप्रतिनिधि को बुरा नहीं मानना चाहिए। अंत में उन्होंने चंदौली के नवागत एसपी डा. अनिल कुमार से हुई मुलाकात को शानदार बताते हुए उनकी तारिफ भी की।

Chandauli: जिले में विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण व जन समस्याओं का त्वरित करे निस्तारण: शंभु कुमार


चंदौली। ऊर्जामंत्री के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चलाये जा रहे विद्युत उपभोक्ता एवं जनप्रतिनिधि सम्पर्क अभियान के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे व बिजली विभाग के प्रबन्ध निदेशक शंभु कुमार के नेतृत्व में एक बैठक आहुति की गई। जिसमें बिजली समस्याओं के बारे में विभिन्न बिंदुओं कर चर्चा कि गई।
बैठक में अधीक्षण अभियन्ता ने बताया कि जनपद में विद्युत विभाग के सुदृढीकरण के लिए आर डी एस एस योजन के तहत कुल 115.62 करोड़, नगर निकाय में विद्युत विकास कार्यों के लिए धनराशि 22 करोड़, बिजनेस प्लान के लिए 2.33 करोड़ की विकास परियोजनाएं एवं शासन द्वारा विशेष रूप से जनपद को आवंटित धनराशि 20 करोड़ की विकास परियोजनाओं के लिए नये विद्युत उपकेन्द्र का निर्माण व नये फीडरों को निर्माण अतिभारित फीडरों का विभक्तिकरण,व परिवर्तको की स्थापना अतिभारित परिवर्तकों की क्षमतावृद्धि जर्जर विद्युत पोल एवं तारों को बदलने का कार्य एवं बस्तियों में तारों को ए बी केवल से बदलने के कार्य किये जा रहे हैं। जिससे जनपद में मुख्यमंत्री व ऊर्जामंत्री के आकांक्षाओं के अनुरूप बेहतर विद्युत आपूर्ति की जा सके।
वही बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने -अपने क्षेत्रों में लो-वोल्टेज व लम्बे फीडरों के कारण सिंचाई का कार्य प्रभावित होने की समस्या को अधिकारियों से अवगत कराया। प्रतिउत्तर में प्रबन्ध निदेशक ने एक से अधिक विद्युत उपकेन्द्रों को आपूर्ति करने वाले 33 के०वी० पोषकों के विभक्तिकरण करने के लिए निर्देशित किया। और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर लो-वोल्टेज की समस्या का निस्तारण करने का निर्देश दिया। इस दौरान मुख्य अभियंता आनंद प्रकाश, सर्वेश खरे, विवेक मोहन श्रीवास्तव, पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जयसवाल, सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, चकिया विधायक कैलाश खरवार, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।

Chandauli:थाने से बिना सुनवाई के वापस न जाएं फरियादीः एसपी


नवागत एसपी ने पुलिस अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
चंदौली। एसपी डा.अनिल कुमार ने बुधवार की रात पुलिस अधिकारियों संग पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में अपराध गोष्ठी किया गया। जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सभी अधिकारी एवं थाना प्रभारी को समय से कार्यालय में उपस्थित रहते हुए लोगों की समस्यायों व शिकायतों को सुने। थाना स्तर पर कोई भी फरियादी बिना सुनवाई के वापस न जाए।
शिकायतकर्ता को उसके शिकायत से सम्बन्धित रशीद प्रदान की जाए एवं हेल्प डेस्क पर कार्यरत कर्मी द्वारा शिकायतकर्ता से उसके समस्या व शिकायत निस्तारण के विषय में फीडबैक लिया जाए। यदि शिकायतकर्ता कार्यवाही से संतुष्ट नहीं है तो उसकी शिकायत को पुनर्जीवित कर पुनः जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जाए। आइजीआरएस व जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के डिफाल्टर से पूर्व की स्थिति में समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सभी संबंधित को सख्त निर्देश दिए गए। लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारी व पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। टॉप टेन सूची में शामिल अभियुक्तों की सतत निगरानी व उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही व अपराधियों की निगरानी के लिए एक अपराधी एक आरक्षक को नियुक्त कर सतत निगरानी करना सुनिश्चित करें। कहा कि लुटेरे व पेशेवर अपराधियों का जमानत निरस्त्रीकरण करा गुंडा व गैंगस्टर की कार्रवाई करें। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही व पर्वों के दौरान संवेदनशीलता के दृष्टिगत छोटी सी छोटी घटनाओं पर गंभीरता पूर्वक कार्यवाही करने हेतु समस्त क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारीगण को निर्देशित किया गया। किसी भी परिस्थिति में सार्वजनिक मार्गों पर अवरोध अथवा बाधित कर विरोध प्रदर्शन न होने दिया जाए, जिस हेतु आवश्यक प्रभावी कार्रवाई की जाए। यूपी 112 पर प्राप्त सूचनाओं को पीआरवी वाहनों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर समयबद्ध निस्तारण हेतु हिदायत दिया गया। लम्बित विवेचनाओं व प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समयबद्ध कराया जाए तथा महिला सम्बंधित अपराधों में संवेदनशील होकर गम्भीरता से त्वरित व प्रभावशाली कार्यवाही के लिए कड़े निर्देश दिए गए। महिला हेल्प डेस्क पर प्रतिदिन प्राप्त प्रार्थना पत्रों की ससमय जांच करते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उपरोक्त के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

Manoj Singh W का बड़ा आरोपः पानी मांगने वाले किसानों को जेल भिजवा रहे सैयदराजा विधायक

Manoj Singh W का बड़ा आरोपः पानी मांगने वाले किसानों को जेल भिजवा रहे सैयदराजा विधायक
किसान नमन दुबे के परिजनों से मुलाकात करते सपा नेता Manoj Singh W

Chandauli News: समाजवादी पार्टी के फायर ब्रांड नेता व पूर्व विधायम मनोज सिंह डब्लू गुरुवार को सैयदराजा विधायक पर हमलावर रहे। इस दौरान उन्होंने धानापुर निवासी किसान नवीन दुबे के परिजनों से मुलाकात कर सैयदराजा विधायक पर बड़ा आरोप लगाया। कहा कि विधायक किसानों को सिंचाई के लिए पानी तो उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, लेकिन तब किसान पानी की मांग करता है तो उस पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर उसे जेल भेजने का काम विधायक सैयदराजा द्वारा किया जा रहा है। यह कृत्य भाजपा के दोहरे चरित्र का जीता जागता प्रमाण है। किसानों की दोगुने करने वाले किसानों को ही जेल भेज रहे हैं यह बताती है कि लोकतंत्र की हत्या कर राजतंत्र को स्थापित किया जा रहा है।

इस दौरान उन्होंने धानापुर निवासी नवीन दुबे के परिजनों से मुलाकात की। घटना की जानकारी देते हुए दुख व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व विधायक को नवीन की मां और उनकी दादी ने अपनी व्यथा बताई। कहा कि उनका बेटा तीन दिनों तक जेल में रहकर घर लौटा है। हम सभी खेती के लिए पानी चाहते थे, लेकिन मेरे बेटे को पुलिस ने शांति भंग की आशंका में जेल भेज दिया। बताया कि नवीन दुबे पर पुलिस ने धारा-353, 186, 506 504 में मुकदमा भी पंजीकृत किया है। परिवार ने बच्चों की फीस जमा करने के लिए पैसे रखे थे, जो नवीन दुबे की जमानत में खर्च हो गए। अब बच्चों की फीस कैसे जमा हो परिवार इसकी चिंता कर रहा है। साथ ही परिवार की महिलाओं ने सैयदराजा विधायक सुशील सिंह से मिलकर उनसे माफी मांगने की बात कही, ताकि परिवार के बेटे के ऊपर दर्ज मुकदमें को खत्म किया जा सके। हम सभी किसी तरह परिवार चलाने वाले लोग हैं।

किसान नमन दुबे के परिजनों से मुलाकात करते सपा नेता Manoj Singh W

इस पर मनोज सिंह डब्लू ने परिवार से व्यक्तिगत रूप से माफी मांगी। साथ ही किसानों ने ऐसा करने से मना किया। कहा कि यदि आप किसान हैं और सरकार व विधायक से पानी या सुविधाएं मांगेंगे आपको जेल में डाल दिया जाएगा। लिहाजा आप सभी की जो भी समस्याएं है वह मेरे वाट्सऐप नंबर पर भेजें। मेरा प्रयास होगा कि किसानों व आमजन की समस्याएं दूर हो। इसके लिए अंतिम सांस तक संघर्ष किया जाएगा।

Chandauli: विकास के मुद्दे पर एकजुट नजर आए व्यापारी‚ अधिवक्ता व ग्रामीण

चंदौली के विकास के लिए पदयात्रा कर अधिवक्ता आंदोलन में शामिल होने जाते ग्रामीण।
चंदौली के विकास के लिए पदयात्रा कर अधिवक्ता आंदोलन में शामिल होने जाते ग्रामीण।

Chandauli News: जिला न्यायालय व जिला मुख्यालय के लिए चल रहे संघर्ष में गुरुवार को पैनापन देखने को मिला। चंदौली शहर की अस्मिता को बचाने के लिए गांवों के लिए सड़क पर निकले और पैदल कदमताल कर एकजुटता की मिसाल पेश की। कहा कि वह किसी के विरोध में नहीं, बल्कि अपने विकास के समर्थन में सड़क पर हैं। हमें चंदौली का सर्वांगीण विकास चाहिए, जिससे 26 वर्षों तक हम सभी वंचित रहे। जनप्रतिनिधि अपने दायित्वों को समझे और विकास में सहायक बने। यदि अवरोध पैदा किया तो अब उन्हें जनता करारा जवाब देगी। अभी हम सभी अपनी मांगों पर अडिग हैं। जनप्रतिनिधि अपने रवैये को नहीं बदले तो उनके विरोध में अडिग हो जाएंगे।

इस क्रम में गुरुवार की सुबह मुख्यालय से सटे मद्धूपुर, पुरवां, जगदीशसराय, धूरीकोट व कटसिला आदि गांव के सैकड़ों किसान व ग्रामीण अपने घर-गली, मोहल्ले से निकले और सड़क पर पहुंचे तो एक बड़ा हुजूम तैयार हो चुका था। सभी पैदल ही अपने-अपने गांवों से कदमताल करते हुए जिला मुख्यालय को कूच कर गए। इस दौरान नारेबाजी करते हुए ग्रामीण सीधे सदर ब्लाक होते हुए चंदौली कचहरी पहुंचे। वहां राष्ट्रगान के बाद अधिवक्ताओं के साथ नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान चंदौली बंद के आह्वान को पहले ही अपना समर्थन दे चुका व्यापारी वर्ग भी इस मुहिम में शामिल हो गया। जैसे-जैसे जुलूस नगर का भ्रमण कर आगे बढ़ता गया। जुलूस का दायरा और आकार वृहद स्वरूप लेकर पुनः चंदौली कचहरी पहुंचा। इस दौरान अधिवक्ता झन्मेजय सिंह ने व्यापारी व अधिवक्ता एकता को कायम रखने वाले व्यापारियों का आभार जताया। साथ ही गांव के प्रधानों व चंदौली नगर के वार्ड सभासदों के आपेक्षित सहयोग की भी सराहना की। कहा कि आज चंदौली के जन-जन से बता दिया कि हमें चंदौली का विकास चाहिए। इस मुद्दे पर किसी भी तरह की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बात जल्द से जल्द चंदौली के राजनेताओं को समझनी चाहिए। उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए चंदौली के विकास में सहयोग करना होगा। मंच से विकास की बड़ी-बड़ी बातें करने से कुछ नहीं होने वाला है। इस अवसर पर दिलीप पासवान, भरत गिरी, प्रदीप यादव, पप्पू सिंह, प्रमोद पासवान, राजू मद्धेशिया, विवेक सिंह, आशुतोष प्रधान, बग्गड़ सिंह, बहादुर सिंह, शारदा बियार, शिवा पासवान आदि उपस्थित रहे।

Chandauli:अधिवक्ताओं को मिला चेयरमैन व चंदौली मेडिकल एसोसिएशन का साथ


चंदौली। संयुक्त बार एसोसिएशन चंदौली के तत्वावधान में जिला न्यायालय एवं मुख्यालय निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले चलाया जा रहे आंदोलन के 19वें दिन जारी रहा। आंदोलन की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद अधिवक्ताओं का जुलूस कचहरी परिसर का चक्रमण करने के पश्चात धरनास्थल पर पहुंचकर जनसभा में तब्दील हो गया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने अपने विचार प्रकट किए और शासन-प्रशासन को विकास के मुद्दे पर संवेदनहीन बताया।
कहा कि शासन-प्रशासन की उदासीनता से जिला बनने के 26 वर्ष बाद भी आज तक दीवानी न्यायालय भवन का व जिला स्तरीय कार्यालय का निर्माण न किया जाना आमजन की भावनाओं की उपेक्षा है, जिसे कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मुद्दे पर अधिवक्ता आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए बाध्य है। जनप्रतिनिधियों को चेताया कि जनहित के इस आंदोलन को समर्थन देकर शासन-प्रशासन से यहां की जायज मांगों को अविलंब पूर्ण कराने कराएं। इसके बाद अधिवक्ता झन्मेजय सिंह ने न्यायालय एवं मुख्यालय निर्माण संघर्ष समिति द्वारा जिले में संचालित समस्त संगठनों से एवं व्यापारी बंधुओं से भी अपील की। कहा कि अपना समर्थन देकर आमजन को लाभ पहुंचाने वाले इस आंदोलन को सफल बनाएं। आंदोलन को आजाद अधिकार सेना व चेयरमैन नगर पंचायत चंदौली सुनील यादव गुड्डू व चंदौली मेडिकल एसोसिएशन का समर्थन मिला। चंदौली मेडिकल एसोसिएशन समर्थन के साथ घोषणा किया कि तीन अगस्त को जिले के समस्त मेडिकल बंद रखेंगे और सारे मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य अधिवक्ता आंदोलन के साथ खड़े नजर आएंगे। महामंत्री राजबहादुर सिंह व अनिल कुमार सिंह ने कहा कि यह लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ी जाएगी। इसलिए शासन-प्रशासन जनहित से जुड़े मांगों को तत्काल पूरा करें। इस अवसर पर मुरलीधर सिंह, धनंजय सिंह, शहाबुद्दीन, राजेश दीक्षित, झन्मेजय सिंह, संतोष कुमार सिंह, पंचानन पांडेय, अनिल कुमार सिंह, शमशुद्दीन, सुल्तान अहमद, ओमप्रकाश सिंह, अभिनव आनन्द सिंह, विनय सिंह, शिवेंद्र मिश्रा, नवीन सिंह बबलू, ज्ञानेंद्र सिंह, सत्येंद्र बिंद सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। अध्यक्षता जय प्रकाश सिंह व चंद्रभानु सिंह तथा संचालन राकेश रत्न तिवारी ने संयुक्त रूप से किया।

Chandauli:जनपद में भ्रष्ट पुलिस कर्मियों पर रहेगी पैनी नजरः एसपी


चंदौली। आईपीएस डा. अनिल कुमार ने बुधवार को पुलिस लाइन में बतौर पुलिस अधीक्षक कार्यभार संभाला। इस दौरान डा. अनिल कार्यालय मं मीडिया कर्मियों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही अपराधियों पर नकेल कसना प्राथमिकता होगी। वहीं पुलिस कर्मियों को भ्रष्टाचार की शिकायत पाए जाने पर जांच करायी जाएगी। इसमें शिकायत सही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनता को गुणवत्तापूर्ण न्याय दिलाने को लेकर विशेष प्रयास रहेगा। जनता दर्शन में आए फरियादियों में थाना प्रभारी का फीड बैक लिया जाएगा। जो कार्य पुलिस का होगा। उसमें भी लापरवाही बरती गई तो फिर उनके खिलाफ कार्रवाई निश्चित होगी। महिला अपराध नियंत्रण पर जिले को प्रदेश की रैकिंग में पहला स्थान दिलाने का प्रयास होगा। एंटी रोमियो, मिशन शक्ति, मिशन सखी को सक्रिय किया जाएगा। गांव-चौराहा व विद्यालयों में कार्यक्रम के माध्यम से महिला अपराध के विषय में जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही कानून व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए पेशेवर अपराधियों का जमानत खारिज कराकर उन्हें जेल भेजा जाएगा। मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए टीम सक्रिय की जाएगी। घटना व दुर्घटनों को लेकर कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक क्षति पहुंचाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

खेती पर संकट: 24 हजार हेक्टेसर कृषि भूमि सिंचने वाला मूसाखांड बांध सूखा!

खेती पर संकट: 24 हजार हेक्टेसर कृषि भूमि सिंचने वाला मूसाखांड बांध सूखा!
जनपद चंदौली के शहाबगंज ब्लाक में बिना पानी के सूखा पड़ा मूसाखांड बांध।

समय से नहीं बरसे मेघा तो किसानों को लगेगा तगड़ा आर्थिक झटका

Chandauli News, इलिया। कृषि प्रधान चंदौली की 24 हजार हेक्टेयर उपजाऊ भूमि को सींचने का सशक्त माध्यम मूसाखांड इन दिनों सूखे की चपेट में है। सूखा भी ऐसा कि जिस बांध में पानी लबालब हो और लहरे हिलोरे मार रही थी, वह आज पूरी तरह से सूख कर रेगिस्तान सा दिख रहा है। उसकी बदली हुई तस्वीर बेहद भयावह है। यह न केवल धान के पैदावार पर असर डालेगी, बल्कि रोजगार के कई अवसर पर संकट पैदा होगा। जी हां! क्योंकि मूसाखांड का पानी न केवल सिंचाई, बल्कि मत्स्य पालन के भी काम में लिया जाएगा। यहां से सरकार को राजस्व की प्राप्ति के साथ ही यह ठेकेदार की आमदनी में इजाफा और मछुआ समाज के दर्जनों लोगों के जीविकोपार्जन का साधन भी है। जो अब सूखे की चपेट में आ चुका है।
देखा जाए तो मूसाखांड बांध माह जुलाई व अगस्त में पानी से लबालब भरा रहता है। यहां चारों ओर फैली हरियाली और बांध के विहंगम दृश्य को निहारने के लिए दूर-दूर से सैलानी आते हैं। यहां खाते हैं, बनाते हैं और नहाते हैं। प्रकृति को बेहद करीब से स्पर्श करने के अपने अनुभव को शानदार बताते हैं। दरअसल मूसाखांड है ही ऐसी जगह जहां जो आए खुद ही मोहित हो उठता है। लेकिन इस बार मूसाखांड बांध बदला-बदला नजर आ रहा है। इसका मूल वजह है बारिश के मौसम में पर्याप्त बारिश का ना होना। जिस कारण आज मूसाखांड बांध पूरी तरह से सूखा पड़ा है। इससे जहां इसके निकलने वाली नहरों व माइनरों के कमांड क्षेत्र के खेत व सिवान सिंचाई बिना सूख रहे हैं। वहीं किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहराती जा रही है। नहरें इसलिए सूखी हैं क्योंकि उनमें छोड़ने के लिए बांध में पानी ही नहीं है। स्थानीय लोग बताते हैं कि एक-दो बारिश और नहीं हुई तो मूसाखांड बांध में जो थोड़ा-बहुत पानी आ रहा है वह भी सूख जाएगा। यदि ऐसा हुआ तो 24 हजार हेक्टेयर में धान की खेती होना मुश्किल हो जाएगा। इसके साथ ही मछली पालन करने वालों को भी तगड़ा झटका लगेगा। यह बात दीगर है कि एक जुलाई से 31 अगस्त तक प्रशासन ने मत्स्य आखेट पर प्रतिबंध लगा रखा है, लेकिन इस प्रतिबंध का कोई मतलब नहीं रह गया। क्योंकि मूसाखांड में मछलियों के लिए पानी ही नहीं बच पाया। स्थिति यदि ऐसी ही रही तो आगे आने वाले समय में किसानों के साथ मत्स्य पालकों को तगड़ा आर्थिक झटका लगेगा। एक तरफ किसानों की पैदावार पर संकट है तो दूसरी ओर मत्स्य पालन पर आश्रित लोगों की आजीविका खतरे में नजर आ रही है। ऐसे में मूसाखांड से अपनी आजीविका को चलाने वाला इन्द्रदेव से बारिश की दुहाई देता नजर आ रहा है। पर्याप्त बारिश हुई तो एक तरफ जहां किसानों की फसल बच जाएगी तो दूसरी ओर मछुआ समाज की आजीविका संकट से काफी हद तक बाहर होगी। अब सबकुछ बारिश पर पूरी तरह से निर्भर है। बारिश कई हजार परिवारों की आजीविका को आगे आने वाले दिनों में निर्धारित करेगी। साथ ही मूसाखांड की सुंदरता में निखार भी बारिश के इंतजार में टकटकी लगाए हुए है।

Photo & Report Credit Saddam

Health: बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान के लिए डा. विवेक सिंह को मिला सम्मान

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से सम्मान प्राप्त करते डा. विवेक सिंह।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से सम्मान प्राप्त करते डा. विवेक सिंह।

Chandauli News: निजी क्षेत्र में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने वाले हरिओम अस्पताल के प्रबंधक डा. विवेक सिंह को गत दिनों लखनऊ में आयोजित हेल्थ कान्क्लेव में सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान सूबे के डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक द्वारा प्रदान किया गया। इससे जहां बेहतर चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में जुटे हरिओम अस्पताल के चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी गदगद नजर आए। वहीं अन्य निजी अस्पताल के संचालकों को भी बेहतर सेवाएं मरीजों तक पहुंचाने की प्रेरणा मिलेगी।
बताते हैं कि डा. विवेक सिंह नियमित तौर पर हेल्थ कैम्प के जरिए मरीजों तक अपनी पहुंच बनाने का प्रयास करते हैं। उनके इस प्रयास से गांव के जरूरतमंद व गरीब तबके के लोगों को न केवल चिकित्सा जांच व परामर्श मिलता है, बल्कि निःशुल्क दवाएं भी इन कैम्पों में दी जाती है जो गरीबों के लिए बड़ा सहारा है। तमाम अवसरों पर उनके द्वारा हास्पिटल स्टाफ के सहयोग से कैम्प लगाया जाता है। डा. विवेक बताते हैं कि निजी अस्पताल संचालित करने के पीछे मंशा यह है कि चंदौली सहित आसपास के लोगों को न्यूनतम खर्च पर बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं। वहीं गरीबों व जरूरतमंदों को तमाम सरकारी योजनाओं से आच्छादित करते हुए निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं दी जाए। इस कार्य में हास्पिटल स्टाल का सहयोग निरंतर प्राप्त होता है, जो सराहनीय है। सम्मान मिलने से अच्छा करने का हौसला बढ़ता है।

Chandauli
overcast clouds
33.7 ° C
33.7 °
33.7 °
52 %
4.8kmh
100 %
Mon
34 °
Tue
34 °
Wed
36 °
Thu
36 °
Fri
36 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights