चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। विभिन्न थाना क्षेत्रों से अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे लोगों ने एसपी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। एसपी ने सभी आवेदकों को उनकी शिकायतों के न्यायोचित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान कुल 14 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र के संबंध में संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि मामले की जांच कर गुण-दोष के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी आकाश पटेल ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर उन्हें न्याय दिलाना चंदौली पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों और फरियादियों के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार करने को कहा। साथ ही उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

