चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर ऑपरेशन वज्रपात के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर समाज में भय, आतंक और असुरक्षा का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ जनपद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियान के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय ऐसे 64 गैंगों को चिन्हित किया गया। जो अपने प्रभाव का प्रदर्शन कर युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करने तथा क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे थे। इन गैंगों और उनके सदस्यों की गतिविधियों की गहन जांच के बाद उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।ऑपरेशन वज्रपात में अब तक 49 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। जिनमें 87 नामजद व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। कार्रवाई के क्रम में चार आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस उनके सोशल मीडिया अकाउंट, आपराधिक इतिहास और गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भय और आतंक का वातावरण बनाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

