चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शनिवार को कर्तव्यों के प्रति अनुशासनहीनता एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में सदर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने बताया कि एक आवेदक ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 20 मई को शाम करीब चार बजे कुछ लोगों द्वारा उनका मोबाइल फोन झपट लिया गया था।
पीड़ित द्वारा सूचना देने के बावजूद उपनिरीक्षक संजय कुमार ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचना देने तथा एफआईआर दर्ज कराने के बजाय आवेदक पर दबाव बनाया कि वह चोरी या छिनैती की बात न कहकर केवल मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें पुलिस लाइन से संबद्ध किया गया है।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों पर समय से कानूनी कार्रवाई न करना और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की छवि खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

