चकिया। कोतवाली क्षेत्र के मगरौर गांव स्थित कर्मनाशा नदी में नहाने के दौरान 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से किशोर को नदी से बाहर निकलवाकर जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामप्रवेश मौर्य पुत्र मोती मौर्य निवासी शिवरामपुर थाना चांद जनपद कैमूर (बिहार) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपनी मां चंचला देवी के साथ पिछले कई वर्षों से मगरौर गांव के समीप स्थित मंदिर परिसर में रह रहा था। परिवार मंदिर परिसर के आसपास रहकर जीवन यापन करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार शाम रामप्रवेश मंदिर के पास स्थित कर्मनाशा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सोमवार सुबह ग्राम प्रधान ओमप्रकाश साहनी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से किशोर को बाहर निकलवाकर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि नदी का वह हिस्सा काफी गहरा है और वहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

