चंदौली। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश के साथ जनपद में 28 और 29 अक्टूबर को खराब मौसम की आशंका जताई गई है। इस दौरान कई हिस्सों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश हो सकती है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतने और जन-धन की सुरक्षा के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
राहत आयुक्त कार्यालय की एडवाइजरी के अनुसार जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने के साथ संबंधित उपजिलाधिकारियों तहसीलदारों तथा पुलिस स्वास्थ्य और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। वही कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को तैयार फसलों की शीघ्र कटाई करने तथा कटी फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित एवं ढके स्थानों पर रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही जर्जर और असुरक्षित मकानों में रहने वाले लोगों को चिह्नित कर सुरक्षित स्थानों या राहत शिविरों में पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक बाहर नहीं निकलने, खुले मैदानों, खेतों, जलभराव वाले क्षेत्रों और ऊंचे पेड़ों के नीचे आश्रय नहीं लेने की अपील की है। साथ ही दामिनी एप डाउनलोड कर मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने को कहा गया है। किसी भी प्रकार की जनहानि पशुहानि या फसल क्षति होने पर तत्काल राहत उपलब्ध कराने और नुकसान का आकलन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

