तीन युवतियों और दो संचालिकाओं समेत सात युवक पकड़े गए, मौके से भारी मात्रा में कंडोम बरामद
चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल के समीप सोमवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने कथित अनैतिक देह व्यापार के अड्डे पर छापेमारी की। सीओ सदर नामेंद्र रावत और कोतवाली प्रभारी त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों, दो संचालिकाओं और सात युवकों समेत कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया। मौके से भारी मात्रा में कंडोम बरामद होने की बात भी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के समीप लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में सोमवार की देर रात पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस की अचानक कार्रवाई से वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। इसके बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की। पुलिस की इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। जिला अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थान के समीप इस तरह की गतिविधियों के संचालित होने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

