चंदौली। जिला मुख्यालय के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर बढ़ता अतिक्रमण अब आमजन के लिए बड़ी मुसीबत बनता जा रहा है। चाँदनी मार्केट से लेकर माला-फूल मंडी और शंकर मोड़ तक दुकानदारों द्वारा सड़क की पटरियों पर सामान फैलाकर कब्जा किए जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि बाजार की सड़कों की चौड़ाई आधी रह गई है। इससे पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
बाजार में कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सड़क तक सामान सजा देते हैं। वहीं ठेले-खोमचे वालों के सड़क किनारे खड़े होने से आवागमन के लिए जगह कम पड़ जाती है। माला-फूल मंडी से शंकर मोड़ तक स्थिति अधिक गंभीर बनी हुई है। यहां अक्सर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी जाम में फंसकर परेशानी उठानी पड़ती है।वहीं बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों के सामने पार्किंग की समस्या भी गंभीर है। दुकानों के बाहर सामान और ठेले लगे होने से वाहन खड़ा करने के लिए जगह नहीं मिलती। ऐसे में लोग मजबूरी में सड़क पर ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या और बढ़ जाती है।गौरतलब है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और नगर पालिका की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है। अभियान के दौरान सड़क और पटरियों को खाली कराया जाता है। लेकिन कुछ दिनों बाद ही दुकानदार फिर से कब्जा जमा लेते हैं। ऐसे में अभियान का असर स्थायी नहीं हो पा रहा है। नगरवासियों का कहना है कि अतिक्रमण के खिलाफ नियमित कार्रवाई के साथ ही पार्किंग की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि बाजार में आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सके।

