वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की जगी उम्मीद, बरसात में जलभराव और गंदगी से मिलेगी नगरवासियों को राहत
चंदौली। नगर पंचायत के लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य सेक्टर योजना के अंतर्गत 408.30 लाख रुपये की लागत से नगर पंचायत के मुख्य नाले का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए विधायक ने क्षेत्रीय जनता की मौजूदगी में विधिवत शिलान्यास किया। लंबे समय से मुख्य नाले के निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे नगरवासियों में इस कार्य को लेकर खुशी देखने को मिली।
नाले का निर्माण पूरा होने के बाद बरसात के मौसम में जलनिकासी की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। अभी तक समुचित जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान कई स्थानों पर पानी जमा होने और गंदगी फैलने की समस्या बनी रहती थी। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन सहित कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मुख्य नाले के निर्माण से जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होगी और नगर क्षेत्र को स्वच्छ रखने में भी मदद मिलेगी। नगरवासियों ने इस कार्य को वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में बड़ा कदम बताया। नगरवासियों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा होगा, जिससे उन्हें लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से स्थायी राहत मिल सकेगी। इस दौरान सभासद विजय जायसवाल, उपेंद्र तिवारी, जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, ओमप्रकाश सिंह,सुदर्शन सिंह, विवेक सिंह, राजीव अग्रहरि, संजय अग्रहरि, विजय सिंह, राजबहादुर सिंह, आदि मौजूद रहे।

