छह दिसंबर को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए किया संबोधित
Young Writer, चंदौली। भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर आगामी 6 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बहुजन समाज पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को चकिया स्थित ठाकुरबाड़ी में बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इस मौके पर वाराणसी के मंडल प्रभारी घनश्याम प्रधान ने कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान भी किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबा साहब के परिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। छह दिसंबर का दिन बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संघर्ष, विचारों और सामाजिक परिवर्तन के लिए किए गए कार्यों को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने का संदेश दिया। कहा कि बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके बताए मार्ग पर चलना समाज के लिए महत्वपूर्ण है। शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में बाबा साहब का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने चकिया विधानसभा क्षेत्र के बसपा कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी करने तथा गांव-गांव तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में सहभागिता को लेकर संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का आह्वान किया।

