अराजकतत्वों पर रहेगी पैनी नजर नवरात्रि व दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट
चंदौली। आगामी शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चंदौली पुलिस अलर्ट मोड में है। रविवार की रात सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने नगर क्षेत्र में पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दुर्गा पूजा के लिए बनाए जा रहे विभिन्न पंडालों का निरीक्षण किया और आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कोतवाल ने पंडाल संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पंडालों में अग्निशमन यंत्र और सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य है। ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही पंडालों में सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के उचित इंतजाम करने पर भी जोर दिया।कोतवाल ने आयोजकों और नगरवासियों से अपील की कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा का त्योहार पारंपरिक ढंग से आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से नगर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। अराजकतत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पैदल गश्त के माध्यम से पुलिस ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ ही त्योहार के दौरान सतर्क रहने का संदेश भी दिया। इस दौरान कस्बा क्राइम प्रभारी दुर्गेश यादव, कस्बा इंचार्ज अरुण कश्यप, धीरेंद्र यादव अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

