चंदौली। वोट चोरी के आरोप और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पंडित कमला पति त्रिपाठी पार्क में जुटे। यहां से कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया।

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। पुतला छीनने के प्रयास के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसी दौरान पुतला छीनने का प्रयास कर रहे कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय समेत तीन पुलिसकर्मी आग की चपेट में आ गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों को तत्काल आग से दूर किया गया।

प्रदर्शन के दौरान सपा और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में सवाल खड़े हो रहे हैं। नेताओं ने वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद धरनास्थल पर सपा नेताओं ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित वोट चोरी के मामलों की जांच कराने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई गई। इस दौरान सपा संसद वीरेंद्र सिंह, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव सिंह यादव, पूर्व सांसद रामकिशुन, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लु, पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव, नगर अध्यक्ष सुनील यादव गुड्डू, कांग्रेस महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना, योगेश यादव, चकरु, जमील अहमद, परवेज़ अहमद जोखू आदि मौजूद रहे।

