चंदौली। अधिवक्ता हितों के लिए निरंतर संघर्षरत और जिला न्यायालय निर्माण संघर्ष के नायक झन्मेजय सिंह को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने पाती लिखी है। सीएम ने अपने प्रशंसा पत्र में अधिवक्ता झन्मेजय सिंह व पूर्व अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह के कार्य और योगदान की सराहना की। साथ ही अधिवक्ताओं को न्यायपालिका और आम नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए संविधान की रक्षा, नागरिक अधिकारों की सुरक्षा तथा समाज में विधि के शासन को सुनिश्चित करने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री पत्र के जरिए अवगत कराया कि अधिवक्ता कल्याण निधि को 1.50 लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये किया गया है। इसके साथ ही सहायता की अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष की गई है। अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा नए न्यायालय भवनों, अधिवक्ता चैंबर एवं मल्टीलेवल पार्किंग जैसी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में अधिवक्ताओं से सक्रिय भागीदारी निभाने तथा आम नागरिकों को सरकार के सकारात्मक बदलावों से अवगत कराने की अपेक्षा जताई। इसके अलावा सुल्तान अहमद, डा. बिरेन्द्र प्रताप सिंह, आशुतोष कुमार मिश्रा, अजय कुमार मौर्य, उमाशंकर, बृजेश कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, उपेंद्र सिंह, श्याम सुंदर आदि अधिवक्ताओं को भी मुख्यमंत्री की ओर से प्रशंसा पत्र भेजा गया।

