चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। दूसरे युवक का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
बताते हैं कि फगुईया गांव निवासी जितेंद्र गुप्ता के पुत्र प्रवीण कुमार गुप्ता उर्फ शिव (19) और अनिल गुप्ता के पुत्र अनुराग गुप्ता (18) बाइक से वाराणसी दुर्गा पूजा देखने जा रहे थे। इसी दौरान चंदौली मझवार स्टेशन के नवनिर्मित ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां शिव कुमार गुप्ता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अनुराग गुप्ता का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। त्योहार के दौरान शिव कुमार की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक का माहौल छा गया। बताया गया कि परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शिव कुमार के शव को घर ले गए।

