चंदौली। पुलिस अधीक्षक द्वारा कस्बा इंचार्ज वीरेंद्र कुमार यादव के निलंबन के बाद भी कस्बे में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ताजा मामले में कचहरी परिसर के सामने पुलिया के पास से अधिवक्ता सुनील कुमार दुबे एडवोकेट,पुत्र हरिशंकर दुबे की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यू.पी. 61 ए.क्यू. 7155) अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सिविल बार एसोसिएशन ने इस घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। एसोसिएशन का कहना है कि कचहरी जैसे संवेदनशील क्षेत्र से लगातार बाइक चोरी की घटनाएं हो रही हैं। लेकिन कोतवाली पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की शिथिल कार्यशैली के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। और आम नागरिकों के साथ-साथ अधिवक्ताओं की सुरक्षा भी सवालों के घेरे में है। बार एसोसिएशन ने मांग की है कि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर बाइक बरामद की जाए तथा कचहरी परिसर और आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस बाबत सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने बताया कि अधिवक्ता की बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच की जा रही है। और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

