चंदौली। आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ताजियादारों और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
बैठक में ताजियादारों ने जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं को उठाया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन मुहर्रम के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

कहा कि मोहर्रम पर्व पर निकलने वाले सभी ताजिया जुलूस पूर्व निर्धारित एवं परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएंगे। बिना अनुमति किसी नए मार्ग अथवा नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा अथवा दुर्घटना की संभावना न रहे। साथ ही जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मुहर्रम का पर्व सामाजिक समरसता और अनुशासन का संदेश देता है। इसलिए सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और परंपराओं का पालन करते हुए कार्यक्रमों का आयोजन करें। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने ताजियादारों को अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए जिससे गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी करेगी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, एसडीएम बिजय कुमार त्रिवेदी, सीओ सदर देवेंद्र कुमार, अरुण कुमार सिंह, सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय, तजियादार अबरार अली, जावेद अख्तर, पप्पू हाशमी, नेहाल संसारी कामरान अंसारी बाबू हसन, अनीस अहमद, सैकड़ों ताजियादार मौजूद रहे।

