चंदौली। सदर तहसील सभागार में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में वादों के निस्तारण को लेकर न्यायिक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों की ओर से आवश्यक तैयारियां की गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति तेज प्रताप तिवारी ने वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित किया।
उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए मार्गदर्शन देते हुए अधिक से अधिक वादों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर मामलों के निस्तारण पर जोर दिया। इस दौरान जनपद के कार्यकारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली अशोक कुमार सहित जनपद के समस्त न्यायाधीश मौजूद रहे। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके अलावा विभिन्न बैंकों के अधिकारी, अधिवक्तागण तथा बड़ी संख्या में वादकारी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों को आपसी सहमति और सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित करने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित एवं सरल समाधान का प्रभावी माध्यम है। इससे वादकारियों को समय और धन की बचत के साथ न्याय प्राप्त करने में सुविधा मिलती है।

