चंदौली। सेवा संकल्प अभियान के तहत सदर ब्लॉक परिसर में सोमवार को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, लाभार्थी और स्थानीय लोग पहुंचे। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सदर संजय सिंह ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ती है। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। इसके साथ ब्लाक परिसर में अन्नप्राशन और गोद भराई की रस्म भी कराई गई। विभिन्न विभागों की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को ट्राई साइकिल वितरित की गई। ट्राई साइकिल पाकर दिव्यांग लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान बीडीओ शशिकांत पांडेय, अशोक सिंह, चंदन प्रधान, अवधेश प्रधान, हीरा लाल, जय प्रकाश, धनंजय, आलोक सिंह,आदि मौजूद रहे।

