चंदौली। जनपद में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को नौगढ़ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कौवाघाट पुल के पास छापेमारी करते हुए एक मोटरसाइकिल से परिवहन किए जा रहे 32.100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस दौरान दो शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुलायम यादव निवासी भभुआ, बिहार और बलवन्त यादव उर्फ गुल्लू यादव निवासी चंदौली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रिश्तेदार हैं। और बिहार से सस्ते दाम पर गांजा खरीदकर चंदौली मिर्जापुर और सोनभद्र में पुड़िया बनाकर बेचते थे। इसी से वे अपना जीवन यापन करते थे। इस मामले में थाना नौगढ़ में मुकदमा संख्या 46/26, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित पुलिस टीम मौजूद रही।

