चंदौली मुख्यालय स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र में लगे 10 एमवीए क्षमता के तीन ट्रांसफार्मरों में से एक में तकनीकी खराबी आ गई है। इसके चलते करीब 50 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। तकनीक खराबी के कारण ग्रामीण उपभोक्ताओं को फिलहाल निर्धारित 18 घंटे की बजाय लगभग 12 घंटे ही बिजली मिल सकेगी।
अवर अभियंता विद्युत प्रमोद यादव ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी समस्या को देखते हुए आपूर्ति व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। अगले तीन दिनों तक प्रभावित गांवों में बिजली की सप्लाई रूरल फीडरों के माध्यम से बारी-बारी से दी जाएगी। विभाग का प्रयास है कि उपलब्ध क्षमता के अनुसार सभी गांवों को निर्धारित समय पर बिजली उपलब्ध कराई जा सके। इस व्यवस्था के तहत एक फीडर क्षेत्र में आपूर्ति बंद रहने के दौरान दूसरे फीडर से जुड़े गांवों को बिजली दी जाएगी। इससे सीमित संसाधनों के बावजूद अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी। बताया कि 10 एमवीए के तीन ट्रांसफार्मरों में से एक में तकनीकी खराबी आई है। इसे ठीक कराने की प्रक्रिया चल रही है। सभी उपभोक्ता तीन दिनों तक विभाग की अस्थायी आपूर्ति व्यवस्था में सहयोग करें खराबी दूर होने के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएंगी।

