चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के नरहन-कोनिया मार्ग पर शनिवार की देर रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं दो युवकों की मौत से आक्रोशित हो गए और चालक के गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
बताते हैं कि बाइक पर तीन युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान नरहन-कोनिया मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से तीनों हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि अशोक राजभर (20) और नथुनी (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जित्तु (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। उधर, हादसे में दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इस बाबत सीओ सदर नामवेंद्र रावत ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवक की मौत हो गई है और य एक युवक घायल हो गया है जिसको इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है शव को कब्जे में कर विधि कार्रवाई की जा रही है।

