39.9 C
Chandauli
Friday, June 19, 2026

Buy now

भाजपा सरकार में त्राहि-त्राहि कर रही प्रदेश की जनता: मनोज सिंह डब्लू

- Advertisement -


जनहित के मुद्दों को लेकर सपाइयों ने सरकार पर जमकर साधा निशाना
चंदौली। जनहित के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी शुक्रवार को सड़क पर नजर आई। इस दौरान सपाइयों ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू की अगुवाई में बिछियां धरनास्थल पर धरना दिया। धरने में पूर्व सांसद रामकिशुन यादव समेत तमाम दिग्गज सपाइयों ने किसानों को मुद्दे को मजबूती से उठाया और आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसान, नौजवान व महिलाएं उपेक्षित हैं। धरने के बाद पांच सूत्रीय मांग लेकर सपाई कलेक्ट्रेट कूच कर गए। इस दौरान पुलिस ने सपाइयों को रोकने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन सपाइयों का उत्साह पुलिस बैरिकेड पर भारी पड़ा। सारी बंदिशों को तोड़कर सपाई पूर्व सांसद रामकिशुन की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम को मांगो से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। क्योंकि किसानों को न तो बिजली-पानी मिल रही है और ना ही उन्हें खाद उपलब्ध हो पा रहा है। सड़कें गड्ढ़ों में तब्दील हो गयी है। आरोप लगाया कि मिट्टी बेचकर गड़ई नदी की खुदाई कराई जा रही है। सड़कें चौड़ी हो रही है और गड़ई नदी को पाटा जा रहा है। इससे बाढ़ का खतरा बढ़ेगा और किसानों की फसलें बर्बाद होंगी। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि देश कानून और संविधान से चलता है, लेकिन भाजपा सरकार खुद कानूनों का उल्लंघन कर रही है। जल निगम की पानी टंकियों पर रखे गए आपरेटरों को न्यूनतम मजदूरी से वंचित रखा जा रहा है। जबकि कानून यह कहना है कि किसी भी काम के लिए न्यूनतम मजदूरी 423 से कम नहीं होनी चाहिए। 12 साल की उपलब्धियां गिना रही भाजपा सरकार जनता को यह बताए कि बीते नौ साल में एक भी पावर हाउस की स्थापना क्यों नहीं हुई? किसानों की बात करने वाली सरकार एक भी पम्प कैनाल क्यों नहीं बना पायी? हालात यह है कि भाजपा सरकार में नाली-खड़ंजा तक का निर्माण नहीं हो पा रहा है। गंगा कटान की परियोजनाओं में भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि प्रचण्ड गर्मी में नहरें सूखी पड़ी है। किसान पानी के अभाव में धान की नर्सरी डालने से अब तक वंचित है। बावजूद इसके चंदौली का जिला प्रशासन उदासीन व शिथिल बना हुआ है।

सपा प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने कहा कि गड़ई नदी में खुदाई में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। सरकारी अस्पतालों में लोगों के लिए दवाएं नहीं है। स्मार्टमीटर के जरिए गरीब आवाम का आर्थिक शोषण हो रहा है। सपा सरकार में स्वीकृत अमड़ा विद्युत उपकेंद्र को भाजपा सरकार अब तक बनवा नहीं पाई। चेताया कि यदि जनता को ऐसे भी परेशान किया गया तो यही जनता भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगी। अंत में सपाइयों ने जनहित के मांगों लेकर बिछियां धरनास्थल से पैदल मार्च किया और कलेक्ट्रेट को कूच कर गए। यह देख वहां मौजूद पुलिस फोर्स ने सपाइयों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन सपाइयों ने पुलिस घेरबंदी को तोड़ने हुए पूर्व सांसद रामकिशुन की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनहित से जुड़े मुद्दों को रखा और उसे पूरा करने की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायन राजभर, चंद्रशेखर यादव, नफीस अहमद, बिरेंद्र बिंद, मुसाफिर चौहान, दिलीप पासवान, जगमेंद्र यादव, जानकी यादव, छाया देवी, बलिराम यादव, रमेश यादव, महेंद्र माही, अंजनी सिंह, दयाराम यादव, रामप्रवेश खरवार, गुड्डू सिंह, रामभवन मौर्या, अजय मौर्या, विनोद शर्मा, सलगू चौधरी, सुदामा यादव आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता रामजन्म यादव व संचालन संतोष उपाध्याय ने किया।

Related Articles

Election - 2024

Latest Articles

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights